- Hindi News
- Local
- Mp
- Sagar
- Four Years Later, When The Decision Date Arrived, Three Files Related To The Land Dispute Disappeared. The Reader Said, "SDM Madam Took Them Away."
सागर28 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एसडीएम कोर्ट सागर से जमीनी विवाद की तीन महत्वपूर्ण फाइलें रहस्यमयी तरीके से गायब हो गईं। करीब चार साल से आवेदक न्याय की आस में सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर सिर्फ लीपापोती चल रही है।
14 नवंबर 2022 को आदेश जारी होना था, लेकिन फैसला सुनाने के बजाय पूरी फाइलें ही गायब कर दी गईं। नोटिस मिलने पर तत्कालीन रीडर ने लिखित जवाब में खुलासा किया कि फाइलें तत्कालीन एसडीएम सपना त्रिपाठी के केबिन में रखी गई थीं, जो मांगने पर भी वापस नहीं मिलीं।
बामनखेड़ी, उदयपुरा और कनेरादेव क्षेत्र के राजस्व प्रकरणों में फाइलें न मिलने पर आवेदकों ने अपर कलेक्टर से शिकायत की थी। इसके बाद अपर कलेक्टर ने फाइल तलाशने के लिए जांच शुरू कराई, लेकिन जांच वाली फाइल भी गुमा दी गईं।
क्या है मामला: सागर एसडीएम कोर्ट में जमीनी विवाद की 3 अपीलों पर फैसला सुनाया जाना था। आदेश जारी होने के बजाय तीनों फाइलें कोर्ट से ही गायब हो गईं। पिछले 4 साल से आवेदक फाइलें ढूंढ रहे हैं।
मामले में जब तत्कालीन रीडर कमलेश अहिरवार को कारण बताओ नोटिस दिया, तो उसने लिखित जवाब में कहा कि आदेश टाइप होने के बाद तीनों फाइलें तत्कालीन एसडीएम सपना त्रिपाठी के केबिन में रखी गई थीं। इसी दौरान मेरा तबादला हो गया। मैंने दो-चार बार फाइलें वापस मांगीं, जो मुझे आज तक नहीं मिलीं।
3 बड़े सवाल : आखिर जवाबदेही किसकी?
▪️सरकारी रिकॉर्ड गायब होना अपराध क्यों नहीं? कोर्ट रिकॉर्ड की सुरक्षा पीठासीन अधिकारी और स्टाफ की जिम्मेदारी होती है। फाइल का अचानक गायब हो जाना गंभीर अपराध है फिर भी एफआईआर दर्ज क्यों नहीं हुई? ▪️क्या फैसले को रोकने के लिए फाइलें दबाई गईं? आवेदकों का आरोप है कि दूसरी पार्टी को फायदा पहुंचाने या न्याय रोकने के लिए साठगांठ के तहत फाइलें गायब की गई हैं। ▪️आम जनता का भरोसा कैसे रहेगा? जब एसडीएम कोर्ट में ही फाइलें सुरक्षित नहीं हैं तो आम आदमी न्याय की उम्मीद किससे करे?
फाइलें नहीं मिली अब अपील में जाएंगे
तीनों प्रकरणों से संबंधित फाइलें ढूंढने के लिए एडीएम के आदेश पर जो जांच चल रही थी। वह जांच की फाइल भी एसडीएम अॉफिस के कर्मचारियों ने गुमा दी है। अब जांच की फाइल तलाशने के लिए एडीएम कोर्ट में अपील दायर करेंगे।' - श्रीकांत खत्री, अधिवक्ता व आवेदक
मेरे पास जानकारी आई थी कि एसडीएम कोर्ट से फाइल गुम हो गई है। अधिवक्ता ने कलेक्ट्रेट में आवेदन दिया था। मैंने एसडीएम को फाइल ढूंढने के लिए पत्र लिखा है।' - अविनाश रावत, अपर कलेक्टर, सागर
.