दिल्ली में प्रदूषण पर सख्ती... 31 अक्टूबर तक साफ होंगी सड़कें, MCD को CAQM का अल्टीमेटम

Published on 12 अक्टू॰ 2026

दिल्ली-NCR में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को 31 अक्टूबर तक का समय दिया है. CAQM ने MCD को दिल्ली की सड़कों, फुटपाथों, डिवाइडरों और खुले इलाकों में जमा धूल, कचरे और मलबे को हटाने के निर्देश दिए हैं. साथ ही, धूल नियंत्रण के निर्धारित उपायों को लागू करने में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों और अधिकारियों के खिलाफ अभियोजन समेत उचित कार्रवाई की चेतावनी दी है.

CAQM के चेयरपर्सन राजेश वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को MCD के सभी 12 जोन में सड़क की सफाई और धूल नियंत्रण के लिए कार्रवाई की गई. साथ ही आगामी तैयारियों की समीक्षा की गई. यह सुनवाई 3 अक्टूबर को किए गए निरीक्षण के बाद आयोजित की गई. निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग (PWD) के रखरखाव वाली और MCD द्वारा साफ की जाने वाली सड़कों के कुछ हिस्सों पर काफी मात्रा में धूल और निर्माण मलबा जमा मिला था. इसके बाद आयोग ने 7 अक्टूबर को नोटिस जारी कर MCD आयुक्त और संबंधित जोन के उपायुक्तों से जवाब मांगा था.

सफाई और पानी के छिड़काव पर जोर

सुनवाई के दौरान MCD के सभी 12 जोन के उपायुक्तों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई अभियान, धूल नियंत्रण के उपायों, नियमों के उल्लंघन पर की गई कार्रवाई और आगे की तैयारियों का ब्योरा पेश किया. इनमें मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों से सड़कों की सफाई, पानी का छिड़काव, रोड वॉशिंग और प्रदूषण के हॉटस्पॉट पर विशेष डीप क्लीनिंग अभियान शामिल हैं.

इसके अलावा सड़कों के किनारे, फुटपाथों, डिवाइडरों, कर्ब स्टोन और अन्य धूल प्रभावित स्थानों से जमा धूल, गाद, कचरा और मलबा हटाने के उपाय भी प्रस्तुत किए गए. सफाई के लिए मैकेनिकल रोड स्वीपिंग मशीनों, पानी के टैंकरों, स्प्रिंकलर, एंटी-स्मॉग गन, जेटिंग मशीनों और विशेष सफाई टीमों की तैनाती की जानकारी दी गई.

टूटी सड़कों और धूल वाले स्थानों पर भी कार्रवाई

CAQM की समीक्षा में गड्ढों की मरम्मत, क्षतिग्रस्त सड़कों को ठीक करने, कच्चे हिस्सों को पक्का करने और धूल प्रभावित क्षेत्रों में हरियाली विकसित करने जैसे उपाय भी शामिल रहे. सर्दियों में प्रदूषण की चुनौती को देखते हुए विशेष सफाई अभियान, प्रदूषण हॉटस्पॉट पर केंद्रित कार्रवाई और निर्माण मलबा संग्रह केंद्रों के बेहतर प्रबंधन पर जोर दिया गया.

आयोग ने खुले में कचरा जलाने, अनुचित तरीके से कचरा फेंकने और प्रदूषण फैलाने वाली अन्य गतिविधियों पर निगरानी एवं कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए. साथ ही PWD, DDA, दिल्ली जल बोर्ड, रेलवे और अन्य संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बढ़ाने को कहा, ताकि धूल पैदा करने वाली गतिविधियों और बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जा सके.

12 जोन की तैयारियों की समीक्षा

समीक्षा में नरेला, पुरानी दिल्ली, सिविल लाइंस, रोहिणी, केशवपुरम, करोल बाग, दक्षिण, दक्षिण-पूर्व, नजफगढ़, पश्चिम, शाहदरा दक्षिण और शाहदरा उत्तर जोन शामिल रहे. CAQM ने सभी जोन के उपायुक्तों को निर्देश दिया कि सफाई मशीनों और कर्मचारियों का काम की वास्तविक जरूरत के अनुसार प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित किया जाए. जहां आवश्यकता हो, वहां मशीनरी और सफाई संसाधनों को बढ़ाया जाए। नियमित सफाई, जमा धूल और मलबे को समय पर हटाने, क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत और जमीनी स्तर पर निगरानी को प्राथमिकता दी जाए.

जीतेन्द्र भाटी

जीतेन्द्र भाटी

करीब डेढ़ दशक से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में पॉलिटिक्स, क्राइम, सामाजिक और मानवीय मुद्दों पर रिपोर्टिंग. BAG Films की नर्सरी से IBN7, आज़ाद न्यूज़, प्रज्ञा TV, 4 रियल न्यूज, Focus News और न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया होते हुए देश के सबसे बड़े न्यूज नेटवर्क TV9 भारतवर्ष में खबरों के बीच सफर जारी.

Read More

google button