पंजाब की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना: किशनपुरा और रब्बों नीची के 328 परिवारों को मिले प्रॉपर्टी कार्ड

Published on 14 अक्टू॰ 2026

October 14, 2026

पंजाब की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना: किशनपुरा और रब्बों नीची के 328 परिवारों को मिले प्रॉपर्टी कार्ड

लुधियाना: पंजाब सरकार की ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना के तहत हलका पायल के गांव किशनपुरा और रब्बों नीची के कुल 328 परिवारों को मालिकाना हक प्रदान किए गए। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के तहत आम आदमी पार्टी के विधायक इंजीनियर मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने गांव किशनपुरा में 128 परिवारों और गांव रब्बों नीची में 200 परिवारों को प्रॉपर्टी कार्ड सौंपे।

इस मौके पर विधायक मनविंदर सिंह ग्यासपुरा ने कहा कि देश की आजादी के बाद लंबे समय तक लाल लकीर के भीतर बने मकानों में रहने वाले परिवारों के मालिकाना हक का मुद्दा अनदेखा रहा। इन घरों में रहने वाले लोगों के पास अपने मकानों की मिल्कियत साबित करने के लिए जरूरी दस्तावेज नहीं होते थे। इस कारण उन्हें संपत्ति से संबंधित कई कार्यों में मुश्किलों का सामना करना पड़ता था।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने ऐसे परिवारों को मालिकाना हक दिलाने की दिशा में कदम उठाया है। इस योजना के माध्यम से लोगों को अपने घरों की मिल्कियत से संबंधित दस्तावेजी प्रमाण मिल रहे हैं।विधायक ग्यासपुरा ने कहा कि प्रॉपर्टी कार्ड मिलने से लाभार्थी परिवारों को अपने मकानों की मिल्कियत का दस्तावेजी प्रमाण मिलेगा। इससे वे बैंकों से संपत्ति के आधार पर कर्ज लेने और अन्य बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने के लिए आवेदन कर सकेंगे। हालांकि, इसके लिए संबंधित बैंक के नियमों और शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा।

उन्होंने कहा कि अपना घर हर परिवार के लिए जीवनभर की मेहनत और आर्थिक सुरक्षा का अहम हिस्सा होता है। मालिकाना हक से संबंधित दस्तावेज मिलने से परिवारों को अपने मकानों से जुड़े काम करवाने में सुविधा मिलेगी और संपत्ति संबंधी मामलों में उनका भरोसा भी बढ़ेगा।ग्यासपुरा ने कहा कि ‘मेरा घर मेरे नाम’ योजना का उद्देश्य लाल लकीर के भीतर लंबे समय से रह रहे परिवारों को उनके घरों के मालिकाना हक दिलाना है, ताकि वे भी संपत्ति से जुड़ी सुविधाओं का लाभ उठा सकें। 

उन्होंने कहा कि गांव किशनपुरा और रब्बों नीची के 328 परिवारों को प्रॉपर्टी कार्ड मिलने से उन्हें अपने घरों के संबंध में दस्तावेजी अधिकार प्राप्त हुए हैं। सरकार का प्रयास है कि ऐसे परिवारों को उनके घरों की मिल्कियत से संबंधित प्रमाण उपलब्ध करवाकर उन्हें विभिन्न सुविधाओं का लाभ लेने में मदद दी जाए।

📍 Location: लुधियाना (लुधियाना)