
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह.
केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने मुंबई में प्रेस कॉन्फ्रेंस में ऐलान किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से पूरे देश में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा. उन्होंने यह भी जानकारी दी कि यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने के लिए पूरे देश में लागू रहेगा. उन्होंने कहा कि हम सब जानते हैं कि 17 सितंबर को पीएम मोदी का का जन्मदिन है. पहले गुजरात में, फिर बाद में देशभर में भाजपा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक और कई जगह एक सप्ताह तक, सेवा सप्ताह के रूप में जन्मदिन मनाती थी.
अमित शाह ने कहा कि परन्तु इस वर्ष एक विशेष प्रयोजन है, क्योंकि एक लंबी संगठनात्मक कार्यविधि के बाद 7 अक्टूबर 2026 को मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री काल को 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं, और अभी पीएम मोदी का कार्यकाल चालू है तो इस देश में बहुत कम नेता ऐसे मिलते हैं, जो राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में और देश के प्रधानमंत्री के रूप में लगातार जनसेवा का रिकॉर्ड रखते हैं.
LIVE: HM Shri @AmitShah addresses a press conference on #SevaSankalpAbhiyan in Mumbai.https://t.co/E52gynTvBX
— BJP (@BJP4India) September 13, 2026
उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के शासन काल में नक्सलवाद, आतंकवाद और धारा 370 से देश को मुक्ति मिली. उन्होंने कहा कि अगर आतंकवादी हमलों में षड्यंत्र के तहत भारत की जनता या सेना हताहत होती है, तो करारा जवाब देने की मजबूत नीति से पूरे विश्व को हमने परिचय कराया.
शाह ने कहा किधारा 370, नक्सलवाद और नॉर्थ ईस्ट की समस्या… इन 12 वर्षों में ही तीनों नासूरों से देश को मुक्ति मिली. ढेर सारे राज्यों में UCC को इंट्रोड्यूज किया है, और हमें विश्वास है कि भाजपा-एनडीए शासित 21 राज्यों में हम 2029 से पहले UCC को इंट्रोड्यूज करेंगे.
भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद का हुआ खात्मा
उन्होंने कहा कि 2014 से 26 के राजनीतिक दौर में भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद समाप्त हुआ और politics of performance की दिशा में देश की जनता आगे बढ़ी है.
शाह ने कहा किपहली बार रीढ़ की हड्डी वाली विदेश नीति का परिचय देश की जनता को हुआ है. हमारी रक्षा नीति हो या विदेश नीति हो… इसका आधार भारत प्रथम है, भारत का हित हमारे लिए सर्वोपरि है. जो अर्थतंत्र फ्रेजाइल 5 में गिना जाता था, आज हम टॉप 5 में हैं. अभी-अभी पहली तिमाही के आंकड़े आए हैं, 7.8% की जीडीपी के साथ बड़े अर्थतंत्रों में हम टॉप पर हैं.
बूथ स्तर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान
उन्होंने कहा कि ये सेवा संकल्प अभियान पूरे राष्ट्र में चलेगा, राष्ट्र की हर प्रशासनिक इकाई, यानी राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में चलेगा. हर जिले में, हर लोकसभा, विधानसभा क्षेत्र में और बूथ तक सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से हम जनता तक पहुंचने वाले हैं.
शाह ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के तहत अलग-अलग प्रकार के कार्यक्रम होंगे- सेवा दिवस, मेरे सपनों का भारत चित्र, नमो सेवा की अनकही कहानियां, संगीतमय नाट्य प्रस्तुति, स्थानीय भाषाओं में, आंगन मिलन सेवा, सेवा की कहानी, सेवा ज्योति कलश यात्रा, वडनगर से वाराणसी तक सेवा यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, सेवा के रंग राष्ट्र के संग, सेवा फॉर इनोवेशन चैलेंज और सुशासन सेवा संवाद.
2047 तक विकासित भारत का लक्ष्य
शाह ने कहा कि जब से नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री बने, तब से उन्होंने अपने आप को प्रधान सेवक के रूप में लाल किले की प्राचीर से इस देश की जनता को परिचय कराया.
उन्होंने कहा कि संविधान दत्त शक्तियों का गरीब कल्याण के माध्यम से हर गरीब के जीवन स्तर को उठाने में प्रयोग करना, देश को एक प्रमुख अर्थतंत्र बनाने के लिए प्रयोग करना, देश को सुरक्षित करने के लिए उपयोग करना और देश की आंतरिक सुरक्षा सुचारू बनाकर दशकों तक पेंडिंग ढेर सारे नासूर बने मुद्दों का समाधान करना, 2047 तक भारत समग्र विश्व में हर क्षेत्र में सर्वप्रथम हो, ऐसे विकसित भारत की रचना करने का दृढ़ संकल्प जनता को दिलवाना. मैं मानता हूं, आजादी के बाद बहुत कम नेताओं ने इस प्रकार से देश का नेतृत्व किया है.
ये भी पढ़ें- अमित शाह ने तोड़ा आडवानी का रिकॉर्ड, सबसे लंबे समय तक गृहमंत्री बने रहने का बनाया रिकॉर्ड

शुभम पांडे