Geeta Colony building cracks: पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके में एक जर्जर 4 मंजिला इमारत के अचानक झुकने और उसमें बड़ी-बड़ी दरारें आने से इलाके में दहशत फैल गई. इमारत की हालत बिगड़ने के बाद एहतियात के तौर पर प्रशासन ने इसे तुरंत खाली करा दिया. सूचना मिलने के बाद पुलिस, नगर निगम और राहत दल मौके पर पहुंचे और इमारत में रहने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है.
मामला पूर्वी दिल्ली के गीता कॉलोनी इलाके का है, जहां अचानक एक इमारत का एक हिस्सा झुक गया. स्थानीय लोगों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बाद भवन की स्थिति और खराब हो गई. इमारत की दीवारों और अन्य हिस्सों में मोटी दरारें दिखाई देने लगीं, जिससे आसपास रहने वाले लोगों में डर का माहौल बन गया.
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह इमारत पिछले कई वर्षों से जर्जर हालत में थी. करीब सात से आठ साल से भवन की स्थिति ठीक नहीं थी, लेकिन बारिश के कारण इसकी हालत तेजी से बिगड़ गई. लोगों को आशंका थी कि अगर समय रहते कोई कदम नहीं उठाया गया तो बड़ा हादसा हो सकता है.
अचानक गिरा इमारत का हिस्सा, पड़ोसियों ने दी सूचना
स्थानीय लोगों के अनुसार, सोमवार रात अचानक इमारत का एक हिस्सा जमीन पर गिर गया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत पुलिस को सूचना दी. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम और राहत कर्मी मौके पर पहुंचे. उन्होंने बिना देरी किए इमारत में रह रहे लोगों को बाहर निकाला और इलाके को सुरक्षित किया.
घटना के बाद स्थानीय निगम पार्षद भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी.
एमसीडी ने इमारत को किया खतरनाक घोषित
इमारत की गंभीर स्थिति को देखते हुए दिल्ली नगर निगम (MCD) ने भवन पर नोटिस चस्पा कर दिया है. प्रशासन ने इसे खतरनाक घोषित करते हुए लोगों को अंदर जाने से रोक दिया है. फिलहाल इमारत की तकनीकी जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी.
आसपास के लोगों में बनी हुई है चिंता
स्थानीय निवासी ने बताया कि इमारत की हालत लंबे समय से खराब थी. बारिश के बाद इसमें दरारें और बढ़ गईं, जिससे लोगों में डर पैदा हो गया. उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इलाके की सभी जर्जर इमारतों की जांच कर समय रहते जरूरी कदम उठाए जाएं. फिलहाल प्रशासन की टीम इलाके की लगातार निगरानी कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि लोगों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं स्थानीय लोगों की मांग है कि जर्जर इमारत को लेकर जल्द फैसला लिया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके.

अंशुमन यादव
अंशुमन यादव के पास पत्रकारिता की दुनिया में दो दशक का अनुभव है. ज़मीनी रिपोर्टिंग से लेकर ब्रेकिंग न्यूज़ तक कवर करने में सक्षम. बरेली रुहेलखंड यूनिवर्सिटी से वर्ष 2005 में मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी करने के बाद साल 2009 में सहारा समय न्यूज़ चैनल से पत्रकारिता की शुरुआत की. लगभग छह वर्षों तक सहारा समय में सक्रिय भूमिका निभाने के बाद, वर्ष 2016 में इंडिया वॉयस न्यूज़ चैनल और फिर 2017 में देशबंधु ख़बर में अपनी सेवाएं दीं. साल 2019 से देश के प्रतिष्ठित न्यूज़ चैनल TV9 भारतवर्ष में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर कार्यरत.
Read More