डिमांड ज्यादा, सप्लाई कम: त्योहारी सीजन के लिए अभी 4 हजार 4 पहिया और 15 हजार दोपहिया वाहनों की प्री-बुकिंग - Raipur News

Published on 6 अक्टू॰ 2026

नवरात्रि, दशहरा और दिवाली के पहले ही ऑटोमोबाइल बाजार में बड़ा उछाल आया है। इन त्योहारों में गाड़ियो‌ं की डिलिवरी के लिए अभी 19 हजार से ज्यादा गाड़ियों की प्री बुकिंग हो चुकी है। इसमें 4 हजार चारपहिया और 15000 दोपहिया वाहन हैं। कुछ खास मॉडलों में जो लोग

.

  • त्योहार में गाड़ी चाहिए तो अभी बुकिंग, नहीं तो 2 माह का इंतजार

त्योहारों की प्री बुकिंग लगातार बढ़ने की वजह से सभी ऑटोमोबाइल वालों का कहना है कि जो गाड़ी अभी आसानी से मिल रही है वो त्योहार के समय नहीं मिलेगी। बुकिंग ज्यादा होने की वजह से डीलरों ने कंपनी में ऑर्डर भी बढ़ा दिए हैं। लेकिन देशभर में गाड़ियों की डिमांड ज्यादा होने की वजह से सभी कंपनियां एक लिमिट में ही गाड़ियों की सप्लाई करेगी। इस वजह से इस बार प्री बुकिंग का आंकड़ा लगातार बढ़ रहा है।

कारों की प्री बुकिंग से ही आएंगे 240 करोड़

कारों की प्री-बुकिंग से ही 240 करोड़ से ज्यादा की रकम बाजार में आएगी। बुकिंग के हिसाब से एक कार की औसतन कीमत 6 लाख माना जाए तो अभी कीमत इससे भी ज्यादा होती है। लोग अपनी पसंद के मॉडल, खास वैरिएंट और मनपसंद रंग पाने के लिए ही पहले से एडवांस बुकिंग करा रहे हैं। इस वजह से डिलिवरी का बैकलॉग बढ़ता ही जा रहा है। कंपनियों ने भी साफ कर दिया है कि बुकिंग की संख्या के अनुसार ही कारों की सप्लाई की जाएगी।

जीएसटी कम होने का भी असर

ऑटोमोबाइल सेक्टर में जीएसटी की दरें 18 से 40 फीसदी की कैटेगरी से घटकर 5 से 18 फीसदी तक में पहुंच गी है। इसके अलावा त्योहारों पर आकर्षक ऑफर्स, एक्सचेंज स्कीम की वजह से भी बुकिंग ज्यादा हो रही है। राज्य जीएसटी विभाग के आंकड़ों के अनुसार अगस्त 2025 से सितंबर 2026 के बीच कुल 8 लाख 13373 गाड़ियों की बिक्री हुई, इसमें 60901 इलेक्ट्रिक वाहन शामिल हैं।

ईवी गाड़ियों के लिए अब हर 25 किमी में नया चार्जिंग स्टेशन बनाएंगे

राजधानी समेत राज्यभर में ईवी गाड़ियां इतनी बिक रही हैं कि राज्य सरकार ने अब हर 25 किलोमीटर में एक चार्जिंग स्टेशन बनाने की तैयारी कर ली है। प्रदेश में करीब ढाई लाख इलेक्ट्रिक दो-चारपहिया वाहन पंजीकृत हैं। गाड़ियों की तुलना में सक्रिय चार्जिंग स्टेशन करीब 50 ही हैं। इनमें सबसे ज्यादा रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर में ही हैं। अभी राज्य में करीब 600 ईवी डीलर भी पंजीकृत हैं। रायपुर नगर निगम के इलाके में दो और चारपहिया वाहनों के लिए 25 से 30 नए ईवी चार्जिंग स्टेशन व चार्जिंग प्वाइंट प्रस्तावित हैं। इसके लिए जगह की पहचान की जा रही है। सरकार ने भी चार्जिंग सेंटर खोलने के लिए जमीन और सड़क की चौड़ाई के मानक तय कर दिए हैं।

हाईवे और प्रमुख सड़कों पर हर 25 किमी पर चार्जिंग सेंटर बनाने का प्रावधान किया गया है, जबकि 30 मीटर से कम चौड़ी सड़क पर सेंटर की अनुमति नहीं होगी। चार्जिंग सेंटर शुरू करने से पहले अग्निशमन और संबंधित सुरक्षा विभाग की भी मंजूरी लेनी होगी।स्टेशन लगाने वाली कंपनी को बिजली कनेक्शन और मीटरिंग की सुविधा 24 घंटे उपलब्ध रखनी होगी। बैटरी बदलने वाले स्टेशन के लिए कम से कम 5.5 मीटर लंबी और 2.76 मीटर चौड़ी जगह जरूरी होगी।

त्योहार के पहले तक 8.14 लाख वाहन बिक चुके

त्योहारों के लिए गाड़ियों की प्री बुकिंग लगातार जारी है। गाड़ियों के मॉडल्स के अनुसार 15 दिन से 2 माह तक की वेटिंग चल रही है। कई गाड़ियां रेडी स्टॉक में भी उपलब्ध हैं। छत्तीसगढ़ में जीएसटी स्लैब घटने के बाद 8.14 लाख वाहन बिक चुके हैं। पिछले सीजन की तुलना में इस बार ज्यादा गाड़ियां बिकेंगी। कैलाश खेमानी, अध्यक्ष रायपुर ऑटोमोबाइल्स डीलर्स एसोसिएशन (राडा)