August 17, 2026

मोगा (दलीप कुमार): पंजाब सरकार द्वारा नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से चलाई जा रही ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत मोगा पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 किलो 500 ग्राम हेरोइन समेत एक व्यक्ति को गिरफ्तार करने का दावा किया है। यह कार्रवाई CIA स्टाफ मोगा द्वारा बधनी कलां कस्बे के पास पुराने पुल के नजदीक की गई।
इस संबंध में जानकारी देते हुए SP हेडक्वार्टर संदीप सिंह मंड ने बताया कि CIA स्टाफ मोगा के सब-इंस्पेक्टर सतनाम सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नशीले पदार्थ की बड़ी खेप लेकर बधनी कलां के पुराने पुल के पास मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई की और बताई गई जगह पर पहुंचकर संदिग्ध व्यक्ति को काबू कर लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए व्यक्ति की पहचान प्रेम मसीह निवासी अजनाला, जिला अमृतसर के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 4 किलो 500 ग्राम हेरोइन बरामद होने का दावा किया गया है। इतनी बड़ी मात्रा में हेरोइन बरामद होने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच तेज कर दी है। पुलिस द्वारा आरोपी के खिलाफ थाना बधनी कलां में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी से पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हेरोइन की इतनी बड़ी खेप उसके पास कहां से पहुंची थी और इसे आगे कहां सप्लाई किया जाना था। इसके अलावा पुलिस इस मामले में शामिल अन्य व्यक्तियों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
SP हेडक्वार्टर संदीप सिंह मंड ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पुलिस द्वारा आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ नशा तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है, ताकि इस खेप के पीछे जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। गौरतलब है कि पंजाब सरकार द्वारा ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ मुहिम के तहत नशा तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसी मुहिम के तहत मोगा पुलिस द्वारा भी जिले में नशे की सप्लाई पर नकेल कसने के लिए लगातार छापेमारी और गिरफ्तारियां की जा रही हैं।बधनी कलां के पास 4 किलो 500 ग्राम हेरोइन की यह बरामदगी मोगा पुलिस की नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मामला दर्ज कर लिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
📍 Location: बधनी कलां