40 प्रतिशत अंकों की बाध्यता ने बिगाड़ी भर्ती प्रणाली: व्याख्याता भर्ती के 18 विषयों में 91 प्रतिशत तक पद खाली; 11 विषयों में अभ्यर्थी ही नहीं मिले - Kota News

Published on 29 अग॰ 2026

कोटा35 मिनट पहलेलेखक: हेमराज गुर्जर

  • कॉपी लिंक

आरपीएससी की स्कूल व्याख्याता भर्ती परीक्षाओं में न्यूनतम 40% उत्तीर्णांक की अनिवार्यता, पाठ्यक्रम से अंकभार वर्गीकरण हटाए जाने और कठिन पेपर पैटर्न के कारण 90% तक पद खाली रह जाएंगे। 2024 में जहां 13 विषयों में 409 योग्य अभ्यर्थी नहीं मिले, वहीं, 2025 में स्थिति सुधरने के बजाय और अधिक विकट हो गई है।

21 अगस्त तक जारी 18 विषयों के परिणामों में 11 में 1574 पद खाली रहने का अनुमान है, क्योंकि दोगुना सूची तो दूर विज्ञापित कुल पदों के बराबर भी न्यूनतम 40% अंक हासिल करने वाले अभ्यर्थी नहीं मिले। सबसे विकट स्थिति राजनीति विज्ञान, कृषि, कॉमर्स और भौतिक विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों की है, 80 से 91% तक सीटें खाली रह जाएंगी।

ऐसी स्थिति में यदि सेवा नियमों में संशोधन कर 2018 की भांति अंकभार का स्पष्ट वर्गीकरण, संतुलित ब्लूप्रिंट और संदर्भ पुस्तकों की सूची जारी नहीं की गई तो सरकारी स्कूलों में पढ़ाने के लिए शिक्षक नहीं मिलेंगे। आरक्षित वर्गों के सैकड़ों बैकलॉग पद हमेशा के लिए सामान्य श्रेणी में परिवर्तित होने के कगार पर पहुंच जाएंगे।

कृषि में 1104 के मुकाबले सिर्फ 49 ही पास

  • कृषि: सितंबर-25 में 552 पदों पर भर्ती निकाली। 1104 अभ्यर्थी पास करने थे। 49 अभ्यर्थी मिले। 503 पद खाली।
  • कॉमर्स: सितंबर 2025 में 600 पदों पर भर्ती निकाली। 1200 अभ्यर्थी पास करने थे, लेकिन 323 ही पास हो सके।
  • भौतिक विज्ञान: 136 पदों पर भर्ती। जून-26 में आयोजित परीक्षा में दोगुने के तहत 272 अभ्यर्थी पास करने थे, लेकिन 24 अभ्यर्थी ही पात्र मिले। 112 पद रिक्त रहेंगे।
  • अर्थशास्त्र (2025): 47 पदों पर भर्ती। 94 अभ्यर्थी पास करने थे, 8 अभ्यर्थी ही पास।
  • समाजशास्त्र (वर्ष 2025): 34 पदों पर भर्ती। 68 अभ्यर्थी पास करने थे। 6 अभ्यर्थी पात्र।
  • फिजिकल एजुकेशन (वर्ष 2025): 113 पदों पर भर्ती निकाली। 216 पास करने थे, लेकिन 81 अभ्यर्थी ही पास हुए।
  • कोच: 10 पदों पर भर्ती निकाली। 20 अभ्यर्थी पास करने थे। केवल 5 अभ्यर्थी मिले। 5 पद रिक्त रहेंगे।

13 विषयों में 230 आरक्षित पद अटके 2024 की स्कूल व्याख्याता भर्ती में 2,202 पदों में से 409 से अधिक पद खाली रहे थे। 13 विषयों में 230 पदों का नया आरक्षित बैकलॉग बन गया। इस बैकलॉग में सबसे अधिक एसटी के 91 और एससी के 58 पद थे। ओबीसी के 44, एमबीसी वर्ग के 37 पद बैकलॉग में जुड़े। विषयवार स्थिति देखें तो इनमें सर्वाधिक कॉमर्स के 75, राजनीति विज्ञान के 51, फिजिकल एजुकेशन के 21 और फिजिक्स के 21 आरक्षित पद शामिल हैं। अभी 10 विषयों संस्कृत, राजस्थानी, पंजाबी, उर्दू, लोक प्रशासन, गृह विज्ञान, गणित, चित्रकला, संगीत और बायोलॉजी के परिणाम आने शेष हैं।

.