अब तक आपने 'लुटेरी दुल्हनों' के बारे में सुना होगा, लेकिन अब 'लुटेरे दूल्हे' भी सामने आए हैं। सीतापुर के रहने वाले अनुज त्रिवेदी और उसके बेटे प्रखर ने मिलकर 44 महिलाओं से शादी के बाद करीब 100 करोड़ रुपए ठग लिए।
.
ज्यादातर महिलाएं 40 साल से ज्यादा उम्र की थीं। कोई विधवा, कोई तलाकशुदा, तो कुछ दिव्यांग थीं। महिलाओं का भरोसा जीतने के लिए अनुज अपने बेटे प्रखर को छोटा भाई बताकर मिलवाता था।
मामला तब सामने आया, जब सीतापुर के सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने अपने समधी अनुज और दामाद प्रखर के खिलाफ FIR दर्ज कराई। विधायक का दावा है कि उनकी MBBS बेटी भी इस ठगी का शिकार हुई है।

ऐसे सामने आई ‘लुटेरे दूल्हे’ की असलियत
विधायक के समधी और दामाद सीतापुर के चंद्रावल गांव के रहने वाले हैं। अनुज और प्रखर ने 2016 से 2022 तक यूपी, महाराष्ट्र, दिल्ली, कोलकाता और कर्नाटक समेत कई जगहों पर महिलाओं को शादी के नाम पर ठगा।
मामला 4 मार्च, 2022 को सामने आया, जब ठाणे के नयानगर थाने में 75 साल की सरिता (बदला हुआ नाम) ने शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि अखबार में शादी का विज्ञापन देखकर ‘अजय अग्रवाल’ यानी अनुज ने उनकी 45 साल की मांगलिक बेटी से संपर्क किया। दोनों की शादी 1 मार्च, 2019 को हुई थी।
सरिता के मुताबिक, 22 फरवरी, 2022 को अनुज उनकी बेटी को दिल्ली ले गया। वहां उसके 39 तोले सोने और हीरे के गहने उतरवाए। फिर उसे मुंबई की ट्रेन में बैठाकर अपना फोन बंद कर लिया। इसके बाद अमरावती में रंजीता (बदला हुआ नाम) और मुंबई में लीला प्रताप नायर की शिकायतें भी सामने आईं। महाराष्ट्र में 4 FIR होने के बाद जांच मुंबई क्राइम ब्रांच को सौंपी गई।
अब पढ़िए बाप-बेटे के झांसे में फंसी 7 महिलाओं की कहानी

अनुज त्रिवेदी ने अपने बेटे प्रखर की भी मुंबई में 4 शादियां करवाईं। इन महिलाओं से करोड़ों रुपए की ठगी की गई। इसके बाद 14 फरवरी, 2024 को प्रखर की 5वीं शादी सीतापुर के सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी की बेटी प्रज्ञा तिवारी से हुई। प्रज्ञा MBBS डॉक्टर हैं। दोनों का एक बेटा भी है। समधी-दामाद की असलियत सामने आने के बाद ज्ञान तिवारी और उनकी बेटी ने उनसे सारे रिश्ते तोड़ दिए। 8 अगस्त को ज्ञान तिवारी ने अनुज और प्रखर के खिलाफ FIR भी दर्ज कराई।

प्रखर ने प्रज्ञा को जिम में टारगेट किया। जिस जिम में प्रज्ञा जाती थीं, वहां प्रखर भी जाने लगा। वह महंगी गाड़ी से जिम आता था। इसी दौरान उसने प्रज्ञा से जान-पहचान बढ़ाई और बाद में शादी का प्रस्ताव दिया।
प्रज्ञा ने यह बात अपने पिता ज्ञान तिवारी को बताई। ज्ञान तिवारी ने परिवार के बारे में पता किया। उन्हें जानने वालों ने बताया कि परिवार अच्छा है और मुंबई में रियल एस्टेट का कारोबार करता है।
अनुज ने अपने गांव में भी यही पहचान बना रखी थी। उसने वहां प्रखर के नाम से एक स्कूल खोल रखा था। सीतापुर रोड पर छठ मील के पास कृष्ण विहार में करीब 6 हजार वर्गफीट का आलीशान मकान भी बनवा रखा था।

शुभांगी मांगलिक थीं, इसलिए उनकी शादी नहीं हो पा रही थी। उनकी 75 साल की मां सरिता ने 2018 में अखबार में शादी का विज्ञापन दिया था। इसी विज्ञापन के जरिए अनुज 'अजय अग्रवाल' बनकर शुभांगी से मिला। उसने खुद को कोलकाता का बिल्डर बताया। बाद में उसने शुभांगी से शादी कर ली और कोविड के दौरान उनके ही 3-BHK फ्लैट में रहने लगा। आरोप है कि वह शुभांगी के साथ मारपीट भी करता था।
अनुज ने दबाव डालकर उनका फ्लैट बिकवा दिया। फ्लैट की रकम समेत कुल 82 लाख रुपए ले लिए। 22 फरवरी को वह शुभांगी को अपने 'छोटे भाई' प्रखर की शादी का बहाना बनाकर दिल्ली ले गया। वहां उसने शुभांगी के पहने हुए 455 ग्राम सोने के गहने उतरवा लिए। उस समय उनके पैर में गंभीर चोट थी। इसके बावजूद उन्हें भूखा रखा और यह कहकर मुंबई की ट्रेन में बैठा दिया कि ‘तुम फाइव स्टार शादी के लायक नहीं हो। लंगड़ाकर चलोगी, तो मेरी बेइज्जती होगी।’
आज यह परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। शुभांगी के 82 साल के पिता को इस उम्र में भी प्राइवेट नौकरी करनी पड़ रही है।

प्रयागराज के झूंसी की महिला टीचर प्रतिमा (बदला हुआ नाम) भी अनुज के संपर्क में आईं। आरोप है कि उसने प्रितमा से 11 लाख रुपए और 50 ग्राम गहने ले लिए। प्रतिमा ने बताया कि अनुज उनसे 2017 में मिला था।

तलाकशुदा गीता ने अपनी मां के कहने पर मैट्रिमोनियल साइट पर प्रोफाइल बनाई थी। 2017 में अनुज 'अजय अग्रवाल' बनकर उनसे मिला। उसने अपने बेटे प्रखर को छोटा भाई 'अविरल' बताया। बाद में उसने गीता को 27 अगस्त, 2018 का मैरिज सर्टिफिकेट दिया, जो बाद में फर्जी निकला।
शादी के बाद अनुज ने कोलकाता में बिल्डिंग का काम पूरा करने के नाम पर गीता से 25 लाख 90 हजार रुपए और 400 ग्राम सोने के जेवर ले लिए। उसने दबाव बनाकर गीता का 35 लाख रुपए का घर भी सिर्फ 9 लाख रुपए में बिकवा दिया।
एक रात गीता ने अनुज को वीडियो कॉल किया। इस दौरान आईने में उन्हें एक दूसरी महिला विनीता दिखाई दी। उन्हें शक हुआ, तो उन्होंने बांद्रा कोर्ट जाकर जांच कराई। वहां पता चला कि उनका मैरिज सर्टिफिकेट पूरी तरह फर्जी था। इसके बाद गीता ने अमरावती थाने में FIR दर्ज कराई।

रचना के पति की 2012 में कैंसर से मौत हो गई थी। 2016 में उन्होंने अखबार में शादी का विज्ञापन दिया। इसी के जरिए वह अनुज के संपर्क में आईं। अनुज ने खुद को विधुर बताया। कहा कि उसकी पत्नी माया सिंह की कैंसर से मौत हो चुकी है।
आरोप है कि उसने रचना से 8 लाख रुपए, मोबाइल, डायमंड रिंग और सोने की चेन ले ली। बाद में रचना को उस पर शक हुआ और वह सितंबर, 2018 में मुंबई पहुंचीं। वहां जांच करने पर उन्हें पता चला कि माया सिंह जिंदा हैं। अनुज उनका फ्लैट बेचकर उन्हें लखनऊ ले गया है। रचना ने जब पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो आरोप है कि अनुज ने उनकी तस्वीरें वायरल करने की धमकी दी। हाल ही में महाराष्ट्र पुलिस ने रचना का बयान दर्ज किया है।

लीला नायर के बच्चे विदेश में रहते हैं और वह मुंबई में अकेली रहती थीं। 2015-16 में अनुज उनके संपर्क में आया। धीरे-धीरे उसने उनका भरोसा जीता और उनका केयर टेकर बन गया। खुद को मुंबई का बड़ा बिल्डर बताकर उसने लीला नायर का फ्लैट 54 लाख रुपए में बिकवा दिया और पूरी रकम खुद रख ली।
इसके अलावा उनके 950 ग्राम सोने के जेवर भी ले लिए और बाद में गायब हो गया। लीला नायर ने बोरीवली थाने में उसके खिलाफ मामला दर्ज कराया।
2016 में ही अनुज ने कोलकाता की महुआ नाम की युवती को शादी का झांसा दिया। दोनों की सगाई भी हुई, लेकिन आरोप है कि अनुज पैसे और जेवर लेकर वहां से भाग गया।
महुआ और उनके जैसी करीब 15 अन्य महिलाओं की बाद में दूसरी जगह शादी हो चुकी है। इसलिए वे बदनामी के डर से सामने नहीं आना चाहतीं। हालांकि, मुंबई क्राइम ब्रांच अब तक 25 पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज कर चुकी है।

गीता ने जब अनुज की बताई बातों की जांच शुरू की और बांद्रा वाले फ्लैट पहुंचीं, तो वहां के गार्ड ने अनुज को पहचान लिया। गार्ड ने बताया कि अनुज ने 2016 में माया सिंह नाम की महिला से शादी की थी।
माया का वजन करीब 150 किलो यानी डेढ़ क्विंटल था। वह व्हीलचेयर पर रहती थीं। आरोप है कि शादी के बाद अनुज ने माया का बांद्रा वाला फ्लैट 2.82 करोड़ रुपए में बेच दिया। इसके बाद वह माया को लखनऊ ले आया और गोमती नगर के एक घर में रखा।

आरोपी पिता गिरफ्तार, बेटे की तलाश जारी
मुंबई क्राइम ब्रांच ने 24 मई, 2026 को अनुज को नोएडा से गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने कई राज्यों में 40 शादियां करने की बात कबूली। पुलिस के मुताबिक, उसके बेटे प्रखर ने भी मुंबई और कोलकाता में 4 शादियां की थीं। अभी भी उसकी तलाश चल रही है।
अनुज फिलहाल अमरावती की सेंट्रल जेल में बंद है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र में 3 और कोलकाता में 1 FIR दर्ज है। 8 अगस्त को सीतापुर के सेवता से भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी ने भी अनुज और प्रखर के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी।
--------------------------
यह खबर भी पढ़ें-
विधायक पर गंदी हरकत का आरोप, महिला ने सबूत दिखाए, कहा- मेरी कार पर 'पास' लगवाया

सुल्तानपुर सदर से भाजपा विधायक विनोद सिंह पर रेप की कोशिश का आरोप लगा है। विधायक ने सफाई दी कि मैं तो महिला को जानता तक नहीं हूं, रेप तो दूर की बात है। महिला ने दावा किया कि विधायक झूठ बोल रहे हैं। पढ़िए पूरी खबर…