शिवपुरी के श्रीमंत माधवराव सिंधिया खेल परिसर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय शालेय एथलेटिक्स प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले शनिवार को हुए। बालक वर्ग की 400 मीटर रिले रेस में जबलपुर की टीम ने 45.95 सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया।
.
वहीं, उज्जैन के खिलाड़ियों ने पोल वॉल्ट, ट्रिपल जंप और 200 मीटर दौड़ सहित कई स्पर्धाओं में जीत दर्ज की। पांच दिवसीय प्रतियोगिता का समापन रविवार सुबह 11 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा।
400 मीटर रिले में जबलपुर पहले स्थान पर
बालक वर्ग की 400 मीटर रिले रेस में जबलपुर की टीम ने 45.95 सेकंड में दौड़ पूरी कर स्वर्णिम प्रदर्शन किया। ग्वालियर की टीम 46.45 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि उज्जैन ने 45.99 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया।
जबलपुर की टीम में बृजेश धुर्वे, केशव केसरी, हिमांशु कुमार और आयुष लोधी शामिल थे। ग्वालियर की ओर से डी. रघुवंशी, मोहित कुशवाह, शुभम दांगी और नरोत्तम तोमर ने हिस्सा लिया।
उज्जैन के खिलाड़ियों ने कई स्पर्धाओं में जीते पदक
बालक पोल वॉल्ट में उज्जैन के सौरभ प्रथम और कृष्णा मीणा द्वितीय रहे। बालिका ट्रिपल जंप में उज्जैन की वैशाली ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि ग्वालियर की आसी कसेरा दूसरे स्थान पर रहीं।
बालिका 200 मीटर दौड़ में उज्जैन की मनस्वी तिवारी विजेता बनीं। रीवा की स्नेहा यादव दूसरे और इंदौर की निहारिका उपाध्याय तीसरे स्थान पर रहीं। बालक 200 मीटर दौड़ में उज्जैन के हर्ष माहेश्वरी ने पहला, ग्वालियर के शुभम दांगी ने दूसरा और बबलू जमरा ने तीसरा स्थान हासिल किया।
शॉटपुट और लंबी दूरी की दौड़ के नतीजे
बालिका शॉटपुट में इंदौर की दामिनी यादव प्रथम और भोपाल की अनंता चौहान द्वितीय रहीं। बालक शॉटपुट में रीवा के संयोग पाठक ने पहला स्थान प्राप्त किया।
3000 मीटर बालिका दौड़ में जबलपुर की अनुश्री विजेता बनीं, जबकि बालक वर्ग में सागर के रुद्रांक्ष कुर्मी ने पहला स्थान हासिल किया।
रविवार को होगा पुरस्कार वितरण
मीडिया प्रभारी नीरज सरैया ने बताया कि रविवार सुबह 11 बजे होने वाले समापन समारोह में विजेता खिलाड़ियों के साथ कोच, मैनेजर और आयोजन समितियों के सदस्यों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रतियोगिता जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के निर्देशन और जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे के मार्गदर्शन में आयोजित की गई।