मिवी ने लॉन्च किया सस्ता 5जी फोन: स्नैपड्रैगन चिपसेट, एंड्रॉयड 16 ओएस और धाकड़ बैटरी से लैस, जान लें प्राइस

Published on 23 सित॰ 2026

नीतीश कुमार

Thu, 24 Sep 2026 04:46 PM IST

सार

देशी ऑडियो ब्रांड Mivi ने अपना पहला 5G स्मार्टफोन Mivi One 5G लॉन्च कर दिया है। इस स्मार्टफोन में 6000mAh की दमदार बैटरी, 50MP कैमरा और स्नैपड्रैगन प्रोसेसर के साथ स्लीक डिजाइन दिया दया है। इस स्टाइलिश फोन की शुरुआती कीमत 11,999 रुपये है। आइए जानते हैं कंपनी इस फोन में क्या कुछ दे रही है...

भारत में ऑडियो डिवाइस बनाने वाली देसी कंपनी मिवी (Mivi) ने अब स्मार्टफोन मार्केट में भी कदम रख दिया है। कंपनी ने ग्राहकों के लिए अपना पहला हैंडसेट Mivi One 5G भारत में पेश कर दिया है। यह डिवाइस खास तौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो कम बजट में एक स्टाइलिश और दमदार 5G फोन की तलाश में हैं। बेहतरीन फीचर्स के साथ आने इस फोन को कंपनी ने 11,999 रुपये की शुरुआती कीमत पर लॉन्च किया है। कंपनी ने इस फोन को तीन रैम वेरिएंट में लॉन्च किया है जिनमें 4GB, 6GB और 8GB रैम शामिल हैं।

Flipkart पर होगी पहली सेल

मिवी के इस नए 5G फोन की बिक्री अपकमिंग 'फ्लिपकार्ट बिग बिलियन डेज सेल' के दौरान शुरू की जाएगी। सेल 8 अक्टूबर दोपहर 12 बजे से फ्लिपकार्ट प्लस मेंबर्स के लिए शुरू हो जाएगी। ग्राहक इसे अपनी पसंद के अनुसार ब्लू, डार्क ब्लू, बरगंडी, ग्रीन और पिंक जैसे पांच शानदार रंगों में खरीद सकेंगे।

Mivi One 5G: कितनी है कीमत?

फ्लिपकार्ट पर दी गई आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, इसके 4GB रैम और 128GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की कीमत 12,999 रुपये तय की गई है। बैंक ऑफर्स का इस्तेमाल करने पर ग्राहकों को 1,000 रुपये का एक्स्ट्रा डिस्काउंट मिलेगा, जिसके बाद यह फोन मात्र 11,999 रुपये की प्रभावी कीमत पर खरीदा जा सकेगा। वहीं, इसका 6GB+128GB वेरिएंट 14,999 रुपये और टॉप मॉडल (8GB+128GB) 16,499 रुपये में उपलब्ध होगा।

6000mAh बैटरी और जबरदस्त प्रोसेसर

  • कम कीमत के बावजूद मिवी ने परफॉरमेंस में कोई कंजूसी नहीं की है। फोन को पावर देने के लिए इसमें 6000mAh की बैटरी दी गई है। सबसे खास बात यह है कि इतनी बड़ी बैटरी होने के बाद भी फोन की मोटाई सिर्फ 9.15mm रखी गई है। डिवाइस फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है और चार्जर आपको बॉक्स के अंदर ही मिल जाएगा।
  • इसके अलावा, इसमें 4nm प्रोसेस पर बना सेगमेंट का पहला स्नैपड्रैगन 5G चिपसेट दिया गया है, जो एड्रेनो जीपीयू (Adreno GPU) के साथ मिलकर बेहतरीन स्पीड देता है। यह फोन बिल्कुल क्लीन 'स्टॉक एंड्रॉयड 16' पर काम करता है और कंपनी ने इसमें एंड्रॉयड 18 तक के अपडेट्स देने का वादा भी किया है।

कैसा है डिस्प्ले और कैमरा?

  • Mivi One 5G में 6.75 इंच का बड़ा HD+ डिस्प्ले दिया गया है, जो 120Hz के स्मूथ रिफ्रेश रेट के साथ आता है। फोटोग्राफी के शौकीनों के लिए पीछे की तरफ पिल-शेप मॉड्यूल में 50 मेगापिक्सल का डुअल रियर कैमरा सेटअप दिया गया है, जिसमें शानदार पिक्चर क्वालिटी के लिए सैमसंग का ISOCELL सेंसर मौजूद है।
  • सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलता है। इस फोन की एक और बड़ी खूबी इसका 'सुपरकॉल' (SuperCall) फीचर है। मिवी न्यूरल वॉयस इंजन की मदद से यह तकनीक भारी शोर-शराबे वाली जगह पर भी कॉलिंग के दौरान एकदम साफ और स्पष्ट आवाज प्रदान करती है।

आफ्टर-सेल्स सर्विस

अपने ग्राहकों का भरोसा जीतने के लिए मिवी MIVI Care Plus नाम से एक खास सर्विस पैकेज भी बिल्कुल फ्री में उपलब्ध करा रही है। इसके तहत ग्राहकों को पूरे 1 साल की वारंटी, देश भर में 500 से अधिक सर्विस सेंटर्स का आसान एक्सेस और 7 दिन की रिप्लेसमेंट पॉलिसी का फायदा मिलेगा।