अध्यात्म
- Authored by: मोहित तिवारी
- Updated Jul 26, 2026, 07:17 PM IST
Shukra-Arun Dwi Saptansh Yog 2026: शुक्र और अरुण एक दूसरे 102. 86 डिग्री पर आ गए हैं। इससे द्वि-सप्तांश योग बन गया है। इसके चलते कुछ राशि वालों का अच्छा समय आ गया है। आइए जानते हैं वे कौन हैं।
![]()
द्विसप्तांश योग से किनको लाभ होगा
Shukra-Arun Dwi Saptansh Yog 2026: 26 जुलाई 2026 की सुबह 3 बजकर 19 मिनट पर शुक्र और अरुण (यूरेनस) के बीच 102.86 डिग्री का कोणीय संबंध बन गया है। जिससे द्वि-सप्तांश योग का निर्माण हुआ है। यह सामान्य ग्रह योगों की तरह हर किसी पर एक जैसा असर नहीं डालता है। ज्योतिष में इसे ऐसे योगों में गिना जाता है, जो व्यक्ति के जीवन में अचानक मिलने वाले अवसर, नई सोच और अप्रत्याशित बदलाव की शुरुआत कर सकते हैं।
इस समय शुक्र, जो धन, रिश्तों, करियर में आकर्षण और सुख-सुविधाओं के कारक हैं, वे सिंह राशि में हैं। वहीं, अरुण, जिन्हें नई टेक्नोलॉजी, इनोवेशन, अलग सोच और अचानक होने वाले बदलावों का ग्रह माना जाता है, मिथुन राशि में गोचर कर रहे हैं। जब ये दोनों ग्रह इस विशेष कोण पर आते हैं तो कई बार ऐसा होता है कि एक छोटी-सी मुलाकात, एक नया आइडिया या अचानक मिला कोई ऑफर भविष्य की बड़ी सफलता की शुरुआत बन जाता है।
फेमस एस्ट्रोलाजर और स्प्रिचुअल हीलर पं. सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, इस योग का असर लगभग अगले 5 से 7 दिनों तक अधिक महसूस किया जा सकता है। हालांकि इसका अंतिम प्रभाव जन्मकुंडली, दशा और अन्य ग्रहों की स्थिति पर भी निर्भर करेगा। गोचर के आधार पर पांच राशियां ऐसी हैं, जिनके लिए यह योग सबसे ज्यादा सकारात्मक संकेत दे रहा है।
मिथुन राशि
मिथुन राशि वालों के लिए अरुण पहले से ही लग्न में नई सोच और नए एक्सपेरिमेंट करने की इच्छा बढ़ा रहे हैं। अब तृतीय भाव में बैठे शुक्र उनसे द्वि-सप्तांश संबंध बना रहे हैं। यह योग खासतौर पर कम्युनिकेशन, स्किल्स और नेटवर्किंग को मजबूत कर रहा है।
अगर आप पत्रकारिता, कंटेंट राइटिंग, डिजिटल मार्केटिंग, सोशल मीडिया, सेल्स, टीचिंग, ट्रेनिंग या आईटी सेक्टर में हैं और पिछले कुछ समय से किसी प्रोजेक्ट, इंटरव्यू या क्लाइंट के जवाब का इंतजार कर रहे थे, तो अचानक कोई पॉजिटिव अपडेट मिल सकता है। किसी मीटिंग या प्रेजेंटेशन में आपकी बात लोगों का ध्यान खींच सकती है और वहीं से नई जिम्मेदारी या बेहतर ऑफर मिलने की शुरुआत हो सकती है।
हालांकि जल्दबाजी में कोई वादा करने या बिना पूरी जानकारी के नया ऑफर स्वीकार करने से बचें। बुधवार को भगवान गणेश की पूजा करें और विद्यार्थियों को स्टेशनरी दान करें। इससे निर्णय लेने की क्षमता मजबूत बनी रहेगी।
सिंह राशि
शुक्र आपकी ही राशि में गोचर कर रहे हैं और अरुण लाभ भाव में बैठे हैं। इसका मतलब है कि इस समय आपका आत्मविश्वास और लोगों पर पड़ने वाला प्रभाव सीधे आपकी इनकम और करियर से जुड़ सकता है।
अगर आप मीडिया, एंकरिंग, पब्लिक स्पीकिंग, फैशन, एक्टिंग, डिजिटल कंटेंट, मार्केटिंग या किसी लीडरशिप रोल में हैं, तो अगले कुछ दिनों में कोई सीनियर आपके काम पर भरोसा जता सकता है। किसी पुराने संपर्क से नया प्रोजेक्ट मिलने या किसी बड़े इवेंट का हिस्सा बनने का मौका भी मिल सकता है।
जो लोग अपना ब्रांड या बिजनेस बढ़ाना चाहते हैं, उनके लिए यह समय नए नेटवर्क बनाने का है, लेकिन केवल आत्मविश्वास के भरोसे कोई बड़ा फैसला न लें। हर डील या कॉन्ट्रैक्ट को ध्यान से पढ़ने के बाद ही आगे बढ़ें। शुक्रवार को मां लक्ष्मी को सफेद पुष्प अर्पित करें और जरूरतमंद महिला को सफेद वस्त्र दान करें।
तुला राशि
तुला राशि के स्वामी शुक्र इस समय लाभ भाव में हैं और अरुण भाग्य भाव में है। यह स्थिति अक्सर तब अच्छे परिणाम देती है, जब व्यक्ति लंबे समय से लगातार मेहनत कर रहा हो लेकिन उसका रिजल्ट नहीं मिला हो। अगर आपने पिछले कुछ महीनों में नई स्किल सीखी है, किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की है, ऑनलाइन बिजनेस शुरू किया है या प्रमोशन के लिए मेहनत की है, तो अब उसके अच्छे संकेत मिलने शुरू हो सकते हैं। किसी पुराने क्लाइंट या पुराने ऑफिस कनेक्शन से भी अचानक फायदा मिलने की संभावना है,
लेकिन इस दौरान सिर्फ ज्यादा कमाई के लालच में जोखिम भरे निवेश से बचें। शुक्रवार को मां लक्ष्मी के सामने घी का दीपक जलाएं और कन्याओं को सफेद मिठाई बांटें।
धनु राशि
धनु राशि के लिए शुक्र नवम भाव और अरुण सप्तम भाव में हैं। भाग्य और साझेदारी के बीच बना यह संबंध बताता है कि आपकी तरक्की किसी नए संपर्क या नए कॉन्ट्रैक्ट के जरिए हो सकती है। अगर आप एजुकेशन, लॉ, रिसर्च, मीडिया, इंटरनेशनल ट्रेड या मल्टीनेशनल कंपनी में काम करते हैं और लंबे समय से किसी नई जिम्मेदारी या विदेश से जुड़े काम का इंतजार कर रहे हैं, तो अचानक कोई कॉल, ईमेल या मीटिंग आपके लिए अच्छी खबर लेकर आ सकती है। बिजनेस करने वालों को भी किसी नए पार्टनर या क्लाइंट से फायदा मिल सकता है। हालांकि किसी भी मौखिक वादे पर भरोसा करने के बजाय हर बात लिखित रूप में रखें। गुरुवार को केले के पेड़ में जल चढ़ाएं और गुरु मंत्र का जाप करें।
कुंभ राशि
कुंभ राशि वालों के लिए पंचम और सप्तम भाव के बीच बना यह संबंध सबसे ज्यादा क्रिएटिव लोगों के लिए फायदेमंद माना जा सकता है। अगर लंबे समय से कोई नया आइडिया आपके मन में है लेकिन उसे शुरू करने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे, तो अब सही समय आ सकता है।
स्टार्टअप, ऐप डेवलपमेंट, डिजाइनिंग, फिल्म, डिजिटल मीडिया, शेयर मार्केट, कंसल्टेंसी या फ्रीलांसिंग से जुड़े लोगों को अचानक ऐसा मौका मिल सकता है, जो आगे चलकर बड़ा प्रोजेक्ट बन जाए। अगर जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर कोई नई सलाह दें, तो उसे नजरअंदाज न करें। कई बार इस योग में सफलता किसी अपने के सुझाव से ही मिलती है।
हालांकि बिना रिसर्च किए किसी नए बिजनेस मॉडल या निवेश में पैसा लगाने से बचें। शुक्रवार को सुगंधित इत्र का दान करें और मां लक्ष्मी के श्रीसूक्त का पाठ करें।
यह है 'ऑपर्च्युनिटी योग'
ज्योतिषाचार्य पं. सत्यम विष्णु अवस्थी के अनुसार, शुक्र और अरुण का द्वि-सप्तांश योग सीधे धन देने वाला योग नहीं है। इसे 'ऑपर्च्युनिटी योग' कहना ज्यादा उचित होगा। इस दौरान अचानक मिलने वाले मौके, नए लोगों से कनेक्शन और अलग सोच भविष्य की सफलता की नींव रख सकते हैं। इसलिए यदि इस अवधि में कोई नया प्रस्ताव, नई जिम्मेदारी या नया आइडिया सामने आए, तो उसे बिना सोचे-समझे ठुकराने के बजाय पूरी जांच-पड़ताल के बाद निर्णय लेना बेहतर रहेगा।
डिसक्लेमर: यहां दी गई जानकारी ज्योतिष शास्त्र पर आधारित है और ज्योतिष विद्या के अच्छे जानकार लेखक द्वारा विश्लेषण करके दी गई है। यह केवल सूचना के लिए दी जा रही है। आपके ऊपर इसका प्रभाव आपकी व्यक्तिगत जन्मकुंडली में ग्रहों की स्थिति और महादशाओं पर भी निर्भर करेगा। Times Now Navbharat इसकी पुष्टि नहीं करता है।
![]()
मोहित तिवारीauthor
मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।
और पढ़ें
- Hindi News
- Spirituality
End of Article