बीकानेर में 51 लाख की कैश वैन लूट का खुलासा, बैंक के ही 2 कर्मचारियों ने रची थी साजिश

Published on 10 अग॰ 2026

Bikaner News: राजस्थान के बीकानेर जिले के पांचू थाना क्षेत्र में 5 अगस्त को बैंक की ब्रांच में कैश पहुंचाने जा रही वैन से हुई 51 लाख रुपए की लूट की वारदात का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है. मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. लूट की साजिश में बैंक से कैश पहुंचाने वाले कार्मिक ही शामिल थे. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.

पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चरकड़ा निवासी विक्रम सिंह और स्वरूपदेसर निवासी श्याम सुंदर के रूप में हुई है. पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है. वारदात में शामिल अन्य लोगों की भूमिका तथा लूट की रकम के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है.

5 अगस्त को पांचू थाना क्षेत्र में साधुना और सारुंडा गांव के बीच बैंक का कैश लेकर जा रही वैन को बोलेरो सवार चार हथियारबंद बदमाशों ने रोक लिया था. बदमाशों ने कैश वैन में मौजूद कर्मचारियों को हथियार दिखाकर डराया और कैश से भरा बॉक्स लेकर मौके से फरार हो गए थे. बॉक्स में करीब 51 लाख रुपए की नकदी बताई गई थी.

सीसीटीवी की मदद से हुआ खुलासा

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था. सूचना मिलते ही पांचू थाना पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके में नाकाबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू की गई. पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, तकनीकी साक्ष्यों और वारदात से जुड़े लोगों की गतिविधियों को खंगालना शुरू किया.

जांच के दौरान पुलिस को अहम सुराग मिले और सामने आया कि वारदात में बाहरी बदमाशों के साथ-साथ कैश पहुंचाने की प्रक्रिया से जुड़े कार्मिकों की भूमिका भी संदिग्ध है. पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. इस मामले के खुलासे में पांचू थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही.

आरोपियों से पूछताछ जारी

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है. पूछताछ में लूट की पूरी साजिश, वारदात में शामिल अन्य आरोपियों और 51 लाख रुपए की रकम से जुड़े कई अहम राज सामने आने की संभावना है. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच जारी है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं.

ध्वज आर्य

ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More

google button