
मिडलसेक्स की बड़ी जीत. (फोटो- GETTY)
One-Day Cup, Middlesex vs Glamorgan: इंग्लैंड के घरेलू टूर्नामेंट वन-डे कप में मिडलसेक्स की टीम का धमाकेदार प्रदर्शन जारी है. ब्रंटन मेमोरियल ग्राउंड पर खेले गए ग्रुप बी के एक मुकाबले में मिडलसेक्स के गेंदबाजों ने कहर बरपाते हुए ग्लेमॉर्गन की पूरी टीम को सिर्फ 66 रनों पर समेट दिया. इसके जवाब में मिडलसेक्स ने सिर्फ 55 गेंदों में ही 2 विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया और टूर्नामेंट में लगातार तीसरी जीत दर्ज की. इस जीत के हीरो नाव्या शर्मा रहे.
नाव्या शर्मा ने गेंदबाजी में बरपाया कहर
मिडलसेक्स की इस एकतरफा जीत की नींव युवाओं और अनुभवी गेंदबाजों ने मिलकर रखी. तेज गेंदबाज नाव्या शर्मा ने बेहतरीन स्पेल डालते हुए 29 रन देकर 4 विकेट झटके. उनका साथ निभाते हुए टोबी रोलैंड-जोन्स ने भी 35 रन देकर 3 शिकार किए. इसके बाद लोअर ऑर्डर को समेटने का काम नोआ कॉर्नवेल ने किया, जिन्होंने पिच से मिल रही उछाल का पूरा फायदा उठाते हुए सिर्फ 1 रन देकर 3 विकेट चटकाए. ग्लेमॉर्गन का 66 रनों का यह स्कोर मिडलसेक्स के खिलाफ लिस्ट-ए क्रिकेट में उनका अब तक का सबसे कम स्कोर है. वहीं, मिडलसेक्स को ग्लेमॉर्गन की पारी को सिलटाने के लिए सिर्फ 20.5 ओवर लगे.
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ग्लेमोर्गन की शुरुआत काफी खराब रही. नाव्या शर्मा ने कैलम निकोल्स को LBW कर पहला झटका दिया. इसके बाद एड बायरोम और हेनरी हर्ले ने कुछ आक्रामक शॉट खेले, लेकिन हर्ले के आउट होते ही टीम ताश के पत्तों की तरह ढह गई. ग्लेमोर्गन ने सिर्फ 33 गेंदों के अंदर सिर्फ 15 रन जोड़कर अपने 6 विकेट गंवा दिए. जो इस खराब बल्लेबाजी की सबसे बड़ी वजह रही.
आसानी से चेज किया टारगेट
67 रनों के छोटे से टारगेट का पीछा करने उतरी मिडलसेक्स की टीम ने पहली ही गेंद से आक्रामक रुख अपनाया. चोटिल होने के बावजूद बल्लेबाजी करने उतरे जोश डी केयर्स ने ताबड़तोड़ अंदाज में 30 गेंदों पर नाबाद 45 रनों की पारी खेली. हालांकि, ग्लेमॉर्गन के थॉमस एडवर्ड्स ने नैटन फर्नांडीज और सैम रॉबसन को आउट कर 2 विकेट जरूर चटकाए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी. मिडलसेक्स ने 9.1 ओवर में ही 67 रन बनाकर मुकाबला 8 विकेट से अपने नाम कर लिया.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More