कार की टक्कर से बाइक सवार किराना दुकानदार की मौत: सुपौल में बाजार जाते समय एक्सीडेंट, 6 महीने की गर्भवती है पत्नी - Supaul News

Published on 9 अग॰ 2026

सुपौल जिले के करजाइन थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

.

हादसा एनएच-106 पर बायसी चौक स्थित पेट्रोल पंप के सामने करीब दो बजे हुआ। तेज रफ्तार क्विड कार ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों ने टेम्पो से रेफरल अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान करजाइन पंचायत के वार्ड संख्या-12 उत्तर टोला निवासी नवीन मेहता (32) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार नवीन घर पर किराना दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रविवार को वह बाइक से बायसी चौक की ओर से करजाइन बाजार जा रहे थे।

इसी दौरान वीरपुर की ओर से करजाइन की तरफ आ रही बीआर 01सी एक्स 7623 नंबर की क्विड कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज कि गंभीर रूप से घायल हुए

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

स्थानीय लोगों ने बिना देर किए घायल नवीन को टेम्पो से रेफरल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि अस्पताल पहुंचने तक उनकी मौत हो चुकी थी।

रेफरल अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. निलेश प्रधान ने बताया कि युवक को अस्पताल लाया गया था, लेकिन उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी।

अस्पताल पहुंचने के समय वह मृत अवस्था में था।

शादी को एक साल भी पूरा नहीं हुआ

नवीन मेहता की मौत से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों के अनुसार नवीन की शादी 4 जून 2025 को विभा कुमारी के साथ हुई थी।

उनकी पत्नी फिलहाल छह माह की गर्भवती हैं। शादी के महज एक साल बाद पति की सड़क हादसे में मौत की खबर सुनकर पत्नी और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

नवीन परिवार की जिम्मेदारी संभालने के साथ घर पर किराना दुकान भी चलाते थे। उनकी असामयिक मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद गांव और आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने कार और बाइक जब्त की

करजाइन थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि सड़क हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त बाइक और कार को जब्त कर लिया है।

शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।