पहली बार राणी सती मंदिर की मंगला आरती में शामिल हुईं महिलाएं, 600 में से 125 महिला श्रद्धालुओं का लॉटरी से चयन - Jhunjhunu News

Published on 12 सित॰ 2026

भाद्रपद अमावस्या पर शुक्रवार को जिलेभर के विभिन्न शक्ति मंदिरों में वार्षिक पूजा हुई। झुंझुनूं स्थित राणी सती दादी मंदिर में तड़के 3 बजे मंगला आरती से देर रात 11 बजे पट बंद होने तक श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। इस बार पूजा इतिहास के पन्नों में दर्ज ह

.

मंगला आरती में पुरुषों के साथ महिला श्रद्धालुओं को भी प्रवेश दिया गया। इस ऐतिहासिक पहल के साक्षी बनने के लिए देश-विदेश से आए प्रवासियों और स्थानीय भक्तों की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होने के कारण पिछले 5 साल से लॉटरी के जरिए श्रद्धालुओं का मंगला आरती के लिए चयन किया जाता है। इसके माध्यम से करीब 600 श्रद्धालुओं को पास देकर मंगला आरती में शामिल किया जाता है। लॉटरी प्रक्रिया में जिस महिला का नाम निकला, उसे पास देकर आरती में शामिल किया गया। मंदिर ट्रस्ट के रमेश पाटोदिया ने बताया कि मंगला आरती में महिलाओं को शामिल करने के लिए मंदिर ट्रस्ट द्वारा पांच-छह साल से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन पुरुषों के साथ महिलाओं के शामिल होने से संख्या इतनी बढ़ जाती कि भगदड़ मचने की आशंका रहती थी। यह परेशानी भी थी कि आरती में किसे शामिल करें, किसे मना करें। श्रद्धालुओं की संख्या कम रहे। इसके लिए लॉटरी के माध्यम से पास की व्यवस्था की गई। इसमें मंदिर ट्रस्टी सहित करीब 500-600 श्रद्धालु शामिल होते हैं। पहली बार महिला सशक्तिकरण के लिए महिलाओं को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इस बार लॉटरी प्रक्रिया में महिला श्रद्धालुओं को भी शामिल किया गया। लॉटरी में जिस महिला का नंबर आया, उसे पास देकर मंगला आरती में प्रवेश दिया। तड़के तीन बजे पंडित अनिल शास्त्री व पंडित रामभोर के आचार्यत्व में ट्रस्टियों ने पूजा के बाद मंगला आरती की। इसके बाद सुबह चार बजे से आनंद द्वार से प्रवेश देकर दर्शनार्थियों के लिए बैठी पूजा, खड़ी पूजा व दर्शन पूजा की व्यवस्था शुरू की गई। वार्षिक पूजा के मौके पर प्रधान मंडप व मंदिर परिसर को फूलों व रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया। मंदिर के बाहर लगी अस्थायी दुकानों पर प्रवासियों ने जमकर खरीदारी की। रात 11 बजे शयन आरती के बाद प्रधान पट बंद किए गए। इस दौरान मंदिर ट्रस्ट के रमेश पाटोदिया, विवेक रुईया, देवेंद्र झुंझुनूंवाला, सीकर कलेक्टर आशीष मोदी, झुंझुनूं कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, अशोक जालान, रमेश जालान, मंदिर प्रबंधक लक्ष्मीकांत शर्मा, मनीष अग्रवाल, राजकुमार मोरवाल, सुमित गाड़िया, बजरंगलाल शेखावत, अतिरिक्त प्रबंधक विपुल छक्कड़ आदि मौजूद थे।