64 साल बाद हुआ ऐसा... गेंदबाजों ने बल्ले से बचाई पाकिस्तान की नाक, बनाए इतने सार रन

Published on 11 सित॰ 2026

64 साल बाद हुआ ऐसा… गेंदबाजों ने बल्ले से बचाई पाकिस्तान की नाक, बनाए इतने सार रन

गेंदबाजों ने बल्ले से बचाई पाकिस्तान की नाक. (फोटो- GETTY)

England vs Pakistan, 3rd Test: इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में तीसरे दिन पाकिस्तानी टीम ने चमत्कारी वापसी की है. पहली पारी में सिर्फ 133 रनों पर सिमटने और इंग्लैंड के 453 रनों के जवाब में 320 रनों से पिछड़ने के बाद, पाकिस्तान की दूसरी पारी में टैलेंडर्स ने वो कारनामा कर दिखाया जो पिछले 64 सालों में नहीं हुआ था. पाकिस्तान ने दूसरी पारी में 449 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में यह सिर्फ दूसरा मौका है जब पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट मैच की तीसरी या चौथी पारी में 400 से ज्यादा का स्कोर बनाया हो. इससे पहले पाकिस्तान ने साल 1962 में कराची टेस्ट के दौरान इंग्लैंड के खिलाफ दूसरी पारी में 404 रन बनाए थे.

0 पर 2 विकेट गंवाने के बाद टॉप ऑर्डर ने संभाला

320 रनों की विशाल लीड के दबाव में दूसरी पारी खेलने उतरी पाकिस्तानी टीम की शुरुआत काफी खराब रही. सैम अयूब और अब्दुल्ला शफीक बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए. इसके बाद अजान अवैस और शान मसूद ने तीसरे विकेट के लिए 125 रन जोड़े. फिर बाबर आजम ने भी 76 रन का उपयोगी योगदान देकर पाकिस्तान को मैच में बनाए रखा. हालांकि, जब 318 रन पर 8 विकेट गिर चुके थे, तब लग रहा था कि इंग्लैंड जल्द ही मैच अपनी मुट्ठी में कर लेगा.

रजाउल्लाह का 9 छक्कों वाला तूफान

नंबर 9 पर आए डेब्यूटेंट गेंदबाज रजाउल्लाह और नंबर 10 पर अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने इंग्लिश गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं. रजाउल्लाह ने टी20 के अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 63 गेंदों में 128.57 की स्ट्राइक रेट से 81 रन कूट डाले. अपनी इस आतिशी पारी में उन्होंने 4 चौके और 9 छक्के जड़े. इसी के साथ उन्होंने डेब्यू टेस्ट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली.

दूसरे छोर से मोहम्मद अब्बास ने 67 गेंदों का सामना करते हुए 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से अहम 42 रन बनाए. इन दोनों गेंदबाजों की बेखौफ बल्लेबाजी ने मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया और पाकिस्तान को 129 रनों की बढ़त दिला दी. इस दौरान दोनों खिलाड़ियों के बीच 9वें विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी हुई. इस जोड़ी ने न सिर्फ पाकिस्तान को पारी की शर्मनाक हार से बचाया, बल्कि तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक मुकाबले को रोमांचक मोड़ पर ला खड़ा किया. इंग्लैंड को इस मुकाबले को जीतने के लिए अब 130 रनों का टारगेट मिला है.

मोहिद खान

मोहिद खान

मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्‍लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.

Read More

google button