भोपाल में गणेश मूर्तियों के विसर्जन की तैयारी: 7 घाट पर 13 क्रेन, 12 पोकलेन, 184 गोताखोर तैनात; रास्तों में लगाई 1665 लाइट - Bhopal News

Published on 23 सित॰ 2026

भोपाल में प्रथम पूज्य श्री गणेश को भक्त विदाई दे रहे हैं। डोल ग्यारस (एकादशी) से ही मूर्तियों का विसर्जन शुरू हो गया है, जो अनंत चतुर्दशी तक चलेगा।

.

जगह-जगह से विसर्जन जुलूस निकाले जाएंगे। ऐसे में घाटों पर कोई हादसा न हो, इसलिए नगर निगम और पुलिस ने प्लान बनाया है। सभी घाटों पर लाइफ जैकेट, ट्यूब आदि संसाधनों के साथ कर्मचारी तैनात रहेंगे तो लोगों के पानी में उतरने की मनाही रहेगी।

नगर निगम दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर स्टॉल लगाएगा। जहां पर लोग मूर्तियां दे सकेंगे। फिर सामूहिक रूप से विसर्जन होगा। सभी प्रमुख 7 घाटों पर 13 क्रेन, 12 पोकलेन और 184 गोताखोर तैनात रहेंगे। क्रेन और पोकलेन की मदद से भक्त मूर्तियों का विसर्जन कर सकेंगे।

लोग विसर्जन जुलूस या चल समारोह निकालकर घाटों पर पहुंचेंगे। ऐसे में घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था बड़ी चुनौती रहेगी। जिसकी तैयारियां जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने कर ली है।

पूजा के बाद मूर्तियों को लेगा निगम शहर के लालघाटी चौराहा, गांधी नगर, करोंद चौराहा, कोलार, रायसेन रोड, अवधपुरी समेत पुराने शहर के दो दर्जन से ज्यादा स्थानों पर नगर निगम मूर्तियों के लिए स्टॉल लगाएगा। पूजा के बाद लोग मूर्तियां स्टॉल तक लाएंगे। इसके बाद निगम उनका सामूहिक रूप से विसर्जन करेगा। कई स्थानों पर स्टॉल बना दिए गए हैं।

इन घाटों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था खटलापुरा, प्रेमपुरा, संत हिरदाराम नगर बैरागढ़, हथाईखेड़ा डैम, शाहपुरा एवं आर्च ब्रिज के घाट पर कड़ी सुरक्षा रहेगी। पुलिस कंट्रोल रूम से भी यहां पर नजर रखी जाएगी। इन घाटों पर दो दिन में डेढ़ हजार से ज्यादा मूर्तियों का विसर्जन हो चुका है।

ये संसाधनों के रहेंगे तैनात लाइफ जैकेट, लाइफ बॉय, ट्यूब, रस्सी बंडल और पीए सिस्टम के साथ नगर निगम के कर्मचारी घाटों पर तैनात रहेंगे। तैराकों की ड्यूटी भी लगाई गई है।

घाट-चल समारोह के रास्तों पर बिजली की व्यवस्था निगम के अनुसार, प्रेमपुरा, रानी कमलापति, शाहपुरा, खटलापुरा, हथाईखेडा, मालीखेड़ी व बैरागबढ़ विसर्जन घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था के लिए 1090 एलईडी फ्लेट लाइट्स लगाई गई है, जबकि चल समारोह मार्गों पर 575 फ्लेट लाईट्स अतिरिक्त रूप से लगाई गई है।

अनंत चतुर्दशी पर बदली रहेगी ट्रैफिक व्यवस्था

  • मुख्य चल समारोह: रात 7 बजे भारत टॉकीज से शुरू होकर इतवारा, मंगलवारा, हनुमानगंज, जुमेराती, पीरगेट, रेतघाट और कमला पार्क होते हुए कमलापति घाट पहुंचेगा।
  • अन्य विसर्जन मार्ग: पॉलिटेक्निक, डिपो, 25वीं बटालियन और भदभदा तिराहे से प्रतिमाएं प्रेमपुरा घाट जाएंगी।
  • भारी वाहनों पर रोक: सुबह 8 बजे से खजूरी सड़क, मुबारकपुर, लांबाखेड़ा, 11 मील, रातीबड़, लालघाटी, एयरपोर्ट, करोंद और भानपुर समेत कई मार्गों से भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
  • शाम 5 बजे से रोक: भारत टॉकीज, अल्पना तिराहा, नादरा बस स्टैंड और भोपाल टॉकीज की ओर सिटी बस व मैजिक का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
  • शाम 6 बजे से बदलाव: मंगलवारा, दयानंद चौक, जुमेराती और पुरानी सब्जी मंडी से घोड़ा नक्कास व बस स्टैंड की ओर यातायात बंद रहेगा।
  • बड़ी प्रतिमाओं का रूट: 4 मीटर से अधिक चौड़े ट्राले पर प्रतिमाएं रोशनपुरा-माता मंदिर-पीएनटी-भारत टॉकीज या माता मंदिर-मैनिट होकर भदभदा व प्रेमपुरा घाट जाएंगी।

हेल्पलाइन: यातायात संबंधी सहायता के लिए 0755-2677340 पर संपर्क कर सकते हैं।