बीकानेर में बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, 8 महीने से भारत में जमाए थी डेरा... गुजरात से राजस्थान तक खंगाले जा रहे तार

Published on 29 अग॰ 2026

बीकानेर में बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, 8 महीने से भारत में जमाए थी डेरा... गुजरात से राजस्थान तक खंगाले जा रहे तार

राजस्थान पुलिस (सांकेतिक तस्वीर)

Bangladeshi Woman Detained in Rajasthan: राजस्थान के सीमवर्ती जिले में एक संदिग्ध बांग्लादेशी महिला पकड़ी गई है. महिला की पहचान नीला (27), पत्नी सैफुमुल्ला के रूप में की गई है. पुलिस ने महिला को गिरफ्तार किया है. गुरुवार को सीआईडी इंटेलिजेंस से मिले इनपुट के आधार पर ये कार्रवाई की गई. जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना पुलिस ने अशोक नगर क्षेत्र में महिला को उसके डेरे से पकड़ा.

पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है. शुरुआती पूछताछ में पुलिस को पता चला है कि महिला बांग्लादेश से भारत आने के बाद अलग-अलग जगहों पर रही. महिला करीब आठ महीने से भारत में रह रही थी. मजदूरी की तलाश में वह गुजरात भी गई और बाद में बीकानेर पहुंची. अब जांच एजेंसियां ये पता लगाने में जुट गई हैं कि महिला नीला ने किस रास्ते से भारत में प्रवेश किया और वो यहां तक किस तरह से पहुंची.

महिला के पास मिले दस्तावेजों और सामान की जांच

पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही हैं कि महिला के पास वैध पासपोर्ट, वीजा या अन्य यात्रा दस्तावेज है या नहीं. महिला ने पूछताछ के दौरान बंग्लादेश में जो अपना पता और पारिवारिक पृष्ठ भूमि बताई है, उससे संबंधित जानकारी भी जुटाई जा रही है. महिला के पास मिले दस्तावेजों और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है.

पिछले आठ महीनों के दौरान महिला किन किन शहरों में रही और किन लोगों के संपर्क किया, इस बात की जानकारी एकत्र की जा रही है. उसके मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और आर्थिक लेनदेन से जुड़ी जांच भी की जा रही है. एजेंसियां यह जानने की भी कोशिश कर रही हैं कि बिकानेर में महिला को ठहरने की जगह किसने उपलब्ध कराई? क्या वह किसी व्यक्ति या नेटवर्क के संपर्क में थी?

मामले में पुलिस की ओर से क्या बताया गया?

जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना अधिकारी ने बताया कि फिलहाल महिला पुलिस की हिरासत में है. चूंकि मामला विदेशी नागरिक के भारत में रहने और सुरक्षा से जुड़ा है, इसलिए अन्य एजेंसियों को भी मामले मे आगे की जांच के लिए शामिल किया गया है. संयुक्त जांच समिति महिला से पूछताछ करेगी.

ये भी पढ़ें: राजस्थान: मंत्री बाहर, करीबी अंदर किरोड़ीलाल मीणा को स्वाइन फ्लू, SMS अस्पताल में हेल्थ मिनिस्टर को मिलने से रोका

वरुण कुमार

वरुण कुमार

वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.

Read More

google button