मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बुरहानपुर जिले के 8115 किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपए की मुआवजा राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से ट्रांसफर की। यह राशि प्राकृतिक आपदा से खराब हुई केला फसल के नुकसान की भरपाई के लिए दी गई है।
.
यह कार्यक्रम गुरुवार को बुरहानपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान हुआ। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भोपाल से वर्चुअली इस कार्यक्रम से जुड़े और किसानों को संबोधित करते हुए राशि जारी की।
जिले में 29, 30 मई और 1 जून की सुबह तेज हवा और आंधी के कारण केला फसल को भारी नुकसान पहुंचा था। कुल 8963 हेक्टेयर क्षेत्र में लगी केला फसल इस प्राकृतिक आपदा से तबाह हो गई थी।
इस अवसर पर खंडवा संसदीय सीट से सांसद ज्ञानेश्वर पाटील, बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस, नेपानगर विधायक मंजू दादू, कलेक्टर हर्ष सिंह, एसपी आशुतोष बागरी सहित अन्य अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

सांसद बोले- राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि बुरहानपुर का केला देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। प्राकृतिक आपदा के बाद किसानों को राहत दिलाने के लिए लगातार प्रयास किए गए। बुरहानपुर के 8115 किसानों के खातों में 107 करोड़ 72 लाख रुपए की राहत राशि सीधे अंतरित हुई है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों से जुड़े प्रत्येक विषय को वे आगे भी पूरी मजबूती के साथ शासन स्तर पर उठाते रहेंगे।

विधायक ने कहा- पहली बार पारदर्शिता से सर्वे बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनिस ने कहा- किसानों के नुकसान की भरपाई सरकार ने अच्छी तरह से की है। सर्वे के बाद सूची भी पंचायतों में चस्पा की गई थी। मैंने पहली बार अपने राजनीतिक जीवन में पारदर्शिता से सर्वे होते देखा। इस बार मुआवजा उन्हीं किसानों को मिला जो खेती कर रहे हैं। पंचनामा कर किराए पर, बंटाई पर खेती कर रहे किसानों के खाते में पैसा डाला गया।
नेपानगर विधायक मंजू राजेंद्र दादू ने कहा- प्रदेश सरकार ने प्राकृतिक आपदा से प्रभावित किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समय पर राहत राशि उपलब्ध कराई है। उन्होंने कहा कि 107 करोड़ 72 लाख रुपए की यह सहायता किसानों के लिए नए कृषि सीजन की तैयारी में बड़ा संबल बनेगी।
वहीं इस दौरान आयोजित बलराम कृषि महोत्सव के दौरान किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, गुणवत्तायुक्त बीज, जैविक खेती, प्राकृतिक संसाधन संरक्षण, फसल पोषण प्रबंधन तथा नवीन कृषि नवाचारों की विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों का मार्गदर्शन किया तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मनोज माने, महापौर माधुरी पटेल आदि भी मौजूद रहे।