हार की हताशा में राहुल गांधी कर रहे षड्यंत्र… BJP विधायक संजय उपाध्याय का कांग्रेस पर बड़ा हमला| Navbharat Live

Published on 23 जुल॰ 2026

Updated On: Jul 23, 2026 | 08:11 PM IST

विज्ञापन

सार

Sanjay Upadhyay On Rahul Gandhi: NEET विवाद मामले पर BJP विधायक संजय उपाध्याय का राहुल गांधी पर हमला। उन्होंने कहा कि Fast-Track Court का फैसला ऐतिहासिक है और हताशा में राहुल षड्यंत्र रच रहे हैं।

bjp mla sanjay upadhyay attacks rahul gandhi over neet issue

राहुल गांधी और संजय उपाध्याय (सोर्स: सोशल मीडिया)

विस्तार

Sanjay Upadhyay Attacks Rahul Gandhi: भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने नीट पेपर लीक मामले, शिवसेना यूबीटी के बागी सांसदों के शिवसेना में विलय से जुड़े विवाद और प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन करने को लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर जुबानी हमला किया।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने पेपर लीक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा फास्ट-ट्रैक कोर्ट में मामलों की सुनवाई कराने की घोषणा विद्यार्थियों के हित में एक बड़ा और महत्वपूर्ण फैसला है।

SIT का गठन और त्वरित सुनवाई से भविष्य में रुकेगा भ्रष्टाचार

संजय उपाध्याय ने कहा कि नीट पेपर लीक होने के बाद सरकार ने तुरंत एसआईटी का गठन किया, आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई। प्रधानमंत्री मोदी ने आज घोषणा की है कि पेपर लीक से जुड़े मामलों का निपटारा फास्ट-ट्रैक कोर्ट में किया जाएगा, जिससे दोषियों को जल्द सजा मिलेगी। पेपर लीक की घटनाएं कोई नई नहीं हैं और वर्षों से इस तरह के भ्रष्टाचार के मामले सामने आते रहे हैं। जब अदालत का फैसला आएगा और दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी, तो भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी। उन्होंने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता देना सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

सम्बंधित ख़बरें

उद्धव ठाकरे करें आत्मचिंतन

शिवसेना यूबीटी के बागी सांसदों के शिवसेना में विलय से जुड़े मामले पर संजय उपाध्याय ने कहा कि संसद सर्वोच्च संस्था है और संसद के भीतर होने वाली कार्यवाही पर निर्णय लेने का अधिकार संविधान के अनुसार लोकसभा स्पीकर को है। यदि किसी दल के दो-तिहाई सांसद अलग होते हैं, तो उस पर फैसला लेने का अधिकार स्पीकर के पास है और उन्होंने वही किया है। उद्धव ठाकरे को आत्मचिंतन करना चाहिए कि उनके विधायक, सांसद और यहां तक कि मंत्री भी उनका साथ क्यों छोड़ते गए। हिंदुत्व और बालासाहेब ठाकरे के विचारों से दूरी बनाने के कारण उद्धव ठाकरे ने अपने साथियों और महाराष्ट्र की जनता का विश्वास खो दिया। कानूनी रूप से भी उन्हें किसी बड़ी राहत मिलने की संभावना नहीं दिखाई देती।

चुनावी हार से हताश राहुल गांधी

प्रधानमंत्री आवास के बाहर प्रदर्शन और राहुल गांधी के राजनीतिक रुख पर हमला बोलते हुए भाजपा विधायक ने कहा कि 2014 में एक साधारण परिवार से आने वाले और चाय बेचने वाले व्यक्ति नरेंद्र मोदी को देश ने प्रधानमंत्री बनाया और तब से उन्होंने गरीब कल्याण तथा जनहित के अनेक कार्यों के जरिए जनता का विश्वास जीता है। लगातार हो रही चुनावी हार से विपक्ष, विशेषकर राहुल गांधी, निराश और हताश हैं। राहुल गांधी हर चुनाव से पहले षड्यंत्र, भ्रष्टाचार के आरोप और राजनीतिक अस्थिरता का माहौल बनाने की कोशिश करते हैं।

विपक्ष युवाओं और किसानों के माध्यम से देश में अस्थिरता पैदा करने का प्रयास कर रहा है। भारत की आंतरिक और बाहरी सुरक्षा व्यवस्था, सेना, पुलिस और लोकतांत्रिक संस्थाएं मजबूत हैं और इस प्रकार की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देंगी।

यह भी पढ़ें: सोशल मीडिया पोस्ट नहीं, शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लें PM मोदी, शिवसेना UBT प्रवक्ता आनंद दुबे का कड़ा हमला

भाजपा विधायक संजय उपाध्याय ने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में जनता का विश्वास आज भी कायम है और भविष्य में भी बना रहेगा। राहुल गांधी की राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं केवल सपने बनकर रह जाएंगी, क्योंकि देश की जनता प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ी है।

Follow Navbharatlive whatsapp