9-11 सितंबर को वोटिंग और 14 को नतीजे... राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी

Published on 19 अग॰ 2026

9-11 सितंबर को वोटिंग और 14 को नतीजे... राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी

राजस्थान नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी.

राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है. राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने चुनाव कार्यक्रम जारी करते हुए बताया कि 309 नगर निकाय और 10 नगर निगमों में चुनाव होंगे. ये इलेक्शन दो चरणों में होंगे, जिसमें 9 सितंबर को पहला और 11 सितंबर को दूसरा फेज होगा. इसके बाद 14 सितंबर को मतगणना होगी.

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने बताया कि 1.44 करोड़ मतदाता हैं, जो कि 10 हजार 245 वार्डों में होने वाले मतदान में हिस्सा लेंगे. सबसे ज्यादा मतदाता जयपुर नगर निगम में हैं. यहां 24 लाख से ज्यादा वोटर हैं. नगर निकायों के अध्यक्ष के चुनाव 21 सितंबर और उपाध्यक्ष के चुनाव 22 सितंबर को होंगे. उसी दिन वोटों की गिनती होगी.

चुनाव में 1.15 लाख कर्मचारियों की लगेगी ड्यूटी

राजेश्वर सिंह ने बताया कि अधिसूचना जारी होते ही तत्काल प्रभाव से आदर्श आचार संहिता भी लग गई है. इस चुनाव में 1.15 लाख कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी. साथ ही नगर निकाय चुनाव में 98 हजार 790 पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी.

अधिसूचना जारी होने से पहले जूली का बयान

अधिसूचना जारी होने के कुछ देर पहले राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने निकाय चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा किउम्मीद है कि एक-दो दिन में आचार संहिता लागू हो सकती है, हो सकता है कि आज ही लागू हो जाए. ये चुनाव बहुत मुश्किल से हो रहे हैं. यह सरकार तो चुनाव करवाना ही नहीं चाहती थी और संविधान का सम्मान भी नहीं कर रही थी.

इस सरकार की मंशा साफ नहीं: टीकाराम जूली

जूली ने कहा, हम कोर्ट गए और कोर्ट के निर्देशों के बाद अब चुनाव लगभग तय हो गए हैं. हालांकि, कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा होने पर ही हमें पता चलेगा. जिस तरह से उन्होंने SC, ST और OBC आरक्षण के लिए लॉटरी निकाली है, उससे उनका प्रतिनिधित्व कम हो गया है. कई जिलों में तो 50 प्रतिशत आरक्षण भी नहीं दिया गया है. इस सरकार की मंशा साफ नहीं है.

ध्वज आर्य

ध्वज आर्य

राजस्थान में 2008 से पत्रकारिता के सफर की शुरुआत. 18 वर्षों के पत्रकारिता करियर में राजनीति, सामाजिक मुद्दे, विकास, अपराध और ग्राउंड रिपोर्टिंग पर काम. खबर की तह तक जाने, तथ्यों की पुष्टि करने और जटिल विषयों को सरल भाषा में जनता तक पहुंचाने में विशेषज्ञता. प्रिंट से डिजिटल मीडिया तक के बदलाव को करीब से देखा. प्रिंट ,डिजिटल और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्लेटफार्म पर काम का अनुभव. पत्रकारिता की शुरुआत के 10 साल क्राइम रिपोर्टिंग की. पूर्व में समाचार प्लस, इंडिया न्यूज, दैनिक भास्कर और अब नेशनल चैनल TV9 भारतवर्ष में राजस्थान ब्यूरो चीफ की जिम्मेदारी. इस सफर के दौरान ब्रेकिंग न्यूज से लेकर इन्वेस्टिगेशन स्टोरी के साथ कई बड़े खुलासे, कई बड़े चुनाव, आपदा, बड़े आंदोलनों की ग्राउंड ज़ीरो से कवरेज समेत भारत पाकिस्तान युद्ध (ऑपरेशन सिंदूर) को कवर किया. क्राइम की खबरों, बड़े राजनीतिक घटनाक्रम और युद्ध कवरेज में सबसे ज्यादा रूचि. मेरा मानना है कि खबर सिर्फ एक घटना नहीं है, उसके पीछे का सच भी है. पत्रकारिता का काम सत्ता पक्ष से सवाल पूछना और जनता की आवाज़ बनना है. निष्पक्षता, गति और सटीकता मेरी रिपोर्टिंग के तीन स्तंभ हैं.

Read More

google button