
अमेरिका में हुए 9/11 हमले के 25 साल पूरे
11 सितंबर 2001… ये वो तारीख है जिसे अमेरिका कभी नहीं भुला सकता है. यह अमेरिकी इतिहास का सबसे भयानक और जख्म देने वाला दिन है. आज से ठीक 25 साल पहले अल-कायदा के आतंकियों ने वर्ल्ड ट्रेड सेंटर को निशाना बनाकर ऐसा तांडव मचाया, जिसने पूरी दुनिया को हिला कर रख दिया था. आज भी इस दिन को याद कर वो खौफनाक मंजर आंखों के सामने छा जाता है. इस बीच 9/11 की 25वीं बरसी पर अल-कायदा ने ओसामा के बेटे का एक वीडियो जारी किया है, जिसे 7 साल पहले अमेरिका ने मृत घोषित किया था.
11 सितंबर के हमलों की 25वीं बरसी पर, अल-कायदा ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें हमजा बिन लादेन को दिखाया गया है. हमजा अल-कायदा प्रमुख ओसामा बिन लादेन का बेटा और नामित उत्तराधिकारी है, जिसे कथित तौर पर 2019 में अमेरिकी आतंकवाद विरोधी अभियान में मार दिया गया था.
50 मिनट के वीडियो में दिखा हमजा
यह फुटेज अल-कायदा के आधिकारिक मीडिया विंग अस-सहब द्वारा 11 सितंबर, 2001 के हमलों की 25वीं बरसी के अवसर पर जारी किया गया. इसका शीर्षक ‘ए क्वार्टर सेंचुरी ऑफ द 11 सितंबर रेड्स’ रखा गया है. इस वीडियो में हमजा की मौजूदगी ने खुफिया विश्लेषकों का ध्यान आकर्षित किया है क्योंकि इससे पहले ऐसी खबरें आई थीं कि वह अफगानिस्तान-पाकिस्तान सीमा पर मारा गया था. 50 मिनट के इस वीडियो में हमजा कई बार दिखाई देता है. इसके अलावा वीडियो में अल-कायदा के पूर्व प्रमुख अयमान अल-जवाहिरी की कुछ ऐसी तस्वीरें भी दिखाई गई हैं, जो पहले सार्वजनिक नहीं हुई थीं.
पारंपरिक सफेद पगड़ी पहनी
वीडियो में हमजा एक टूटी हुई मिट्टी की दीवार के सहारे बैठा हुआ दिखाई दे रहा है, उसने पारंपरिक सफेद पगड़ी पहन रखी है और उसके बगल में एक असॉल्ट राइफल रखी है. यह फुटेज हमजा का अब तक का सबसे पहला वीडियो है जिसमें वह दिखाई दे रहा है.
खबरों के मुताबिक, समूह ने ज़वाहिरी की मौत को स्वीकार नहीं किया है और न ही उसके लिए अपना पारंपरिक शोक संदेश जारी किया है. इसके बजाय, वीडियो का मकसद अल-कायदा के वर्तमान प्रमुख सैफ अल-अदल से जुड़े वैचारिक सिद्धांत को बढ़ावा देना है. साथ ही संगठन ने अपने प्रचार और भर्ती संदेशों में बिन लादेन परिवार के नाम का इस्तेमाल किया है. वीडियो की शुरुआत में अल-कायदा के अंतरराष्ट्रीय हमलों के बजाय एक क्षेत्रीय अभियान पर ध्यान केंद्रित किया गया है. इसके शुरुआती फुटेज में सितंबर 2014 में अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट द्वारा कराची नौसैनिक अड्डे पर किए गए हमले को दिखाया गया है.
2019 में आई थी मौत की खबर
हमजा बिन लादेन को लंबे समय तक अल-कायदा में ओसामा बिन लादेन के संभावित उत्तराधिकारी के तौर पर देखा जाता था. हालांकि 2019 में अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से उसके मारे जाने की खबरें सामने आई थीं. बाद में उसकी मौत से जुड़ी ज्यादा जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई. नए वीडियो में हमजा के दिखाई देने से उसकी मौत को लेकर पुराने दावों पर फिर सवाल उठ रहे हैं. हालांकि अल-कायदा ने वीडियो के जरिए इस संबंध में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी है.
9/11 हमलों में मारे गए थे 2,977 लोग
11 सितंबर 2001 को अल-कायदा के 19 आतंकियों ने अमेरिका में चार यात्री विमानों का अपहरण किया था. दो विमानों को न्यूयॉर्क के वर्ल्ड ट्रेड सेंटर से टकराए जिससे ट्विन टावर्स ढह गए. वहीं तीसरा विमान पेंटागन से टकराया. जबकी चौथा विमान यात्रियों के विरोध के बाद पेंसिल्वेनिया के शैंक्सविल के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ था.
इन हमलों में 2,977 लोगों की मौत हुई थी और इसके बाद दुनियाभर की सुरक्षा व्यवस्था में बड़े बदलाव हुए. 25वीं बरसी पर अमेरिका में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए गए. जिसमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क में आयोजित मुख्य स्मरणोत्सव कार्यक्रम के बजाय पेंटागन में एक समारोह में भाग लिया. इसी दौरान हमजा बिन लादेन का वीडियो सामने आने से अल-कायदा और उसके पुराने नेतृत्व को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है.

जूही उरूषा खान
जूही उरूषा खान पिछले 12 साल से पत्रकारिता से जुड़ी हुई हैं. भोपाल के माखनलाल चतुर्वेदी विश्वविद्यालय से फिल्म जर्नलिज्म की पढ़ाई की. इसके बाद दिल्ली आकर BAG में एंटरटेनमेंट बीट पर इंटर्नशिप की. बाद में CNEB न्यूज चैनल में एंटरटेनमेंट बीट में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया, साथ ही प्रोग्रामिंग को भी देखा.<p></p>CNEB के बाद VOICE OF INDIA में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर काम करना शुरू किया. यहां से फिर जनसंदेश न्यूज चैनल के साथ जुड़ीं और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके बाद 4 REAL NEWS चैनल में करीब चार साल न्यूज के साथ ही प्रोग्रामिंग और धार्मिक शोज पर काम किया.<p></p>यहां से राज्यसभा टीवी का रुख किया और प्रोग्रामिंग में काम किया. इसके साथ ही एंकरिंग करना भी शुरू की. इसके बाद सूर्या समाचार में प्रोग्रामिंग में एंटरटेनमेंट बीट पर बतौर प्रोड्यूसर काम किया.<p></p>जी बिहार झारखंड में भी काम करने का अनुभव है. फिलहाल टीवी9 भारतवर्ष से जुड़ी हुई हैं.
Read More