
अजमेर में चेन स्नेचचर्स की हुई जबरदस्त कुटाई Image Credit source: X/@trNk_9300
अजमेर की सड़कों पर दिनदहाड़े एक ऐसा फिल्मी ड्रामा हुआ, जिसे देखकर आपकी आंखें खुली की खुली रह जाएंगी. चेन स्नेचिंग करने आए दो शातिर चोर अपनी ही चाल में ऐसे फंसे कि पहले खुद सड़क पर धड़ाम से गिरे, फिर नकली पिस्तौल का डर दिखाकर चेन लूटी और आखिर में जनता ने उनकी ऐसी खातिरदारी की कि वे जिंदगी भर याद रखेंगे. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
स्कूटर पर हमला और खुद का दुर्घटना का शिकार होना
यह पूरी घटना राजस्थान के अजमेर की है. रिटायर्ड डॉक्टर महेंद्र जैन अपनी पत्नी सुचित्रा जैन के साथ आराम से अपने स्कूटर पर सवार होकर घर लौट रहे थे. उन्हें जरा भी अंदाजा नहीं था कि मौत या आफत उनके पीछे-पीछे आ रही है. एक बाइक पर दो बदमाश काफी देर से उनकी टोह ले रहे थे. जैसे ही सूने रास्ते पर मौका मिला, पीछे बैठे बदमाश ने चलती गाड़ी पर हाथ मारा और महिला के गले से सोने की चेन खींचने की कोशिश की. लेकिन कहते हैं ना कि पाप का घड़ा भरते ही इंसान का संतुलन बिगड़ जाता है. ठीक वैसा ही हुआ, चेन खींचते ही बाइक का बैलेंस बिगड़ गया और दोनों बदमाश अपनी ही बाइक समेत सड़क पर जोरदार तरीके से जा गिरे.
नकली पिस्तौल का ड्रामा और पब्लिक का हीरो
गिरने के बाद भी इन चोरों की अकड़ कम नहीं हुई. एक चोर ने तुरंत उठकर अपनी जेब से एक पिस्तौल निकाली और महिला को डराकर जबरन चेन छीन ली. उन्हें लगा कि हथियार देखकर लोग डर जाएंगे और वे आसानी से भाग निकलेंगे. लेकिन वे भूल गए थे कि यह जनता है, डरने वाली नहीं.
तभी वहां एक स्थानीय युवक, जिसने काले रंग की बनियान पहन रखी थी, फरिश्ता बनकर सामने आया. उसने बिना एक सेकंड की भी देरी किए दौड़ लगाई और फुर्ती दिखाते हुए एक चोर की गर्दन दबोच ली. उस युवक की हिम्मत देखकर आसपास के बाकी लोग भी तुरंत दौड़ पड़े. फिर क्या था, चोरों की सारी हेकड़ी पलभर में हवा हो गई और पब्लिक ने दोनों की जमकर धुलाई कर दी.
सोशल मीडिया पर वायरल और पुलिस की एंट्री
इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल चुका है. लोग X (पूर्व में ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर उस स्थानीय युवक की बहादुरी और जांबाजी की जमकर तारीफ कर रहे हैं. हालांकि, मामला सिविल लाइन थाना पुलिस तक पहुंचा और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच भी शुरू कर दी, लेकिन राहत की बात यह रही कि इस मामले में कोई औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज नहीं कराई गई. इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जब जनता खुद जाग जाए, तो बदमाशों के हौसले अपने आप पस्त हो जाते हैं.
यहां देखिए वायरल वीडियो
अजमेर में रिटायर पति और पत्नी के साथ live वारदात
भाई की हिम्मत के कारण समौके पर ही चोर पकड़ा गया pic.twitter.com/Dn2q6RNr3K
— 🅰️©️H🅰️🇷Y🇦 0⃣.3⃣ (@trNk_9300) September 14, 2026

अभिषेक राय
अभिषेक राय (Abhishek Roy) अभी TV9 भारतवर्ष के डिजिटल विंग में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (Assistant News Editor) हैं. पत्रकारिता में उन्हें 14 साल से ज्यादा का अनुभव है और इस फील्ड में उनकी अपनी एक अलग पहचान है. अपने करियर में उन्होंने कई बड़े मीडिया संस्थानों में काम किया है. शुरुआत में वे भोपाल के 'पीपुल्स समाचार' अखबार (Peoples Samachar) से जुड़े. यहां उन्होंने प्रिंट मीडिया का काम सीखा. इसके बाद वे दैनिक भास्कर (Dainik Bhaskar) ग्रुप में लंबे समय तक रहे. खास बात ये कि उन्होंने भास्कर के अखबार और वेबसाइट, दोनों जगह काम किया. इससे उन्हें पुरानी और नई, दोनों तरह की पत्रकारिता का अनुभव मिला. अभिषेक ने अहमदाबाद के 'जानो दुनिया' (Jano Duniya) न्यूज चैनल में भी काम किया. यहां उन्होंने टीवी मीडिया में अपनी काबिलियत दिखाई. अभिषेक को राजनीति और विदेशी मामलों की अच्छी समझ है. वे राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक घटनाक्रमों और वैश्विक कूटनीति को बहुत ही बारीकी से समझते हैं. हालांकि, वर्तमान में डिजिटल मीडिया की बदलती मांग को देखते हुए वे अपनी बहुमुखी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं. इन दिनों वे ट्रेंडिंग खबरों, वायरल टॉपिक्स और हटके कंटेंट पर काम कर रहे हैं. अभिषेक के लिए पत्रकारिता महज एक पेशा या सिर्फ पाठकों तक सूचनाएं या खबरें पहुंचाना नहीं है. उनका विजन और उद्देश्य इससे कहीं अधिक व्यापक है. वे मानते हैं कि एक पत्रकार के रूप में उनकी जिम्मेदारी है कि पाठकों को हर बार कुछ नया और अनूठा पढ़ने को मिले. कंटेंट ऐसा हो जो पाठकों की सोच के दायरे को विस्तृत करे और उन्हें एक नया नजरिया दे. अभिषेक को पत्रकारिता के साथ-साथ ट्रैवलिंग का भी शौक है. भागदौड़ भरी जिंदगी से जब भी फुर्सत मिलती है, वे पहाड़ों की तरफ निकल जाते हैं और सुकून के पल बिताते हैं.
Read More