Aug 06, 2026 03:10 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
Anupamaa Spoiler Alert: अनुपमा सीरियल का नया प्रोमो वीडियो जारी कर दिया गया है। अपकमिंग एपिसोड में आप देखेंगे कि गुस्से में लीला और वसुंधरा के बीच बात कुछ ज्यादा ही बढ़ जाएगी।

अनुपमा सीरियल में आगे कुकिंग कॉम्पटिशन में चीजें काफी ज्यादा बिगड़ने वाली हैं। लीला और वसुंधरा एक टास्क के दौरान आपसी गुस्से की वजह से बाल-बाल बचेंगी।
Anupamaa Spoiler Alert in Hindi: अनुपमा सीरियल का गुरुवार का एपिसोड काफी दिलचस्प रहने वाला है। एक तरफ जहां माही अपनी गलती और अनुपमा को धोखा देने के लिए आकर माफी मांगेगी और ट्रॉमा को ढाल बनाएगी। इस पर अनुपमा उसे समझाएगी कि आजकल के बच्चों ने ट्रॉमा शब्द को खिलौना बना लिया है। वह इस शब्द की गंभीरता को नहीं समझते हैं और जगह-जगह पर इस शब्द का इस्तेमाल करने लगे हैं। उधर कुकिंग कॉम्पटिशन में लीला और वसुंधरा कोठारी के बीच तगड़ी टक्कर देखने मिलेगी।
टास्क देखकर डरीं वसुंदरा और लीला
कुकिंग कॉम्पटिशन में जब वसुंधरा कोठारी और लीला बा को अतरंगी सब्जियां दे दी जाएंगी, तो दोनों ही टीमें उनकी हिम्मत बढ़ाने की कोशिश करेंगी। अनुपमा लीला को समझाएगी कि उसके लिए इन नई और मॉर्डन टाइप की सब्जियों को हैंडल करना बहुत ही आसान है और जब वह घर में इतने बदमाश बच्चों को हैंडल कर लेती हैं, तो ये सब्जियां क्या चीज हैं। वहीं वसुंधरा कोठारी अपनी टीम से कहेंगी कि वो इन सब्जियों से वाकिफ तो हैं, उन्हें इनके नाम भी पता हैं, लेकिन इनसे क्या और कैसे बनेगा वो नहीं जानतीं।
अगले राउंड में मुश्किल होगी चुनौती
अनुपमा सीरियल के नए प्रोमो वीडियो में दिखाया गया है कि कॉम्पटिशन में उन्हें एक अतरंगी टास्क दिया जाएगा। दोनों टीमों को बताया जाएगा कि उनकी कंटेस्टेंट (लीला और वसुंधरा) के हाथ बांध दिए जाएंगे। एक रस्सी लेकर शो का होस्ट उसके एक छोर से वसुंधरा कोठारी का एक हाथ बांधेगा और रस्सी के दूसरे छोर से लीला बेन का हाथ बांध दिया जाएगा। क्योंकि रस्सी बहुत बड़ी नहीं होगी, इसलिए दोनों को काम करने में दिक्कत आएगी। कभी वसुंधरा के काम करने पर लीला का हाथ खिंचेगा, तो कभी लीला की वजह से वसुंधरा का काम बाधित होगा।
बाल-बाल बचेंगी वसुंधरा और लीला
क्योंकि दोनों ही एक दूसरे को फूटी आंख नहीं पसंद करती हैं, इसलिए काम के दौरान दोनों की यह खींचतान बढ़ती जाएगी। स्पॉयलर वीडियो में दिखाया गया है कि एक वक्त ऐसा आएगा जब वसुंधरा और लीला एक जोर का झटका देने के चक्कर में लड़खड़ा जाएंगी। उधर वसुंधरा कोठारी का बैलेंस बिगड़ेगा और इधर लीला का सिर मेज से टकराने से बाल-बाल बचेगा। प्रेम और उसकी टीम फौरन अनुपमा की टीम पर बरस पड़ेगी। अनुपमा गुस्सा करने की बजाए समझाने की कोशिश करेगी, लेकिन श्रुति आग में घी डालना शुरू कर देगी। यह झगड़ा कैसे शांत होगा, यह तो वक्त ही बताएगा।
