विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें
News
Apple ने भारत में नए AirPods 5 लॉन्च कर दिए हैं, जो एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC), नए एकॉस्टिक आर्किटेक्चर, लाइव ट्रांसलेशन और हैंड्स-फ्री Siri AI सपोर्ट के साथ आते हैं।

Apple AirPods 5 ईयरबड्स भारत में लॉन्च हो गए हैं।
टेक्नोलॉजी डेस्क, नई दिल्ली। Apple AirPods 5 भारत में एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC), एक अपडेटेड एकॉस्टिक आर्किटेक्चर और नए ऑडियो फीचर्स के साथ लॉन्च हो गए हैं। Apple का दावा है कि ये नए ईयरबड्स ANC वाले AirPods 4 की तुलना में 50 प्रतिशत तक ज्यादा एक्सटर्नल नॉइज को कम कर सकते हैं। कंपनी ने नेक्स्ट-जेनरेशन Adaptive EQ के जरिए बेहतर साउंड क्वालिटी और अलग-अलग कानों के शेप के हिसाब से बेहतर फिटिंग का दावा भी किया है। AirPods 5 हैंड्स-फ्री Siri AI फीचर्स और लाइव ट्रांसलेशन को भी सपोर्ट करते हैं।
Apple AirPods 5 की भारत में कीमत और उपलब्धता
भारत में Apple AirPods 5 की कीमत 14,900 रुपये तय की गई है, जबकि वायरलेस चार्जिंग केस वाले AirPods 5 की कीमत 17,900 रुपये है। दोनों मॉडल्स देश में प्री-ऑर्डर के लिए अवेलेबल हैं और इनकी सेल शुक्रवार, 18 सितंबर से शुरू होगी। अमेरिका में इन दोनों TWS की कीमत क्रमशः $129 (लगभग 12,300 रुपये) और $149 (लगभग 14,200 रुपये) रखी गई है।
स्टैंडर्ड AirPods 5 एक नॉर्मल चार्जिंग केस के साथ आते हैं, जबकि इसके हायर-एंड वर्जन में वायरलेस चार्जिंग केस मिलता है। हायर-एंड मॉडल के स्टेम्स पर वॉल्यूम कंट्रोल की सुविधा भी दी गई है।
Apple AirPods 5 के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स
AirPods 5 में एक्टिव नॉइज कैंसिलेशन (ANC) फीचर दिया गया है। Apple का दावा है कि ये ईयरबड्स ANC वाले AirPods 4 से 50 प्रतिशत ज्यादा एक्सटर्नल नॉइज कम करते हैं। इनमें एक अपडेटेड ट्रांसपेरेंसी मोड, अडाप्टिव ऑडियो और कन्वर्सेशन अवेयरनेस की सुविधा भी है, जो यूजर के बोलते ही मीडिया वॉल्यूम को अपने आप धीमा कर देती है।
ऑडियो के लिए AirPods 5 में नया मल्टीपोर्ट एकॉस्टिक आर्किटेक्चर और नेक्स्ट-जेनरेशन Adaptive EQ दिया गया है। Apple का दावा है कि इससे अलग-अलग कानों के साइज में भी ज्यादा रिच और डिटेल्ड साउंड एक्सपीरियंस मिलता है। ये पर्सनलाइज्ड स्पेशियल ऑडियो को भी सपोर्ट करते हैं।

कम्पैटिबल iPhone के साथ पेयर करने पर AirPods 5 को बिना हाथ लगाए Siri AI के साथ इस्तेमाल किया जा सकता है। यूजर्स हेड जेस्चर्स से ही Siri को रिस्पॉन्ड कर सकते हैं। वहीं, कम्पैटिबल Apple डिवाइसेज और Apple Intelligence के साथ पेयर होने पर लाइव ट्रांसलेशन फीचर कन्वर्सेशन का रीयल-टाइम ट्रांसलेशन सीधे ईयरबड्स में सुनाता है।
वायरलेस चार्जिंग केस वाले AirPods 5 के स्टेम पर एक काम का एडिशन मिलता है- फोर्स सेंसर, जिससे यूजर्स ऊपर या नीचे स्वाइप करके वॉल्यूम एडजस्ट कर सकते हैं। Apple का दावा है कि ANC ऑन रहने पर सिंगल चार्ज में ये 5 घंटे तक का प्लेबैक देता है, जबकि केस के साथ कुल लिसनिंग टाइम 22 घंटे तक पहुंच जाता है।
Apple ने AirPods 5 को डस्ट, स्वेट और वाटर को लेकर और ज्यादा रेजिस्टेंट बनाया है। कंपनी का कहना है कि ईयरबड्स में रिसाइकल्ड मटेरियल्स का इस्तेमाल किया गया है, जिसमें वायरलेस चार्जिंग केस में रिसाइकल्ड प्लास्टिक और बैटरी में रिसाइकल्ड कोबाल्ट शामिल है।
सभी फीचर्स का पूरा फायदा लेने के लिए AirPods 5 को लेटेस्ट सॉफ्टवेयर वाले Apple डिवाइस के साथ पेयर करना होगा। Siri AI को iOS 27 के साथ बीटा में रोलआउट किया जा रहा है, जबकि लाइव ट्रांसलेशन के लिए भी कम्पैटिबल Apple हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर और फर्मवेयर की जरूरत होगी।