Apple पहली बार कंपनी लॉन्च कर सकती है फोल्डेबल iPhone,इतनी होगी कीमत!

Published on 9 सित॰ 2026

Apple आखिरकार फोल्डेबल स्मार्टफोन की दुनिया में कदम रखने जा रहा है. कंपनी आज 9 सितंबर 2026 को अपना पहला फोल्डेबल iPhone लॉन्च कर सकती है. हालांकि, इसका आधिकारिक नाम अभी सामने नहीं आया है, लेकिन रिपोर्ट्स में इसे iPhone Ultra कहा जा रहा है. Samsung, Xiaomi और Huawei जैसी कंपनियां पहले से ही फोल्डेबल फोन बाजार में मौजूद हैं. ऐसे में Apple की एंट्री काफी देर से हो रही है. हालांकि, कंपनी ने जल्दबाजी करने के बजाय करीब एक दशक तक इस टेक्नोलॉजी को समझने और बेहतर बनाने पर काम किया है.

10 साल से फोल्डेबल iPhone पर काम कर रहा था Apple

रिपोर्ट के मुताबिक, Apple ने करीब 2016 से फोल्डेबल डिवाइस पर रिसर्च शुरू कर दी थी. कंपनी की हार्डवेयर इंजीनियरिंग टीम ने फोल्डेबल डिस्प्ले, हिंज और फ्लेक्सिबल ग्लास जैसी तकनीकों पर शुरुआती काम किया था. उस समय Samsung ने भी अपना पहला फोल्डेबल फोन लॉन्च नहीं किया था. Apple ने इस दौरान कई प्रोटोटाइप भी तैयार किए. इनमें एक ऐसा iPad mini भी शामिल था, जिसे खोलने पर बड़ी टैबलेट स्क्रीन में बदला जा सकता था. 2019 में Samsung के फोल्डेबल फोन बाजार में आने के बाद Apple ने अपनी टेस्टिंग और तेज कर दी. कंपनी ने स्क्रीन पर पड़ने वाली क्रीज और हिंज की मजबूती जैसी समस्याओं पर काम किया.

टिम कुट ने भी फोल्डेबल फोन की संभावनाएं देखीं

2020 में Apple के तत्कालीन CEO टिम कुट ने एशिया का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने Samsung, Huawei और दूसरी कंपनियों के फोल्डेबल फोन की लोकप्रियता को करीब से देखा. इसके बाद फोल्डेबल डिवाइस Apple के लिए एक महत्वपूर्ण हार्डवेयर प्रोजेक्ट बन गया. 2021 और 2022 के दौरान कंपनी ने कई बड़ी तकनीकी चुनौतियों पर काम किया. इनमें स्क्रीन की क्रीज कम करना, खास कवर ग्लास तैयार करना, लंबे समय तक टिकने वाला हिंज बनाना और स्क्रीन के नीचे कैमरा लगाने जैसी तकनीक शामिल थीं. Apple ने Corning जैसे सप्लायर्स के साथ मिलकर खास कवर ग्लास और टाइटेनियम-अल्यूमिनियम हिंज पर भी काम किया.

2023 में तैयार हुआ फोल्डेबल iPhone का डिजाइन

2023 तक Apple ने कथित तौर पर फोल्डेबल iPhone के डिजाइन को अंतिम रूप दे दिया था. इसका डिजाइन पासपोर्ट की तरह खुलने वाला बताया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें करीब 7.8 इंच की अंदरूनी स्क्रीन और 5.5 इंच की बाहरी स्क्रीन मिल सकती है. हालांकि, इस डिवाइस के सामने सबसे बड़ी चुनौती इसकी कीमत रही. इसके बाद 2024 और 2025 में Apple ने फोल्डेबल स्क्रीन के हिसाब से iOS और ऐप्स को तैयार करने पर काम किया. कंपनी ने बड़े स्क्रीन पर मल्टीटास्किंग और अलग-अलग स्क्रीन साइज के लिए ऐप्स को बेहतर बनाने की दिशा में भी काम किया.

$2,199 से शुरू हो सकती है कीमत

फोल्डेबल iPhone की कीमत इसे खास तौर पर प्रीमियम स्मार्टफोन बनाएगी. Bloomberg की रिपोर्ट के मुताबिक, Apple की शुरुआती योजना कीमत को $1,999 से कम रखने की थी. हालांकि, अब इसकी कीमत करीब $2,199 तक होने की संभावना जताई जा रही है. वहीं, ज्यादा स्टोरेज वाले मॉडल की कीमत $3,000 तक पहुंच सकती है. भारतीय कीमत के हिसाब से $2,199 करीब ₹1.95 लाख बैठता है, हालांकि भारत में टैक्स और अन्य शुल्क के कारण वास्तविक कीमत अलग हो सकती है. Apple को अपने महंगे Pro मॉडल की अच्छी बिक्री से भरोसा मिला है कि ग्राहक प्रीमियम फोल्डेबल iPhone के लिए भी ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार हो सकते हैं.

ये भी पढ़ें- बच्चों के फोन में न्यूड फोटो पर लगेगी रोक! ये देश ला सकता है नया नियम

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव

महेंद्र भार्गव एक अनुभवी बिजनेस और ऑटोमोबाइल जर्नलिस्ट हैं, जो 2018 से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं. वर्तमान में महेंद्र TV9 Bharatvarsh के साथ जुड़े हुए हैं, जहां बिजनेस और ऑटोमोबाइल से जुड़ी लेटेस्ट अपडेट्स, रिव्यू, एक्सक्लूसिव स्टोरीज़ और इन-डेप्थ एनालिसिस पर काम कर रहे हैं. ऑटोमोबाइल और बिजनेस सेगमेंट में 5+ सालों के अनुभव के साथ, Mahendra ने कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया है. महेंद्र नवदुनिया (दैनिक जागरण ग्रुप) अखबार से रिपोर्टर के तौर पर शुरुआत की. आगे ETV Bharat, Dainik Bhaskar, News18 और Zee News में उन्होंने डिजिटल कंटेंट क्रिएशन में कई भूमिकाओं में काम किया.

Read More

google button