
रास्ते में हादसे के बाद फंसी टीम इंडिया. (फोटो- PTI)
India vs China Womens Hockey Gold Medal Match: एशियन गेम्स 2026 के 13वें दिन भारतीय महिला हॉकी टीम के साथ एक अजीबोगरीब घटना घटी. दरअसल, गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में चीन के खिलाफ खेले जाने वाले गोल्ड मेडल मुकाबले से पहले भारतीय और चीनी दोनों टीमों की बसें रास्ते में भारी ट्रैफिक जाम में फंस गईं. इस देरी के चलते मैच के तय समय को 45 मिनट आगे बढ़ा दिया गया है. स्टेडियम में किए गए आधिकारिक ऐलान के मुताबिक, जो मुकाबला पहले भारतीय समयानुसार दोपहर 3:00 या 3:30 बजे शुरू होना था, वह अब शाम 4:15 बजे शुरू होगा.
रास्ते में हुए हादसे के कारण लगा लंबा जाम
दरअसल जब दोनों टीम मैदान के लिए निकलीं तो रास्ते में एक सड़क दुर्घटना हो गई. इस दुर्घटना का दोनों टीमों की बसों से कोई सीधा संबंध नहीं था, लेकिन सड़क पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया. इसके चलते दोनों टीमों के खिलाड़ी समय पर स्टेडियम नहीं पहुंच सके. खिलाड़ियों को वॉर्म-अप और मानसिक रूप से तैयार होने का पूरा समय देने के लिए मैच के शुरू होने का समय आगे बढ़ाने का फैसला किया गया.
44 साल के सूखे को खत्म करने उतरेगी टीम इंडिया
भारतीय महिला हॉकी टीम के लिए यह फाइनल मुकाबला काफी अहम है. भारतीय महिला टीम ने एशियन गेम्स के इतिहास में सिर्फ एक बार साल 1982 में गोल्ड मेडल जीता था. इसके बाद से भारत 44 सालों से गोल्ड मेडल के इंतजार में है. वहीं, भारत साल 1998 में साउथ कोरिया से और 2018 में जापान से फाइनल हारकर सिल्वर मेडल से संतोष कर चुका है. अब भारतीय टीम के पास मौजूदा चैंपियन चीन को शिकस्त देकर 44 साल पुराना खिताबी सूखा खत्म करने का सुनहरा मौका है.
जीतते ही मिलेगा ओलंपिक 2028 का सीधा टिकट
इस मुकाबले में सिर्फ गोल्ड मेडल ही दांव पर नहीं है, बल्कि 2028 के लॉस एंजेलिस ओलंपिक के लिए सीधा टिकट भी दांव पर लगा है. एशियन गेम्स के नियमों के मुताबिक, महिला हॉकी का गोल्ड मेडल जीतने वाली टीम सीधे ओलंपिक खेलों के लिए क्वालिफाई कर जाएगी. ऐसे में भारतीय टीम के लिए यह मुकाबला ओलंपिक का सीधा रास्ता तय करने का सबसे बड़ा मंच भी है.

मोहिद खान
मोहिद खान TV9 Hindi में बतौर सीनियर सब-एडिटर स्पोर्ट्स डेस्क पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. वह जर्नलिज्म में 4 साल का अनुभव रखते हैं. वह मूल रूप से राजस्थान के ब्यावर शहर के रहने वाले हैं. मोहिद ने जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की डिग्री चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय से हासिल की है. वह पढ़ने, लिखने और खेलने का शौक रखते हैं. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत इंडिया न्यूज के साथ की थी. इसके बाद उन्होंने वनइंडिया हिंदी, ज़ी न्यूज और इंडिया टीवी जैसी संस्थानों में काम किया. वह किसी भी क्रिकेट मैच का बारीकी से विश्लेषण करने में माहिर हैं और उन्हें अन्य खेलों से जुड़ी खबरें बनाने में भी रुचि है.
Read More