
अरब गुल ने झटके 4 विकेट (Photo: Getty)
एशियन गेम्स 2026 में महिला क्रिकेट के खत्म होने के बाद अब मेंस क्रिकेट की भी शुरुआत हो चुकी है. पहला मैच अफगानिस्तान और जापान के बीच, ग्रुप ए का खेला गया. इस मुकाबले में अफगानिस्तान के 21 साल के एक युवा स्पिनर की फिरकी का जादू ऐसा चला कि जापान की टीम घुटने टेकने पर मजबूर हो गई. अफगानिस्तान को जिताने के लिए उस स्पिनर ने T20 में बेस्ट प्रदर्शन किया.
अफगानिस्तान का ये नया स्पिनर भी कम खतरनाक नहीं
अफगानिस्तान अपने स्पिनरों के लिए विश्व विख्यात रहा है. राशिद खान, मोहम्मद नबी, मुजीब उर्र रहमान जैसे स्पिनर वर्ल्ड क्रिकेट को अफगानिस्तान की ही देन है. अब उस कड़ी में अगर अरब गुल का भी नाम जुड़ता दिखता है तो हैरानी नहीं होगी.
नाम अरब गुल, ऐसे की जापान की बत्ती गुल
अफगानिस्तान ने एशियन गेम्स 2026 के मेंस क्रिकेट इवेंट के पहले मैच में जापान के सामने जीत के लिए 130 रन का लक्ष्य रखा था. मगर इसका पीछा करते हुए जापान की टीम 100 रन के आंकड़े से भी काफी दूर रही. जापान की ऐसी हालत करने में अरब गुल की बड़ी भूमिका रही.
अरब गुल ने जापान के खिलाफ 4 ओवर में 8 रन देकर 4 विकेट लिए. ये T20 करियर में उनका बेस्ट प्रदर्शन भी है. इससे पहले अरब गुल का बेस्ट प्रदर्शन 14 रन पर 4 विकेट लेने का था. अरब गुल के बरपाए इस कहर का असर ये हुआ कि जापान की टीम 20वां ओवर खत्म होने से पहले ही सिर्फ 81 रन बनाकर ढेर हुई. जापान की ओर से 3 बल्लेबाजों को छोड़कर बाकी सभी दहाई के आंकड़े से दूर रहे. सबसे ज्यादा 23 रन रियो थॉमस ने बनाए,
अफगानिस्तान ने पहले की थी बैटिंग
इससे पहले अफगानिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट पर 129 रन बनाए थे. अफगानिस्तान की ओर से भी किसी बल्लेबाज ने कोई बड़ा स्कोर नहीं बनाया. ओपनर मोहम्मद अकरम टीम के टॉप स्कोरर रहे, जिन्होंने 34 रन बनाए. उनके अलावा कप्तान डारविश रसूल ने 29 रन की पारी खेली.

साकेत शर्मा
'कौन बनेगा करोड़पति' गेम शो से शुरू हुआ सफर न्यूज नेशन, इंडिया न्यूज, इंडिया डॉट कॉम और Editorji जैसे पड़ावों से गुजरा. इसी कड़ी में पिछले 5 सालों से मैं TV9 हिंदी के साथ जुड़ा हूं. यहां भी खेल की खबरों को बताना मेरा काम है. TV, डिजिटल और प्रोडक्शन हाउस, तीनों ही दुनिया की समझ और कुल मिलाकर एक दशक से भी ज्यादा का मेरे पास अनुभव है. हर रोज कुछ नया सीखने और नई क्रिएटिव चीज करने की कोशिश करता हूं. असफलता से घबराता नहीं और सफलता पर इतराता नहीं. बस कोशिश यही करता हूं कि हमेशा अपना बेस्ट दे सकूं. आज तक यही करता आया हूं और आगे भी इरादा ऐसा ही है. फिर चाहे काम डेस्क पर बैठकर खेल की खबरों को अपने शब्दों में पिरोने का हो या फिर फील्ड में उतरकर उसे कैमरे पर उतारने का. सीधी भाषा में कहें तो मैं खेल के मैदान पर होने वाली हर हलचल को आपतक पहुंचाने वाला एक खिलाड़ी हूं.
Read More