Assam बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे Salman Khan, खाने के पैकेट्स से लेकर सैनिटरी पैड तक पहुंचा रही भाईजान की टीम

Published on 28 जुल॰ 2026

Time Published: Tuesday, July 28, 2026, 18:40 [IST]

Salman Khan On Assam Flood: सलमान खान को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है। खबर है कि असम में आए भयानक बाढ़ से जूझ रहे लोगों की मदद के लिए सलमान खान आगे आए हैं। मुंबई में डायरेक्टर वामशी पैदिपल्ली की अपकमिंग फिल्म की शूटिंग में बिजी होने के बावजूद भाीजान ने असम में अपने फैन क्लब के साथ मिलकर राहत कार्यों में मदद करने का काम किया है ताकि सबसे ज्यादा प्रभावित इलाकों तक जरूरी सामान पहुंचाया जा सके।

असम में बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए आगे आए सलमान खान
मिड-डे की एक रिपोर्ट के अनुसार, सलमान खान की टीम ने असम में भाईजान के फैन क्लब (SKFC-असम) से संपर्क किया और प्रभावित लोगों की मदद के लिए एक प्लानिंग तैयार की। सलमान खान की चैरिटेबल संस्था- बीइंग ह्यूमन ने राहत अभियान शुरू करने के लिए 'सलमान खान फैन क्लब' (SKFC-असम) के साथ हाथ मिलाया है।

Salman Khan On Assam

परिवारों को 'रेडी-टू-ईट' खाने के पैकेट बांटे जा रहे

-इस अभियान के पहले चरण में शिवसागर इलाके में रहने वाले परिवारों को 'रेडी-टू-ईट' खाने के पैकेट बांटे जा रहे हैं, जिन्हें गुवाहाटी से भेजा जा रहा है। इस पहल के बारे में जानकारी देते हुए रिपोर्ट में बताया गया है कि हर पैकेट में बिस्कुट, गुड़, पोहा, मुरमुरा, ब्रेड, चीज और जैम शामिल हैं।

-सलमान खान की प्राथमिकता ये पक्का करना है कि परिवारों के पास कम से कम तीन दिन तक का खाना पहुंच सके, जब तक कि हालात बेहतर न हो जाएं। खाने के पैकेट्स के अलावा वॉलंटियर्स ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को पीने का पानी, पानी साफ करने वाली गोलियां, सैनिटरी पैड और मच्छर भगाने वाले कॉयल भी पहुंचाए हैं।

सलमान खान स्कूलों और अस्पतालों पर भी देंगे ध्यान

जानकारी के अनुसार इस राहत अभियान के कई चरणों में चलने की उम्मीद है। अगले हफ्ते शुरू होने वाले नए चरण में, प्रभावित परिवारों को राशन किट और दवाइयां बांटने पर ध्यान दिया जाएगा। इस पहल के आखिरी चरण में, बीइंग ह्यूमन बाढ़ से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुए स्कूलों और अस्पतालों के पुनर्निर्माण में योगदान देने की योजना बना रहा है ताकि लोगों को लंबे समय में उबरने में मदद मिल सके।

भूमि पेडनेकर भी कर रहीं दिल खोलकर मदद

बॉलीवुड एक्ट्रेस भूमि पेडनेकर ने भी असम के लोगों की मदद के लिए 'भारत डिजास्टर रिलीफ फाउंडेशन' (BDRF) के साथ हाथ मिलाया है। ये संस्था शिवसागर में राशन किट, साफ-सफाई का सामान, पीने का पानी और राहत का दूसरा सामान पहुंचा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक जब भूमि पेडनेकर को पता चला कि BDRF असम में राहत का काम कर रही है, तो उन्होंने इस नॉन-प्रॉफिट संस्था के साथ मिलकर काम करने का फैसला किया।

एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के लोग एकजुट होकर कर रहे हैं मदद

-असम में आए बाढ़ राहत के लिए फंड इकट्ठा करने के लिए एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री भी एकजुट होकर सामने आई है। गत 25 जुलाई 2026 को, असम के सिंगर पापोन ने विशाल ददलानी, दिव्या कुमार और निलोत्पल बोरा के साथ मिलकर इंस्टाग्राम पर एक लाइव चैरिटी कॉन्सर्ट किया और दर्शकों से चल रहे राहत कार्यों में योगदान देने की अपील की। ​​

-जानकारी के अनुसार अब तक बाढ़ से लगभग 7 लाख लोग प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते सेलिब्रिटी और मानवीय संस्थाएं राज्य भर में बचाव और पुनर्वास के कामों में मदद के लिए एक साथ आई हैं।