आजमगढ़ में जनसेवा केंद्र संचालक गिरफ्तार: ग्रामीणों के ATM-पासबुक रखकर खातों से निकालता था पैसे, 2 माइक्रो ATM मशीन बरामद - Azamgarh News

Published on 21 सित॰ 2026

आजमगढ़ में ग्रामीणों के बैंक खातों से धोखाधड़ी कर रकम निकालने के मामले में पुलिस ने सहज जन सेवा केंद्र संचालक को गिरफ्तार किया है। मेहनाजपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने जमुनीपुर निवासी अनिल कुमार को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ग्रामीणों की

.

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से ₹15,630 नकद, 18 ATM/क्रेडिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, 4 आधार कार्ड, 3 मोबाइल, एक लैपटॉप, 2 माइक्रो ATM मशीन, बायोमेट्रिक मशीन और USB GPS रिसीवर बरामद किया है। इसके अलावा ग्राम प्रधान की मुहर, मुहर लगे तीन हस्ताक्षरित सादे कागज और कूटरचित प्रमाण पत्र भी मिले हैं।

शिकायत के बाद तकनीकी जांच से पकड़ा गया

साइबर सेल को जमुनीपुर निवासी अनिल कुमार के खिलाफ ग्रामीणों से साइबर फ्रॉड और बैंक खातों से रकम निकालने की शिकायत मिली थी। इसके बाद मेहनाजपुर थाने में मुकदमा संख्या 83/2026 दर्ज किया गया।

जांच के दौरान साइबर सेल ने तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपी की लोकेशन ट्रेस की। इसके बाद साइबर सेल और मेहनाजपुर पुलिस की संयुक्त टीम ने उसे जमुनीपुर की ओर मोटरसाइकिल से जाते समय हिरासत में ले लिया। तलाशी में बड़ी संख्या में बैंकिंग दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद हुए।

पासबुक-ATM रखकर खातों से रकम निकालने का आरोप

एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि सहज जन सेवा केंद्र चलाने के दौरान वह ग्रामीणों की बैंक पासबुक, ATM कार्ड और दूसरे जरूरी दस्तावेज अपने पास रख लेता था। इसके बाद कथित तौर पर उनके खातों से रकम निकालता या ट्रांसफर करता था।

पुलिस के मुताबिक, ग्राम प्रधान की मुहर का दुरुपयोग कर कूटरचित प्रमाण पत्र तैयार करने और लोगों से धोखाधड़ी कर रकम हड़पने की बात भी जांच में सामने आई है।

बैंक खातों और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच

पुलिस बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों और दस्तावेजों की तकनीकी व फॉरेंसिक जांच करा रही है। संबंधित बैंक खातों और लेनदेन की भी विस्तृत जांच की जा रही है। इससे यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी ने कितने लोगों के खातों से कितनी रकम निकाली या ट्रांसफर की।

आरोपी लाल-काली रंग की HF Deluxe बाइक के कागजात भी नहीं दिखा सका। पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत बाइक सीज कर दी है।

मामले में BNS की धारा 316(2), 336(3), 341(1), 317(2) और IT एक्ट की धारा 66(C) के तहत कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक रवि प्रकाश गौतम समेत साइबर सेल और मेहनाजपुर थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।