Awarapan 2 Song Tera Mera Rishta: इमरान हाशमी की अपकमिंग फिल्म ‘आवारापन 2’ को रिलीज होने में महज एक हफ्ता बचा है और इसे लेकर एक्साइटमेंट बढ़ती ही जा रही है. बीते दिन फिल्म का ट्रेलर सामने आया, जो खूब तारीफें बटोर रहा है. जैसे-जैसे इसकी रिलीज करीब आ रही है, वैसे ही इसे लेकर नए-नए अपडेट्स भी सामने आ रहे हैं. इसी बीच, अब एक नई रिपोर्ट ने फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट और बढ़ा दी है. खबर है कि मेकर्स ‘आवारापन’ फ्रेंचाइजी के सबसे पॉपुलर गानों में से एक ‘तेरा मेरा रिश्ता’ के नए वर्जन के लिए पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद को वापस लाने की तैयारी कर रहे हैं.
साल 2007 में आई ‘आवारापन‘ का गाना ‘तेरा मेरा रिश्ता पुराना’ पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद ने गाया था, जो उस वक्त खूब वायरल हुआ था. इस गाने का म्यूजिक प्रीतम ने तैयार किया था और इसके बोल सईद कादरी ने लिखे थे. अब एक बार फिर ‘आवारापन 2’ में नॉस्टैल्जिक म्यूजिकल रीयूनियन की प्लानिंग कर रहे हैं.
आवारापन 2 पाकिस्तानी सिंगर की आवाज
‘मिड-डे’ की रिपोर्ट मुताबिक, विशेष फिल्म्स पाकिस्तानी सिंगर मुस्तफा जाहिद की आवाज को ‘आवारापन 2’ वापस लाने के लिए बातचीत कर रही है ताकि ‘आवारापन’ फ्रैंचाइजी के सबसे पसंदीदा गानों में से एक ‘तेरा मेरा रिश्ता’ का नया वर्जन रिकॉर्ड किया जा सके. अगर ये कोलैबोरेशन फाइनल होता है तो हाल के सालों में ऐसा बहुत कम देखने को मिला है, जब किसी पाकिस्तानी प्लेबैक सिंगर ने किसी मेनस्ट्रीम हिंदी फिल्म के लिए गाना रिकॉर्ड किया हो.
यह भी पढ़ें – इमरान हाशमी की Awarapan 2 पर चली सेंसर बोर्ड की कैंची, क्या-क्या बदलाव करवाए गए? रनटाइम का भी खुलासा हुआ
सिर्फ प्रमोशन में इस्तेमाल होगी आवाज
रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया है कि ‘तेरा मेरा रिश्ता’ का नया वर्जन फिल्म का हिस्सा नहीं होगा. मेकर्स इसे सिर्फ फिल्म के प्रमोशन के लिए डिजिटल और सोशल मीडिया कैंपेन के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. रिपोर्ट में सोर्स के हवाले से कहा गया कि अगर इस गाने को फिल्म में शामिल किया जाता है तो सर्टिफिकेशन प्रोसेस में दिक्कतें आ सकती हैं. इसी वजह से मेकर्स इसे सिर्फ प्रमोशनल ट्रैक के तौर पर रिलीज करने की प्लानिंग कर रहे हैं. वहीं, अगर दोनों साइड के बीच बात फाइनल हो जाती है तो इसकी रिकॉर्डिंग दुबई में होने की उम्मीद है. हालांकि, अब तक न तो मुस्तफा जाहिद और न ही ‘आवारापन 2’ के मेकर्स ने इस रिपोर्ट पर कोई ऑफिशियल बयान दिया है.
बॉलीवुड में पाकिस्तानी आर्टिस्ट बैन
साल 2016 के उरी आतंकी हमले के बाद कई भारतीय फिल्म संगठनों ने पाकिस्तानी कलाकारों के साथ काम करने पर रोक लगाने का ऐलान किया था. हालांकि 2023 में बॉम्बे हाई कोर्ट ने पाकिस्तानी कलाकारों पर पूरी तरह कानूनी बैन लगाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी थी, लेकिन इसके बावजूद भारत में उनकी फिल्मों की रिलीज को लेकर मुश्किलें बनी रहीं. पिछले साल हानिया आमिर की ‘सरदार जी 3’ और फवाद खान की ‘आबीर गुलाल’ भारत में रिलीज नहीं हो सकीं. ऐसे में ‘आवारापन 2’ के लिए मुस्तफा जाहिद की वापसी की खबर ने फैंस के बीच एक्साइटमेंट बढ़ा दी है.
नितिन कक्कड़ के डायेक्शन में बनी ‘आवारापन 2’ में इमरान हाशमी, दिशा पाटनी और शबाना आजमी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. ये फिल्म करीब दो दशक बाद शिवम पंडित की कहानी को आगे बढ़ाएगी और 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.

सना चौधरी
सना यूपी के गाजियाबाद की रहने वाली हैं. सना ने हाईटेक इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है. पढ़ाई के साथ-साथ कंटेंट ऑप्टिमाईजेशन और वीडियो एडिटिंग भी सीखा है. जिसके बाद सना ने अलग-अलग जगहों पर डिजिटल कॉन्टेंट राइटर और वीडियो एडिटर के तौर पर काम किया. इससे पहले सना Zee मीडिया में बतौर वीडियो और कंटेंट एडिटर काम कर चुकी हैं. उन्होंने जी न्यूज में सोशल मीडिया पेज मैनेज किया है. Zee के बाद सना ने टीवी9 भारतवर्ष की वेबसाइट TV9hindi.com में बतौर ट्रेनी ज्वाइन किया. सना को न्यूज़ एंकरिंग का भी शौक है.
Read More