Ayushman Arogya Mandir: CM रेखा गुप्ता ने एक साथ खोले 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर ,अब 415 से ज्यादा सेंटर चालू

Published on 17 जुल॰ 2026

Time Published: Friday, July 17, 2026, 16:18 [IST]

Delhi Ayushman Arogya Mandir: दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बड़ा कदम उठाया है। शुक्रवार (17 जुलाई) को उन्होंने दिल्ली में 45 नए आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का उद्घाटन किया।

इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि सरकार की कोशिश है कि हर दिल्लीवासी को घर के पास बेहतर इलाज और जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि लोगों तक आसान और आधुनिक हेल्थकेयर पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

Delhi Ayushman Arogya Mandir

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली में अब 415 से ज्यादा आयुष्मान आरोग्य मंदिर काम कर रहे हैं। सरकार का लक्ष्य जल्द ही 1,100 से ज्यादा केंद्र शुरू करने का है। उनका कहना था कि इन स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक सुविधाओं के साथ तैयार किया गया है ताकि लोगों को छोटी-बड़ी बीमारियों के इलाज के लिए दूर न जाना पड़े।

हर विधानसभा को ₹100 करोड़ का बजट

सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि दिल्ली की हर विधानसभा के विकास के लिए 100-100 करोड़ रुपये का बजट दिया गया है। उन्होंने कहा कि हर ब्लॉक और कॉलोनी में विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं।

RWA और स्थानीय लोगों को भरोसा दिलाते हुए उन्होंने कहा कि किसी इलाके के जरूरी काम सिर्फ पैसों की कमी की वजह से नहीं रुकेंगे। उन्होंने त्रिनगर का जिक्र करते हुए कहा कि वहां वर्षों तक विकास नहीं हुआ, लेकिन अब हालात तेजी से बदल रहे हैं।

मोहल्ला क्लीनिक पर CM रेखा गुप्ता ने साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने पिछली अरविंद केजरीवाल की सरकार पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर पुराने मोहल्ला क्लिनिक जैसे नहीं हैं। यहां बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, आधुनिक सुविधाएं और जरूरी मेडिकल सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य व्यवस्था देना सरकार की जिम्मेदारी है और इसी सोच के साथ काम किया जा रहा है।

जलभराव को लेकर क्या है CM रेखा गुप्ता का प्लान?

सीएम रेखा गुप्ता ने दावा किया कि इस बार मानसून के दौरान जिन इलाकों में हर साल पानी भर जाता था, वहां हालात पहले से बेहतर रहे। उन्होंने कहा कि सरकार जलभराव रोकने के लिए लगातार काम कर रही है।

इसके साथ ही उन्होंने दोहराया कि दिल्ली सरकार 'जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट करप्शन' की नीति पर काम कर रही है और भ्रष्टाचार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी ऐलान किया कि आने वाले मानसून सत्र में सरकार 'राइट टू सर्विस' कानून लेकर आएगी, जिससे लोगों को सरकारी सेवाएं तय समय में मिल सकें।