Baahubali: वांगा और दीपिका छोड़िए, जब 'बाहुबली' को लेकर राजामौली और श्रीदेवी के बीच छिड़ गई थी जंग, क्या था पूरा मामला?

Published on 27 अग॰ 2026

Baahubali: इस वक्त कुछ फिल्मों की कास्टिंग को लेकर काफी बवाल देखने को मिला है. जिसमें संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’ शामिल है. फिल्म में प्रभास के अपोजिट तृप्ति डिमरी काम कर रही हैं. पर बतौर फीमेल लीड पहले वांगा दीपिका पादुकोण को लेना चाहते थे. ऐसी चर्चा है कि उन्होंने वांगा से मुलाकात की थी, पर कुछ डिमांड को लेकर चीजें अटक गईं. संदीप रेड्डी वांगा ने इसके बाद दीपिका पादुकोण पर काफी सवाल भी खड़े किए थे. हालांकि, यह फिल्म इंडस्ट्री में पहली बार नहीं हो रहा है. इससे पहले एस.एस राजामौली ने भी श्रीदेवी की डिमांड के खिलाफ आवाज उठाई थी. पूरा मामला तब शुरू हुआ था, जब उन्हें ‘बाहुबली’ के लिए शिवगामी देवी की तलाश थी.

‘बाहुबली’ का पहला पार्ट ‘बाहुबली: द बिगिनिंग’ 10 जुलाई 2015 को रिलीज हुआ था. और इसका दूसरा हिस्सा ‘बाहुबली 2: द कन्क्लूजन’ 28 अप्रैल 2017 को रिलीज किया गया था. दरअसल ‘बाहुबली’ फिल्म में राजमाता शिवगामी देवी का किरदार एक्ट्रेस रम्या कृष्णन ने निभाया था, जिनकी काफी तारीफ भी हुई थी. हालांकि, रम्या कृष्णन को यह किरदार सौंपने से पहले कास्टिंग को लेकर एसएस राजामौली और श्रीदेवी के बीच खूब विवाद हुआ था.

श्रीदेवी की क्या डिमांड थी?

एस.एस राजामौली चाहते थे कि ‘बाहुबली’ में शिवगामी का रोल श्रीदेवी करें. लेकिन जब ऐसा नहीं हो पाया, तो राजामौली ने NTV तेलुगु को दिए इंटरव्यू में हैरान कर देने वाले खुलासे किए थे. उन्होंने बताया कि, श्रीदेवी ने फीस के तौर पर 8-10 करोड़ रुपये, अपने लिए होटल का पूरा एक फ्लोर, टीम के लिए 10 बिजनेस-क्लास फ्लाइट टिकट की मांग की थी. ऐसे में उन्होंने कह दिया कि अच्छा हुआ कि श्रीदेवी फिल्म का हिस्सा नहीं बनीं.

श्रीदेवी को लेकर राजामौली ने क्या कहा था?

जब श्रीदेवी की बाहुबली में कास्टिंग नहीं हुई, तो उसके बाद राजामौली ने कहा कि-” यह हमारी खुशकिस्मती थी कि उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया. हर बार हम 5 बिनेस-क्लास टिकट और लग्जरी होटल सुइट बुक करते थे. वो कहते हैं कि एक्ट्रेस से फीस में से इन खर्चों को काटने की रिक्वेस्ट की थी, पर उन्होंने मना कर दिया. साथ ही राजामौली ने खुलासा किया कि उनसे कुछ परसेंट की मांग भी की गई थी. जो कि ज्यादा हो रहा था, उनके मुताबिक, यह उसके लायक था नहीं. बाद में बोलते दिखे- ” अच्छा हुआ कि उन्होंने वो रोल नहीं किया.”

श्रीदेवी हुईं हैरान, राजामौली ने मानी गलती

बाद में श्रीदेवी ने इन दावों को गलत बताया और कहा था कि, ”राजामौली के साथ काम करके बहुत खुश थी. पर जिस तरह से उन्होंने इस मुद्दे पर बात की, उससे मुझे बहुत दुख हुआ. अगर मैं ऐसी होती तो लोग मुझे भेज देते. इस तरह बोलना अच्छा नहीं है. अगर उनकी ऐसी मांगें होतीं, तो वो स्टार नहीं बनी रहतीं. ये दावे “पूरी तरह से बेबुनियाद” हैं. हालांकि, राजामौली ने इस मामले पर सबके सामने बात करने के लिए अफसोस जताया था. वो कहते हैं कि- मुझे पब्लिक प्लेटफॉर्म पर इसकी डिटेल के बारे में बात नहीं करनी चाहिए थी.

अंकिता चौहान

अंकिता चौहान

अंकिता चौहान TV9 भारतवर्ष डिजिटल में सीनियर सब एडिटर हैं. यहां एंटरटेनमेंट सेक्शन में काम कर रही हैं. न्यूज चैनल और डिजिटल मीडिया में 5 साल से अधिक का अनुभव है. हरियाणा स्थित हिसार के गुरु जंबेश्वर यूनिवर्सिटी से जर्नलिज्म की पढ़ाई की है और उसके बाद इसी कॉलेज से मास्टर्स डिग्री हासिल की है. इसके बाद हिंदी न्यूज चैनल इंडिया न्यूज से इंटर्नशिप की और यहीं से (मध्य प्रदेश/ छत्तीसगढ़) अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत भी की है. उसके बाद बतौर असिस्टेंट प्रोड्यूसर हरियाणा न्यूज से जुड़ीं. यहां उनका स्पेशल प्रोग्रामिंग करने का अनुभव है. इसके अलावा स्पोर्ट्स टीम के साथ भी काम किया है. फिर TV9 भारतवर्ष से जुड़ीं. यहां बिजनेस टीम के साथ काम किया है, साथ ही वेब स्टोरीज के सेक्शन में सभी कैटेगिरी की जिम्मेदारियां संभाली हैं और अब एंटरटेनमेंट बीट पर काम कर रही हैं.

Read More

google button