Bhopal Railway: 3 साल से वीरान पड़ा भोपाल का 'भूतिया' स्टेशन अब होगा गुलजार, 28 जुलाई से शुरू होगा ट्रेनों का ठहराव - Haribhoomi

Published on 27 जुल॰ 2026

भोपाल का निशातपुरा रेलवे स्टेशन, जो पिछले तीन वर्षों से सुनसान होने के कारण 'भूतिया स्टेशन' कहलाने लगा था, अब 28 जुलाई से चालू होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका उद्घाटन करेंगे।

Bhopal News

3 साल से वीरान पड़ा भोपाल का 'भूतिया' स्टेशन अब होगा गुलजार

  • Published: 27 Jul 2026, 10:39 AM IST
  • Last Updated: 27 Jul 2026, 10:39 AM IST

भोपाल: राजधानी भोपाल का निशातपुरा रेलवे स्टेशन, जिसे पिछले तीन वर्षों से लोग 'भूतिया स्टेशन' कहकर पुकारने लगे थे, अब जल्द ही यात्रियों की आवाजाही से गुलजार होने वाला है। भोपाल जंक्शन से महज 2.5 किलोमीटर दूर स्थित यह स्टेशन 28 जुलाई से आधिकारिक रूप से संचालित होगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका उद्घाटन करेंगे और इसी के साथ यहां ट्रेनों का ठहराव भी शुरू हो जाएगा।

स्टेशन जून 2023 में पूरी तरह बनकर तैयार
निशातपुरा रेलवे स्टेशन जून 2023 में पूरी तरह बनकर तैयार हो गया था, लेकिन प्रशासनिक और परिचालन संबंधी कारणों से यहां किसी भी ट्रेन का स्टॉपेज शुरू नहीं हो सका। स्टेशन पर न यात्रियों की आवाजाही थी और न ही रेल कर्मचारियों की नियमित तैनाती। लंबे समय तक सुनसान रहने के कारण स्थानीय लोगों ने इसे 'भूतिया स्टेशन' का नाम दे दिया था।
अब रेलवे ने इस स्टेशन को यात्रियों के लिए पूरी तरह तैयार कर लिया है। भोपाल रेलवे मंडल के अनुसार, शुरुआती चरण में मालवा एक्सप्रेस और सोमनाथ एक्सप्रेस का ठहराव निशातपुरा स्टेशन पर होगा। भविष्य में यात्रियों की संख्या और मांग के आधार पर अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनों का स्टॉपेज भी शुरू किया जाएगा।

लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा
स्टेशन शुरू होने से भोपाल के करोंद, छोला, भानपुर, निशातपुरा, नारियलखेड़ा, डीआईजी बंगला, सिंधी कॉलोनी और अयोध्या बायपास जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों के लाखों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इन इलाकों के यात्रियों को अब ट्रेन पकड़ने के लिए भोपाल जंक्शन या रानी कमलापति स्टेशन तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। इससे समय की बचत होगी और शहर के ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।

उद्घाटन के बाद नियमित संचालन
भोपाल रेलवे मंडल के वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि स्टेशन यात्रियों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं और उद्घाटन के बाद नियमित संचालन शुरू कर दिया जाएगा। वर्तमान में राजधानी भोपाल में भोपाल जंक्शन, रानी कमलापति, संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) और मिसरोद सहित चार प्रमुख रेलवे स्टेशन संचालित हो रहे हैं। निशातपुरा स्टेशन के शुरू होने के बाद शहर में सक्रिय रेलवे स्टेशनों की संख्या बढ़कर पांच हो जाएगी।

रेलवे अधिकारियों का मानना है कि नए स्टेशन के शुरू होने से भोपाल जंक्शन पर यात्रियों और ट्रेनों का दबाव कम होगा। साथ ही शहर के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में रहने वाले लोगों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी, जिससे उनकी यात्रा पहले की तुलना में अधिक आसान और सुविधाजनक हो जाएगी।