Bihar Police News: बिहार में पुलिसकर्मियों के लिए अब वर्दी पहनना भर काफी नहीं होगा। कानून-व्यवस्था और भीड़ नियंत्रण की ड्यूटी पर तैनात हर पुलिसकर्मी को अपनी वर्दी पर नेम प्लेट लगाना अनिवार्य होगा। पुलिस मुख्यालय ने साफ कर दिया है कि ड्यूटी के दौरान नाम और पद स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए। अगर कोई पुलिसकर्मी बिना नेम प्लेट के ड्यूटी करता पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई हो सकती है। गंभीर मामलों में निलंबन तक की कार्रवाई का प्रावधान किया गया है।यह आदेश सिर्फ धरना-प्रदर्शन या राजनीतिक आंदोलनों तक सीमित नहीं है। बिहार पुलिस ने इसे बड़े आयोजनों और संवेदनशील ड्यूटी के दौरान जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना है।
धरना से छठ तक... हर बड़ी ड्यूटी पर दिखेगा नाम
बिहार में होने वाले बड़े धार्मिक, सामाजिक और राजनीतिक आयोजनों में पुलिस की तैनाती बड़े स्तर पर की जाती है। अब ऐसे हर मौके पर पुलिसकर्मियों को नेम प्लेट के साथ ड्यूटी करनी होगी।नया नियम राजनीतिक रैलियों, धरना-प्रदर्शनों और छात्र आंदोलनों के अलावा दुर्गापूजा, दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के दौरान भी लागू रहेगा। मेलों, जुलूसों और अन्य भीड़भाड़ वाले कार्यक्रमों में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए भी नेम प्लेट जरूरी होगी।इतना ही नहीं, वीआईपी मूवमेंट, इमरजेंसी कानून-व्यवस्था ड्यूटी, दंगा नियंत्रण अभ्यास, रात की गश्त, चेकपोस्ट और नाकेबंदी के दौरान भी पुलिसकर्मियों को अपनी पहचान के साथ ड्यूटी करनी होगी।यानी अब संवेदनशील ड्यूटी पर तैनात किसी पुलिसकर्मी की वर्दी पर उसका नाम नहीं दिखा तो मामला सिर्फ एक छोटी लापरवाही तक सीमित नहीं रहेगा।
आखिर पुलिस मुख्यालय को क्यों लेना पड़ा यह फैसला?
बड़े आयोजनों और आंदोलनों के दौरान अक्सर हजारों लोगों की भीड़ जुटती है। ऐसी भीड़ में असामाजिक और शरारती तत्वों के शामिल होने की आशंका बनी रहती है। पुलिस मुख्यालय का मानना है कि कुछ लोग पुलिस की पहचान या वर्दी का गलत फायदा उठाकर भीड़ के बीच घुसने की कोशिश कर सकते हैं।
आशंका यह भी रहती है कि कोई व्यक्ति सादी वर्दी या अधूरी पुलिस ड्रेस पहनकर खुद को पुलिसकर्मी की तरह पेश करे और फिर किसी आम व्यक्ति या प्रदर्शनकारी के साथ गलत व्यवहार करे। ऐसी घटना होने पर कई बार असली दोषी की पहचान करना मुश्किल हो जाता है और सवाल पूरी पुलिस व्यवस्था पर उठने लगते हैं। नेम प्लेट की अनिवार्यता के बाद पुलिसकर्मियों की पहचान करना आसान होगा। इससे यह पता लगाने में मदद मिलेगी कि ड्यूटी पर मौजूद व्यक्ति वास्तव में पुलिस बल का हिस्सा है या नहीं।
सिर्फ जवान नहीं, अब अफसरों की भी जवाबदेही
इस आदेश की सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि जिम्मेदारी केवल कांस्टेबल या जवानों तक सीमित नहीं रखी गई है। पुलिस मुख्यालय ने अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की है। संवेदनशील ड्यूटी के लिए पुलिस बल की रवानगी से पहले संबंधित थाना प्रभारी और डीएसपी स्तर के अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी पुलिसकर्मी पूरी वर्दी और नेम प्लेट के साथ ड्यूटी के लिए रवाना हो रहे हैं।
अगर किसी संवेदनशील ड्यूटी के दौरान कोई जवान बिना नेम प्लेट के मिला तो कार्रवाई सिर्फ उस जवान तक सीमित नहीं रह सकती। उसके टीम लीडर या दल प्रभारी की भूमिका और जिम्मेदारी की भी जांच की जाएगी। एडीजी विधि-व्यवस्था केएस अनुपम के अनुसार, संवेदनशील ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की पहचान और जवाबदेही को लेकर स्पष्ट व्यवस्था बनाई जा रही है।
लाठीचार्ज या विवाद हुआ तो पहचान होगी आसान
धरना-प्रदर्शन और छात्र आंदोलनों के दौरान पुलिस कार्रवाई को लेकर अक्सर सवाल खड़े होते रहे हैं। खासकर लाठीचार्ज या बल प्रयोग के बाद यह आरोप सामने आते हैं कि कार्रवाई करने वाले पुलिसकर्मियों की पहचान नहीं हो सकी।कई बार वर्दी पर नाम स्पष्ट नहीं होने के कारण किसी विशेष पुलिसकर्मी के खिलाफ शिकायत करना भी मुश्किल हो जाता है। अब नेम प्लेट अनिवार्य होने से ऐसी शिकायतों की जांच अपेक्षाकृत आसान हो सकती है। अगर किसी पुलिसकर्मी के व्यवहार को लेकर शिकायत होती है, तो उसकी पहचान के आधार पर संबंधित अधिकारी तक पहुंचना आसान होगा। इससे पुलिस बल के भीतर अनुशासन बढ़ाने और जवाबदेही तय करने में भी मदद मिल सकती है।
असली पुलिस और फर्जी वर्दी वालों की होगी पहचान
बिहार पुलिस का यह कदम सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बड़े धार्मिक आयोजनों, राजनीतिक रैलियों और आंदोलनों में पुलिस जैसी वर्दी पहनकर भीड़ में घुसने की आशंका को पूरी तरह नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। नेम प्लेट के जरिए असली पुलिसकर्मियों की पहचान अधिक स्पष्ट होगी। किसी संदिग्ध व्यक्ति के पुलिस की तरह दिखने पर उसकी पहचान और सत्यापन करना आसान हो सकता है। पुलिस मुख्यालय का संदेश साफ है—वर्दी के साथ पहचान भी जरूरी है। अब कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में पुलिसकर्मी का नाम और पद स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।
बिहार पुलिस में जवाबदेही की नई व्यवस्था
यह फैसला सिर्फ वर्दी पर एक नेम प्लेट लगाने का आदेश नहीं है, बल्कि पुलिस व्यवस्था में जवाबदेही और पारदर्शिता बढ़ाने की कोशिश के तौर पर भी देखा जा रहा है। भीड़ नियंत्रण हो, छात्र आंदोलन हो, त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था हो या वीआईपी मूवमेंट—अब ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों की पहचान छिपी नहीं रहेगी। बिना नेम प्लेट ड्यूटी करने वालों पर कार्रवाई और टीम लीडर तक जिम्मेदारी तय होने की व्यवस्था ने साफ कर दिया है कि पुलिस मुख्यालय अब इस मामले में किसी तरह की लापरवाही के मूड में नहीं है।