Bijnor Honey Trap Gang: बिजनौर के नजीबाबाद में हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, 4 महिलाएं गिरफ्तार, फर्जी मुकदमों की धमकी देकर वसूली का आरोप

Published on 20 सित॰ 2026

Bijnor Honey Trap Gang:बिजनौर के नजीबाबाद में पुलिस ने हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये गिरोह लोगों के आपसी विवाद और पुराने मुकदमों की जानकारी जुटाता था। इसके बाद उन्हें झूठे रेप केस में फंसाने की धमकी दी जाती थी। आरोप है कि मुकदमे से बचाने और समझौते के नाम पर मोटी रकम मांगी जाती थी।

झूठे मुकदमे की कहानी तैयार करने का आरोप

नजीबाबाद थाने में आसिम, साहिल, मुराद खान और नवाब की ओर से अलग-अलग शिकायतें दी गई थीं। इनमें जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, दिलशाद और अन्य लोगों पर साजिश के आरोप लगाए गए। पुलिस जांच में कथित तौर पर सामने आया कि हनी ट्रैप गैंग (Bijnor Honey Trap Gang) महिलाओं के जरिए लोगों को निशाना बनाने की योजना तैयार करता था। पुलिस का कहना है कि पहले व्यक्ति की जानकारी जुटाई जाती थी और फिर उसके खिलाफ झूठी घटना की कहानी तैयार की जाती थी।

मांग पूरी नहीं होने पर केस की धमकी

पुलिस के मुताबिक, गिरोह से जुड़े लोग पहले से चिन्हित व्यक्तियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाकर कार्रवाई का दबाव बनाते थे। मांग पूरी नहीं होने पर महिलाओं और अन्य सहयोगियों के जरिए मुकदमा दर्ज कराने या अदालत में परिवाद पेश करने की बात सामने आई है। जांच में वर्ष 2023 के एक पुराने मामले का भी जिक्र मिला है। पुलिस का दावा है कि जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा गिरोह का संचालन करता और सदस्यों के बीच तालमेल बनाता था।

4 महिलाओं की गिरफ्तारी, 13 फर्जी आधार कार्ड मिले

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शायमा, अन्तिमा, शहाना परवीन और सानिया को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चारों के पास से 13 फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा के संपर्क में रहने और पहले से तय योजना के तहत लोगों के खिलाफ मामले दर्ज कराने की जानकारी दी। पुलिस अब पूरे नेटवर्क की भूमिका की जांच कर रही है।

ये खबर भी पढ़ें: काशी विश्वनाथ मंदिर में SDM शम्भू शरण सिंह पर अभद्रता, जातिसूचक शब्द और मारपीट के आरोप, दर्ज होगा केस

7 आरोपी पहले ही जेल भेजे जा चुके

पुलिस के अनुसार, हनी ट्रैप गैंग मामले में मुख्य आरोपी जुल्फिकार उर्फ बब्बू लंगड़ा समेत 7 आरोपी पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। अब 4 महिलाओं की गिरफ्तारी के बाद नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और पुराने मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने संबंधित केस में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में बढ़ोतरी की है। अधिकारियों का कहना है कि आगे की कार्रवाई जांच में मिले सबूतों के आधार पर की जाएगी।