Bipasha Basu के प्रोटीन पाउडर में निकले छोटे-छोटे कीड़े, वीडियो में FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे से क्या कहा?

Published on 11 सित॰ 2026

Time Published: Friday, September 11, 2026, 10:54 [IST]

Bipasha Basu: बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर काफी सजग रहती हैं। ऐसे में उनके एक हालिया सोशल मीडिया पोस्ट ने हर किसी का ध्यान खींच लिया है। एक्ट्रेस ने एक प्रोटीन पाउडर को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की है। बिपाशा बसु का दावा है कि उन्होंने जिस प्रोटीन पाउडर का नया जार खोला, उसमें छोटे-छोटे कीड़े नजर आए। इस पूरे मामले का वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA के कमिश्नर तुकाराम मुंढे को भी टैग किया है।

बिपाशा ने वीडियो में दिखाया कीड़ा
बिपाशा बसु ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें वह प्रोटीन पाउडर के जार में कथित तौर पर मौजूद छोटे कीड़ों की ओर इशारा करती नजर आईं। एक्ट्रेस ने अपनी उंगली पर भी एक छोटा सा कीड़ा दिखाया और बताया कि ये नया पैक है, जिसे हाल ही में खोला गया था।

Bipasha Basu

प्रोटीन पाउडर में दिखे छोटे-छोटे कीड़े

वीडियो में बिपाशा बसु ने कहा कि इस प्रोटीन पाउडर में बहुत छोटे-छोटे कीड़े दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने ये भी दावा किया कि जार खोलने के बाद उन्हें इस तरह के कई कीड़े नजर आए। बिपाशा बसु ने अपने वीडियो के जरिए लोगों का ध्यान पैकेज्ड फूड और हेल्थ प्रोडक्ट्स की क्वालिटी पर भी खींचा है।

तुकाराम मुंढे को किया टैग

-बिपाशा बसु ने अपनी पोस्ट में महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे को टैग करते हुए उनसे मामले में हस्तक्षेप करने की अपील की है। एक्ट्रेस ने लिखा कि वह उम्मीद करती हैं कि अधिकारी ये सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएंगे कि लोगों को बाजार से खरीदी जाने वाली चीजों में खराब या मिलावटी सामान न मिले।

-बिपाशा बसु का ये पोस्ट ऐसे समय में आया है, जब महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी को लेकर तुकाराम मुंढे की सक्रियता लगातार चर्चा में बनी हुई है। उनके नेतृत्व में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और नियमों के पालन को लेकर कई जगहों पर जांच की जा रही है।

फूड सेफ्टी को लेकर एक्शन में हैं तुकाराम मुंढे

-महाराष्ट्र FDA कमिश्नर तुकाराम मुंढे हाल के दिनों में खाद्य सुरक्षा से जुड़े मामलों को लेकर काफी सक्रिय नजर आए हैं। मुंबई समेत राज्य के अलग-अलग हिस्सों में होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की जा रही है। मिलावट और खाद्य सुरक्षा से जुड़े नियमों का उल्लंघन मिलने पर कार्रवाई भी की गई है।

-दूध और पनीर जैसे रोजमर्रा के खाद्य उत्पादों में मिलावट से लेकर फूड बिजनेस में नियमों की अनदेखी तक, कई मामलों में प्रशासन की ओर से कार्रवाई की खबरें सामने आई हैं। इसी वजह से तुकाराम मुंढे का नाम सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आया है।

प्रीति जिंटा और ट्विंकल खन्ना भी कर चुकी हैं चर्चा

-तुकाराम मुंढे की फूड सेफ्टी को लेकर की जा रही कार्रवाई ने बॉलीवुड का ध्यान भी खींचा है। हाल ही में एक्ट्रेस प्रीति जिंटा को मुंबई में एक ऐसी काली टी-शर्ट पहने देखा गया था, जिस पर 'टीम तुकाराम मुंढे' लिखा हुआ था। इसे उनके फूड सेफ्टी अभियान के समर्थन के तौर पर देखा गया।

-वहीं एक्ट्रेस से लेखिका बनीं ट्विंकल खन्ना ने भी तुकाराम मुंढे की सक्रियता पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा था कि क्या किसी सरकारी अधिकारी का सिर्फ अपना काम करना इतना असामान्य हो गया है कि वह खबर बन जाए।

अब बिपाशा बसु के पोस्ट ने बढ़ाई चर्चा

-अब बिपाशा बसु के प्रोटीन पाउडर को लेकर किए गए दावे ने इस बहस को एक बार फिर हवा दे दी है। फिटनेस को लेकर जागरूक रहने वाली एक्ट्रेस का ये अनुभव सामने आने के बाद पैकेज्ड फूड और सप्लीमेंट्स की क्वालिटी को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

-हालांकि बिपाशा बसु के दावे पर संबंधित ब्रांड या अधिकारियों की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आती है या नहीं, ये देखना बाकी है। फिलहाल एक्ट्रेस की पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है और फूड सेफ्टी को लेकर फिल्म इंडस्ट्री से उठी एक और आवाज ने लोगों का ध्यान खींच लिया है।

-बिपाशा बसु का ये पोस्ट सिर्फ एक प्रोटीन पाउडर को लेकर उनकी चिंता तक सीमित नहीं है बल्कि इसने लोगों के बीच खाने-पीने और हेल्थ से जुड़े प्रोडक्ट्स की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब नजर इस बात पर रहेगी कि इस मामले में महाराष्ट्र FDA की ओर से कोई जांच या कार्रवाई की जाती है या नहीं।