बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया। सीएम सम्राट चौधरी की मौजूदगी में NDA ने किया बड़ा शक्ति प्रदर्शन।
बांकीपुर उपचुनाव के लिए बीजेपी उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने नामांकन दाखिल किया।
- Published: 13 Jul 2026, 04:21 PM IST
- Last Updated: 13 Jul 2026, 04:21 PM IST
Bankipur By Election 2026: बांकीपुर विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के नामांकन का आज आखिरी दिन रहा। इस अंतिम दिन भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज सिन्हा ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पहले बीजेपी ने भव्य रोड शो आयोजित कर एनडीए (NDA) की एकजुटता और ताकत का प्रदर्शन किया।
रथ पर सवार होकर निकाला रोड शो
नीरज सिन्हा नामांकन के लिए बीजेपी कार्यालय से एक विशेष रथ पर सवार होकर निकले। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं का भारी हुजूम उमड़ पड़ा, जो जगह-जगह नीरज सिन्हा की जीत के नारे लगाते दिखे।
#WATCH | Patna: The nomination rally for BJP candidate Neeraj Sinha for the Bankipur by-election began at the BJP office. pic.twitter.com/hUbk6iKdtD
— ANI (@ANI) July 13, 2026
रोड शो में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद, जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और लोजपा (रामविलास) के राजू तिवारी समेत एनडीए गठबंधन के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। इस शक्ति प्रदर्शन के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी विशेष रूप से मौजूद रहे।
पूजा-अर्चना करने के बाद नितिन नवीन के पिता को दी श्रद्धांजलि
नामांकन प्रक्रिया शुरू करने से पहले नीरज सिन्हा ने पूरी धार्मिक श्रद्धा के साथ अपने दिन की शुरुआत की। वे सबसे पहले पंचरूपी हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने पूजा-पाठ कर भगवान का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उनके साथ विधायक संजय गुप्ता और संजीव चौरसिया भी मौजूद रहे।
आज 182-बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव हेतु एनडीए समर्थित प्रत्याशी श्री नीरज कुमार सिन्हा जी के नामांकन में सम्मिलित होकर उन्हें शुभकामनाएँ एवं विजय की अग्रिम बधाई दी।
इस अवसर पर एनडीए के वरिष्ठ नेताओं, पार्टी पदाधिकारियों एवं बड़ी संख्या में समर्पित कार्यकर्ताओं की गरिमामयी उपस्थिति… pic.twitter.com/Vk76uE81kN
— Vijay Kumar Sinha (@VijayKrSinhaBih) July 13, 2026
इसके बाद नीरज सिन्हा नवीन सिन्हा स्मृति पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने नितिन नवीन के पिता को पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
चुनावी मुकाबले में बढ़ा रोमांच
बांकीपुर सीट पर मुकाबला बेहद दिलचस्प होता जा रहा है। आज ही नामांकन के आखिरी दिन जन सुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर ने भी अपना पर्चा भरा है। नामांकन से पहले प्रशांत किशोर ने भी बाइक रैली और पैदल मार्च निकालकर अपने समर्थकों के साथ शक्ति प्रदर्शन किया था।
अब बांकीपुर के चुनावी मैदान में भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा और प्रशांत किशोर आमने-सामने हैं, जिसे लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।