बिहार BJP के नए प्रभारी बने हरीश द्विवेदी, MLC पद छोड़ने वाले देवेश कुमार को मिली ये जिम्मेदारी

Published on 23 सित॰ 2026

Bihar BJP In Charge Harish Dwivedi: भारतीय जनता पार्टी ने बिहार संगठन में बड़ा बदलाव किया है. भाजपा ने हरीश द्विवेदी को बिहार का प्रदेश प्रभारी बनाया है. हरीश द्विवेदी उत्तर प्रदेश से आते हैं. वह भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भी हैं. इससे पहले वह असम के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

हरीश द्विवेदी के साथ बिहार के लिए दो सह प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं. उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सांसद संगीता यादव और कांग्रेस से भाजपा में आए रोहन गुप्ता को बिहार का सह प्रभारी बनाया गया है. भाजपा मुख्यालय ने बुधवार को प्रभारी और सह प्रभारी की पूरी सूची जारी की.

भाजपा द्वारा जारी लिस्ट
भाजपा द्वारा जारी लिस्ट

बस्ती से सांसद रह चुके हैं हरीश द्विवेदी

हरीश द्विवेदी मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के रहने वाले हैं. वह बस्ती से दो बार लोकसभा सांसद रह चुके हैं. छात्र जीवन से ही वह भाजपा से जुड़े रहे हैं. संगठन में उन्होंने कई अहम जिम्मेदारियां संभाली हैं.

हरीश द्विवेदी वर्ष 1991 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े थे. इसके बाद 1993 से 1995 तक बस्ती के जिला प्रमुख रहे. वर्ष 1994 से 1996 तक भाजयुमो के प्रदेश सह मंत्री की जिम्मेदारी संभाली. इसके बाद 2006 से 2010 तक प्रदेश उपाध्यक्ष रहे. 2010 से 2013 तक भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भी रहे.

पहले असम के प्रभारी रह चुके हैं

भाजपा ने इससे पहले हरीश द्विवेदी को असम की जिम्मेदारी दी थी. अब पार्टी ने उन्हें बिहार का प्रदेश प्रभारी बनाया है. बिहार में पार्टी संगठन से जुड़े कामों की जिम्मेदारी उनके पास होगी.

रोहन गुप्ता और संगीता यादव को सह प्रभारी की जिम्मेदारी

बिहार के लिए दो सह प्रभारी भी नियुक्त किए गए हैं. उत्तर प्रदेश की राज्यसभा सांसद संगीता यादव को सह प्रभारी बनाया गया है. वहीं कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए रोहन गुप्ता को भी बिहार का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है.

मंगल पांडे को असम का प्रभारी बनाया

भाजपा ने बिहार के कई नेताओं को भी नई जिम्मेदारी दी है. बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे को असम का प्रभारी बनाया गया है. वहीं भाजपा के पूर्व एमएलसी देवेश कुमार को अरुणाचल प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया है. देवेश कुमार ने हाल ही में एमएलसी पद से इस्तीफा दिया था. इसके बाद दीपक प्रकाश को एमएलसी बनाया गया था.

निवेदिता सिंह को झारखंड का सह प्रभारी

भाजपा ने बिहार की एमएलसी निवेदिता सिंह को भी नई जिम्मेदारी दी है. उन्हें झारखंड का सह प्रभारी बनाया गया है. इस तरह बिहार भाजपा से जुड़े कई नेताओं को अलग-अलग राज्यों में संगठन की जिम्मेदारी सौंपी गई है.

Also Read: बिहार दारोगा भर्ती: मेंस परीक्षा क्यों हुई कैंसिल? केंद्रों पर बार-बार कटी बिजली, जैमर बंद होने का शक, EOU की जांच में कई खुलासे