|
New Update
/bansal-news/media/media_files/2026/08/05/new-poster-1-2026-08-05-08-39-42.jpg)
Breaking News Live Update 5 August 2026: देश-विदेश में आज 5 अगस्त की बड़ी खबरें कौन सी हैं। मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश में क्या बड़ा घटनाक्रम है साथ ही राजनीतिक गलियारों में किस मुद्दे पर सरगर्मी चल रही है। इसके लिए पढ़ें आज 5 अगस्त की ब्रेकिंग और लेटेस्ट न्यूज।
Aug 05, 2026 12:17 IST
E20 विवाद में बॉम्बे हाईकोर्ट ने नितिन गडकरी के पक्ष में दिया अंतरिम आदेश
/filters:format(webp)/bansal-news/media/media_files/2026/08/05/whatsapp-image-2026-08-05-12-17-16.jpeg)
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को E20 ईंधन विवाद से जोड़कर सोशल मीडिया पर साझा किए गए कथित डीपफेक वीडियो और AI से तैयार की गई तस्वीरों के मामले में बॉम्बे हाईकोर्ट से राहत मिली है। अदालत ने इन आपत्तिजनक पोस्टों को तत्काल हटाने का अंतरिम आदेश दिया है।जस्टिस अरिफ डॉक्टर की पीठ ने गडकरी की याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि पहली नजर में यह सामग्री आपत्तिजनक और अभद्र प्रतीत होती है। ऐसे कंटेंट को सार्वजनिक प्लेटफॉर्म पर बने रहने की अनुमति नहीं दी जा सकती। मामले की अगली सुनवाई चार सप्ताह बाद होगी।
सुनवाई के दौरान गडकरी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संदीप लड्ढा ने अदालत को सोशल मीडिया पर प्रसारित कथित डीपफेक वीडियो और AI जनरेटेड तस्वीरें दिखाईं। इनमें गडकरी को E20 ईंधन विवाद से जोड़ने का दावा किया गया था। प्रस्तुत सामग्री देखने के बाद अदालत ने संबंधित कंटेंट को हटाने का अंतरिम निर्देश जारी किया। गडकरी का आरोप है कि सोशल मीडिया पर उनकी छवि खराब करने के उद्देश्य से फर्जी वीडियो और AI से तैयार तस्वीरें प्रसारित की गईं। इनमें एक इंस्टाग्राम रील भी शामिल है, जिसे याचिका में साक्ष्य के रूप में पेश किया गया।
Aug 05, 2026 10:21 IST
कर्नाटक के यादगीर में फैक्ट्री में केमिकल लीक, दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत
कर्नाटक के यादगीर जिले के कदेचुर-बडियाल इंडस्ट्रियल एरिया स्थित एक फैक्ट्री में केमिकल लीक होने से बड़ा हादसा हो गया। जहरीली गैस के संपर्क में आने से दम घुटने के कारण तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान तेलंगाना के महबूबनगर निवासी कटला गणेश और मध्य प्रदेश के कटनी जिले के रहने वाले विक्रम सिंह गोंडा तथा संजय सिंह गोंडा के रूप में हुई है। वहीं, घायल मजदूर मंचला हेमंत और मंचला शिवकुमार आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले के निवासी हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद फैक्ट्री में कामकाज तत्काल रोक दिया गया। पुलिस ने सैदापुर थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए अधिकारियों की टीम फैक्ट्री का निरीक्षण कर रही है।
Aug 05, 2026 10:15 IST
रांची में JPSC-JSSC भर्ती आंदोलन तेज
झारखंड में JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के विरोध में चल रहा युवाओं का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। रांची में आंदोलनकारी छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो आमरण अनशन के तीसरे दिन भी डटे रहे। इस दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर सामने आई है। उन्होंने राज्य सरकार से युवाओं की मांगों को गंभीरता से सुनने और जल्द समाधान निकालने की अपील की। JPSC-JSSC भ्रष्टाचार-मुक्त एवं पारदर्शी भर्ती अभियान के तहत मंगलवार को सत्याग्रह धरने का 11वां दिन पूरा हुआ, जबकि अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल तीसरे दिन में पहुंच गई। आंदोलन स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और समर्थक पहुंचे और प्रदर्शनकारियों के समर्थन में शामिल हुए। देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि यह लड़ाई झारखंड के युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की है। उन्होंने कहा कि वे दिशोम गुरु शिबू सोरेन के संघर्ष और आंदोलन की परंपरा से प्रेरणा लेकर युवाओं को न्याय दिलाने के लिए अपना आंदोलन जारी रखेंगे। गौरतलब है कि 4 अगस्त को पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पुण्यतिथि थी। इस अवसर पर JPSC-JSSC परीक्षा में कथित अनियमितताओं का विरोध कर रहे अभ्यर्थियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए श्रद्धांजलि मार्च भी निकाला। इस बीच मामले की जांच कर रही CID ने कार्रवाई तेज कर दी है। एजेंसी ने तीन और लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में अब तक कुल 14 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
Aug 05, 2026 09:58 IST
PoK में चुनावी हिंसा, इमरान समर्थकों का देशव्यापी आंदोलन
पाकिस्तान इस समय एक साथ कई मोर्चों पर चुनौतियों का सामना कर रहा है। एक ओर पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में चुनाव के दूसरे चरण के दौरान हिंसा और धांधली के आरोपों से माहौल तनावपूर्ण बना हुआ है। वहीं, दूसरी ओर पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने उनकी रिहाई की मांग को लेकर 5 अगस्त से देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। यह दिन इमरान खान की गिरफ्तारी के तीन साल पूरे होने के मौके पर मनाया जा रहा है। इसी बीच पाकिस्तान सरकार ने विदेशी पत्रकारों के लिए नई मीडिया गाइडलाइंस जारी की हैं। नए नियमों के तहत अब इस्लामाबाद, लाहौर और कराची से बाहर किसी भी क्षेत्र में रिपोर्टिंग, डॉक्यूमेंट्री, वीडियो या सोशल मीडिया कंटेंट बनाने से पहले सरकार से अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) लेना अनिवार्य होगा।
पाकिस्तान के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से जारी 'Foreign Media Facilitation Guidelines 2026' के अनुसार, विदेशी पत्रकारों को बड़े शहरों से बाहर रिपोर्टिंग करने से पहले मंत्रालय के 'External Publicity Wing' से मंजूरी लेनी होगी। हालांकि, एबटाबाद और मरी जैसे कुछ स्थानों के लिए सीमित छूट दी गई है, जहां तीन दिनों के भीतर एनओसी जारी किया जा सकता है। नए नियम केवल विदेशी पत्रकारों तक सीमित नहीं हैं। विदेशी मीडिया संस्थानों से जुड़े फिक्सर, प्रोडक्शन टीम और मीडिया कंपनियों को भी अब सरकार के साथ पंजीकरण कराना अनिवार्य होगा। उधर, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में चुनाव के दूसरे चरण में पीएमएल-एन को बढ़त मिलने की खबरें हैं, लेकिन विपक्ष ने चुनाव में हिंसा और धांधली के आरोप लगाए हैं, जिससे राजनीतिक तनाव और बढ़ गया है।
Aug 05, 2026 08:42 IST
अमेरिका बोला- होर्मुज स्ट्रेट पर जल्द हो सकता है समझौता
अमेरिका और ईरान के बीच होर्मुज स्ट्रेट को लेकर जारी बातचीत निर्णायक दौर में पहुंचती दिख रही है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने मंगलवार को कहा कि दोनों देशों के बीच होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने को लेकर बुधवार तक समझौता हो सकता है।
हालांकि, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने स्पष्ट किया कि फिलहाल बातचीत केवल होर्मुज स्ट्रेट में समुद्री आवाजाही बहाल करने पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर अलग से वार्ता होगी और अमेरिका का अंतिम उद्देश्य ईरान के परमाणु कार्यक्रम को पूरी तरह समाप्त करना है।
लेखक