CCTV-ड्रोन से निगरानी, सोशल मीडिया पर नजर... जानें कैसी है कांवड़ यात्रा को लेकर योगी सरकार की तैयारी

Published on 28 जुल॰ 2026

Yogi Government: यूपी में कांवड़ यात्रा को सफल कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं। कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में कांवड़ यात्रा आस्था, सुरक्षा और सुव्यवस्था का उदाहरण बने।

Yogi Government: यूपी में कांवड़ यात्रा को सफल कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं। कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में कांवड़ यात्रा आस्था, सुरक्षा और सुव्यवस्था का उदाहरण बने।

author-image

New Update

Yogi government preparing for Kanwar Yatra

सीएम योगी

Yogi Government: उत्तर प्रदेश में कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को व्यापक दिशा-निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने साफ कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा मार्ग पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जाएं। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश में कांवड़ यात्रा आस्था, सुरक्षा और सुव्यवस्था का उदाहरण बने।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि पूरे कांवड़ मार्ग पर पुलिस की पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए और संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता बरती जाए। इसके लिए पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती के साथ-साथ सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के जरिए 24 घंटे निगरानी रखने के आदेश दिए गए हैं। आधुनिक तकनीक के उपयोग से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से पहले ही निपटा जा सके।

कांवड़ यात्रा के दृष्टिगत पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाए। संवेदनशील स्थलों पर सीसीटीवी एवं ड्रोन के माध्यम से 24 घंटे निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी एवं भ्रामक सूचनाओं का तत्काल खंडन करते हुए अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।… pic.twitter.com/VNFgkRW6eP

— Government of UP (@UPGovt) July 27, 2026

सोशल मीडिया पर रहेगी सख्ती

योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं को लेकर भी अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी फर्जी खबर का तत्काल खंडन किया जाए और अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। सरकार का मानना है कि सोशल मीडिया की लगातार निगरानी से भ्रम फैलाने वाले तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सकेगा।

यह भी पढ़ें: समृद्धि और आत्मनिर्भरता की नई पहचान बना मैनपुरी, CM योगी ने ₹682 करोड़ से अधिक की 111 विकास परियोजनाओं की दी सौगात

श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी ध्यान

राज्य सरकार सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दे रही है। यात्रा मार्गों पर साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता, प्रकाश व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को बेहतर बनाने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा गया है, ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इमरजेंसी के लिए तैयार सरकार

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि यात्रा के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, नगर निकाय और अन्य एजेंसियां समन्वय बनाकर काम करें, जिससे किसी भी घटना पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष कार्ययोजना लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।

क्यों खास है यह यात्रा?

योगी सरकार का कहना है कि कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि प्रदेश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए सरकार की कोशिश है कि श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और सुरक्षा के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें। इसी उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है और जिलों के अधिकारियों को समय-समय पर आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।

प्रदेश सरकार का दावा है कि आधुनिक निगरानी व्यवस्था, मजबूत सुरक्षा प्रबंध, तकनीक के बेहतर इस्तेमाल और विभिन्न विभागों के समन्वय से इस बार की कांवड़ यात्रा पहले से अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु होगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा हर स्तर पर संवेदनशीलता और सतर्कता के साथ व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।

यह भी पढ़ें: योगी सरकार ने तैयार किया गुणवत्ता सुधार का रोडमैप, कार्यशालाओं का होगा आयोजन