CG News: महाअष्टमी पर मंत्री रामविचार नेताम ने दी बड़ी सौगात, 5.91 करोड़ की लागत से मोरन नदी पर बनेगा उच्चस्तरीय पुल - Pratidin Rajdhani

Published on 18 अक्टू॰ 2026

रायपुर : छत्तीसगढ़ के जनजातीय कार्य मंत्री रामविचार नेताम ने नवरात्रि की महाअष्टमी के अवसर पर चलगली क्षेत्र के ग्रामीणों को बड़ी सौगात दी है। उन्होंने ग्राम कपिलदेवपुर में मोरन नदी पर बनने वाले उच्चस्तरीय पुल और पहुंच मार्ग का विधिवत भूमिपूजन किया। इस पुल के निर्माण पर 591.04 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। पुल बनने से क्षेत्र के 12 से 15 गांवों के करीब 15 से 20 हजार ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

शीतला मंदिर हादसे पर CM मोहन यादव सख्त, CSP पर गिरी गाज; 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

144 मीटर लंबा होगा पुल, 15 किलोमीटर कम होगी दूरी

लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग, अम्बिकापुर द्वारा कपिलदेवपुर-बसेरा मार्ग पर इस पुल का निर्माण कराया जाएगा। पुल की लंबाई 144 मीटर और चौड़ाई 8.40 मीटर होगी। इसमें 24-24 मीटर के छह स्पैन बनाए जाएंगे। मजबूत संरचना के लिए पाइल फाउंडेशन तकनीक अपनाई जाएगी। इसके अलावा पुल के दोनों छोरों पर कुल 271 मीटर लंबा पहुंच मार्ग भी तैयार किया जाएगा।

पुल का निर्माण पूरा होने के बाद ग्रामीणों को जिला मुख्यालय बलरामपुर पहुंचने के लिए लगभग 15 किलोमीटर कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे आवागमन आसान होने के साथ ही आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और रोजगार तक पहुंच भी बेहतर होगी।

चलगली-रामानुजगंज सड़क को भी मिली स्वीकृति

मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि मोरन नदी पर पुल नहीं होने के कारण क्षेत्र के ग्रामीण लंबे समय से आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना कर रहे थे। महाअष्टमी के शुभ अवसर पर इस पुल की सौगात मिलने से लोगों की पुरानी समस्या दूर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।

उन्होंने बताया कि चलगली से रामानुजगंज सड़क निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है। निविदा प्रक्रिया पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही चलगली को बलरामपुर और वाड्रफनगर से बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिए जनप्रतिनिधियों के समन्वय से कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।

गांवों में सड़क और बुनियादी सुविधाओं पर जोर

मंत्री ने कहा कि ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूत करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके तहत गांवों में सीसी रोड निर्माण और पंचायतों में जरूरत के अनुसार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। जिन विद्यालयों में छात्राओं के लिए अलग शौचालय की सुविधा नहीं है, वहां प्राथमिकता से निर्माण कराया जा रहा है। साथ ही मुक्तिधाम निर्माण की योजना भी तैयार की गई है।

उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इसके माध्यम से पात्र माताओं और बहनों के खातों में हर महीने 1,000 रुपये अंतरित किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में मदद मिल रही है।

UP News: यूपी सरकार का रसोइयों को बड़ा गिफ्ट, ₹2000 से बढ़कर ₹3000 हुआ मासिक मानदेय

खेती और पशुपालन से आय बढ़ाने की अपील

रामविचार नेताम ने किसानों से आधुनिक और वैज्ञानिक तरीकों से खेती करने का आह्वान किया। उन्होंने दुग्ध उत्पादन और पशुपालन को व्यावसायिक रूप देकर आय बढ़ाने पर जोर दिया। मंत्री ने स्व-सहायता समूहों के माध्यम से सब्जी उत्पादन, मुर्गी पालन, बकरी पालन और ‘ड्रोन दीदी’ जैसी पहलों से आत्मनिर्भर बन रही महिलाओं की सराहना भी की।

कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीणजन और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Photo of News Desk

News Desk

सटीकता, निष्पक्षता और जिम्मेदार पत्रकारिता के प्रति प्रतिबद्ध, हमारे रिपोर्टर जमीनी स्तर से महत्वपूर्ण खबरों को जुटाकर तथ्यों की पुष्टि के साथ पाठकों तक पहुँचाने का कार्य करते हैं। PratidinRajdhani.in के माध्यम से वे समाज, शहर और देश से जुड़ी प्रमुख घटनाओं एवं जनहित के मुद्दों को विश्वसनीय और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।