CG Railway Engineer Rishwat Case: 50 हजार की रिश्वत लेते पकड़ा रेलवे इंजीनियर, CBI को घर से मिले 77 लाख कैश और 14 लाख के जेवर

Published on 17 अग॰ 2026

CG Railway Engineer Rishwat Case: छत्तीसगढ़ के भिलाई में रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे (SECR) के सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर अनमोल उईके के ठिकानों से CBI को बड़ी रकम मिली है। अधिकारी के भिलाई, रायपुर और राजनांदगांव स्थित ठिकानों पर तलाशी के दौरान करीब 91 लाख रुपए की संपत्ति बरामद हुई है। इसमें करीब 77 लाख रुपए नकद और 14 लाख रुपए के जेवरात शामिल हैं।

CBI ने 13 अगस्त को ट्रैप कार्रवाई करते हुए सीनियर DME अनमोल उईके को 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा था। आरोप है कि रेलवे के लंबित बिलों को पास कराने और नया ठेका दिलाने के बदले अधिकारी ने ठेकेदार से रिश्वत मांगी थी।

2 लाख की रिश्वत मांगी, 1 लाख में सौदा तय

CBI के मुताबिक अनमोल उईके भिलाई के पीपी यार्ड में सीनियर डिविजनल मैकेनिकल इंजीनियर के पद पर तैनात हैं। एक रेलवे ठेकेदार ने पुराने बिलों का भुगतान कराने और नया ठेका दिलाने के लिए उनसे संपर्क किया था।

आरोप है कि अधिकारी ने इसके बदले 2 लाख रुपए की रिश्वत मांगी। बातचीत के बाद रिश्वत की रकम घटाकर 1 लाख रुपए तय की गई। इसके बाद ठेकेदार ने मामले की शिकायत CBI से कर दी।

शिकायत मिलने के बाद CBI ने ट्रैप की योजना बनाई। शिकायतकर्ता को केमिकल लगे नोटों से भरा लिफाफा देकर अधिकारी के पास भेजा गया।

यह भी पढ़ें: CG Crime News: 14 साल के छात्र की बेरहमी से हत्या, अननेचुरल सेक्स के बाद गला दबाकर मार डाला, सक्ती पुलिस ने आरोपी दबोचा

Screenshot 2026-08-17 195554

बिचौलिए के जरिए ली 50 हजार की पहली किस्त

शिकायत के मुताबिक रिश्वत की पहली किस्त के तौर पर 50 हजार रुपए देने थे। अधिकारी के निर्देश पर यह रकम एक बिचौलिए ने शिकायतकर्ता से ली।

रिश्वत की रकम लेते ही CBI की टीम ने कार्रवाई करते हुए अधिकारी और बिचौलिए दोनों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई में दिल्ली के साथ रायपुर और दुर्ग की CBI टीम के अधिकारी भी शामिल थे।

भिलाई के PP यार्ड में हुई कार्रवाई

CBI ने भिलाई के चरोदा स्थित रेलवे के PP यार्ड में ट्रैप कार्रवाई की थी। गिरफ्तारी के बाद जांच टीम ने सीनियर DME के कार्यालय को भी अपने कब्जे में लेकर रिकॉर्ड और दस्तावेजों की जांच की। जांच के दौरान CBI ने मामले से जुड़े जरूरी दस्तावेज और अन्य रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं।

यह भी पढ़ें: E20 Petrol: भारत सरकार के मुख्य आर्थिक सलाहकार की बड़ी सलाह, पुराने वाहनों के लिए E10 पेट्रोल वापस लाने की पैरवी

रायपुर और राजनांदगांव के ठिकानों पर भी तलाशी

गिरफ्तारी के बाद CBI ने अनमोल उईके से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ तलाशी ली। भिलाई स्थित PP यार्ड कार्यालय के अलावा रायपुर और राजनांदगांव के ममता नगर स्थित ठिकानों पर भी टीम पहुंची।

Screenshot 2026-08-17 195548

तलाशी के दौरान CBI को करीब 77 लाख रुपए नकद मिले। इसके अलावा करीब 14 लाख रुपए के जेवरात भी बरामद किए गए। इस तरह तलाशी में करीब 91 लाख रुपए की संपत्ति सामने आई है।

CBI ने तलाशी के दौरान मामले से जुड़े कई दस्तावेज और रिकॉर्ड भी जब्त किए हैं। अब जांच एजेंसी बरामद नकदी, जेवरात और दस्तावेजों के स्रोत की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें: CG Trains Cancelled List: छत्तीसगढ़ से गुजरने वाली 18 ट्रेनें 25 सितंबर से अलग-अलग डेट्स में  नहीं चलेंगी, कई प्रदेशों के यात्रियों को होगी परेशानी

CBI कर रही मामले की जांच

रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार रेलवे अधिकारी और बिचौलिए से पूछताछ की जा रही है। CBI यह भी जांच कर रही है कि रिश्वत की रकम किस काम के बदले मांगी गई थी और बरामद नकदी व जेवरात से जुड़े दस्तावेज क्या हैं। फिलहाल मामले में CBI की जांच जारी है। बरामद संपत्ति और दस्तावेजों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें:  CG Weather Today: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-कोरबा समेत 4 जिलों में रेड अलर्ट, 11 जिलों में Orange Alert, 204.5 MM से ज्यादा बारिश की चेतावनी