ChatGPT से पूछा ‘परिवार को कैसे मारें?’ फिर मां और भाई की हत्या; भारत मूल के किशोर का AI कनेक्शन

Published on 14 अग॰ 2026

अमेरिका में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर अपनी मां और छोटे भाई की हत्या का आरोप है, जबकि जांच में उसके ChatGPT और इंटरनेट पर हिंसा से जुड़ी चीजें खोजने की बात सामने आई है। आइए आपको इस मामले के बारे में बताएं। 

अमेरिका में भारतीय मूल के 17 वर्षीय किशोर पर अपनी मां और 14 वर्षीय छोटे भाई की हत्या का आरोप लगा है। इस मामले ने इसलिए खास ध्यान खींचा है क्योंकि जांच में सामने आया है कि किशोर हत्या से पहले इंटरनेट और ChatGPT का इस्तेमाल अपने परिवार को मारने से जुड़े तरीकों और हिंसक कल्पनाओं के बारे में खोजने के लिए कर रहा था। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि AI ने उसे हत्या करने के लिए कोई निर्देश दिए थे या नहीं।

मामला मैसाचुसेट्स के एक्टन का है, जहां 17 साल के अर्जुन अरविंद पर अपनी 45 वर्षीय मां सुधा वेंकटेशन और 14 वर्षीय भाई सिद्धार्थ अरविंद की हत्या का आरोप लगाया गया है। दोनों मंगलवार को परिवार के मार्था लेन स्थित घर में मृत पाए गए। Middlesex County District Attorney's Office के अनुसार, जांच में आरोपी की ऑनलाइन एक्टिविटीज पर भी ध्यान दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि वह हाल के समय में इंटरनेट और ChatGPT का इस्तेमाल परिवार की हत्या से जुड़े ‘theoretical ideas or fantasies’ तलाशने के लिए कर रहा था।

ChatGPT टूल के साथ की कल्पना

रिपोर्ट के मुताबिक, किशोर ChatGPT का इस्तेमाल हिंसक परिस्थितियों की कल्पना करने, पात्र बनाने और Gothic शैली की काल्पनिक कहानियां तैयार करने के लिए भी करता था। हालांकि, जांच में सामने आई AI एक्टिविटीज और हुईं हत्याओं के बीच सीधा संबंध अदालत में अभी साबित होना बाकी है।

मामले में सबसे महत्वपूर्ण सवाल यही है कि AI चैटबॉट ने आरोपी की बातचीत में किस तरह प्रतिक्रिया दी। उपलब्ध जानकारी से यह साबित नहीं होता कि ChatGPT ने उसे हत्या करने की प्रक्रिया या किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने के लिए निर्देश दिए।

दरअसल, ChatGPT को ऐसे अनुरोधों को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों के साथ डिजाइन किया गया है, जिनमें किसी व्यक्ति को नुकसान पहुंचाने, हिंसा करने या अपराध की योजना बनाने में मदद मांगी जाती है। इसलिए इस मामले में केवल यह तथ्य कि आरोपी ने ChatGPT का इस्तेमाल किया, अपने आप में यह साबित नहीं करता कि AI ने उसे अपराध के लिए प्रेरित किया।

ट्यूटर के पहुंचने के बाद सामने आया मामला

मामला तब सामने आया जब एक ट्यूटर शाम करीब 6:37 बजे परिवार के घर पहुंची। किसी से संपर्क नहीं होने पर उसने अर्जुन के पिता से संपर्क किया। पिता भी परिवार के सदस्यों से संपर्क नहीं कर पा रहे थे, जिसके बाद पुलिस को घर भेजा गया।

पुलिस को घर के अलग-अलग हिस्सों में मां और बेटे के शव मिले। जांच में पता चला कि अर्जुन घर पर नहीं था और कथित तौर पर अपनी मां की Honda Accord लेकर वहां से निकल गया था। बाद में पुलिस ने उसे मैसाचुसेट्स के Wayland में एक पार्किंग स्थल के पास कार के अंदर से हिरासत में लिया।

फिलहाल 17 वर्षीय आरोपी पर हत्या के आरोप हैं और मामले की कानूनी प्रक्रिया जारी है। आरोपों को अदालत में साबित किया जाना बाकी है।