ChatGPT वाली कंपनी ने लॉन्च किया पहला गैजेट, नाम है Codex Micro, कैसे करता है काम

Published on 16 जुल॰ 2026

Image

डेवलपर्स के लिए बना खास AI कंट्रोलर/photo-openai

OpenAI ने अपने AI कोडिंग असिस्टेंट Codex का इस्तेमाल करने वाले डेवलपर्स के लिए नया हार्डवेयर Codex Micro लॉन्च कर दिया है। यह कंपनी का पहला गैजेट है। यह एक प्रोग्रामेबल कंट्रोलर (कीपैड) है, जिसे कीबोर्ड निर्माता Work Louder के साथ मिलकर तैयार किया गया है। कंपनी का कहना है कि यह डिवाइस AI कोडिंग वर्कफ्लो को तेज और आसान बनाने के लिए डिजाइन किया गया है।

Codex Micro की कीमत

OpenAI ने Codex Micro की कीमत 230 डॉलर (करीब ₹22,000) रखी है। फिलहाल इसे OpenAI और Work Louder की आधिकारिक वेबसाइट से खरीदा जा सकता है।

डेवलपर्स के लिए बना खास AI कंट्रोलर

Codex Micro एक फिजिकल कंट्रोल सेंटर की तरह काम करता है, जिसे खास तौर पर उन डेवलपर्स के लिए तैयार किया गया है जो OpenAI के Codex AI Coding Assistant के साथ काम करते हैं। इसकी मदद से यूजर्स अलग-अलग AI एजेंट्स के बीच तुरंत स्विच कर सकते हैं, नई चैट शुरू कर सकते हैं और कई कमांड्स को एक क्लिक में एक्सेस कर सकते हैं।

जॉयस्टिक और रोटरी डायल जैसी खास सुविधाएं

इस डिवाइस में प्लानर जॉयस्टिक दिया गया है, जिसकी मदद से यूजर अलग-अलग Codex वर्कफ्लो जैसे कोड रिव्यू, डिबगिंग और कोड रिफैक्टरिंग के बीच आसानी से नेविगेट कर सकते हैं। इसके अलावा इसमें रोटरी डायल भी मौजूद है, जिससे AI एजेंट की Reasoning Level (सोचने और विश्लेषण करने की क्षमता) को जरूरत के अनुसार एडजस्ट किया जा सकता है।

ChatGPT Codex के साथ डायरेक्ट इंटीग्रेशन

OpenAI का दावा है कि Codex Micro दुनिया का पहला AI कंट्रोलर है, जो सीधे Codex के साथ इंटीग्रेटेड है। यह ChatGPT Codex और Work Louder Input को सपोर्ट करता है। यूजर्स बिना किसी अतिरिक्त सॉफ्टवेयर को डाउनलोड किए कमांड्स को रीमैप, लेआउट बदलने और अन्य सेटिंग्स को कस्टमाइज कर सकते हैं।

मैकेनिकल स्विच और RGB लाइटिंग

Codex Micro में 13 मैकेनिकल स्विच, टच सेंसर, रोटरी एन्कोडर और प्लानर जॉयस्टिक दिया गया है। इसकी बॉडी पॉलीकार्बोनेट (PC) और एल्यूमीनियम से बनी है, जबकि नीचे की तरफ सैंडब्लास्टेड एनोडाइज्ड एल्यूमीनियम फिनिश दी गई है। इसमें RGB लाइटिंग भी है और हर Agent Key Codex से मिलने वाले लाइव स्टेटस के अनुसार अलग-अलग रंग में रोशनी करती है।

छह प्रोग्रामेबल लेयर और कस्टम कीकैप्स

Codex Micro के साथ 32 कस्टम आइकन कीकैप्स और 11 सॉलिड कलर कीकैप्स दिए गए हैं। इसमें 6 प्रोग्रामेबल लेयर्स का सपोर्ट मिलता है, जिससे डेवलपर्स अपने अलग-अलग AI वर्कफ्लो के लिए अलग लेआउट तैयार कर सकते हैं। यह AI कंट्रोलर Bluetooth और USB Type-C दोनों कनेक्टिविटी विकल्पों के साथ आता है। Codex Micro Windows और Mac दोनों प्लेटफॉर्म के साथ काम करता है।

Pradeep Pandey

प्रदीप पाण्डेयauthor

प्रदीप पाण्डेय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में टेक और ऑटो बीट पर कंटेंट तैयार करते हैं। डिजिटल मीडिया में 10 वर्षों के अनुभव के साथ प्रदीप तकनीक की दुनिया को समझने और उसे आम पाठकों तक सरल व उपयोगी रूप में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। प्रदीप अब तक 11,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं। वह गैजेट रिव्यू, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, टेक टिप्स और नवीनतम टेक इनोवेशन पर लगातार काम करते हैं। एआई टूल्स पर एक्सपेरिमेंट करना, नए ऐप्स टेस्ट करना और टेक से जुड़े प्रैक्टिकल सॉल्यूशंस खोजने में उनकी खास रुचि है।

और पढ़ें

  • Hindi News
  • Tech-Gadgets

End of Article