Classic 350: रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 को मिला बड़ा अपडेट, जानें कौन-से नए फीचर्स मिलेंगे - Haribhoomi

Published on 16 जुल॰ 2026

Classic 350: रॉयल एनफील्ड ने अपनी क्लासिक 350 मोटरसाइकिल के अपडेट्स में अब असिस्ट एंड स्लिपर क्लच और USB Type-C चार्जिंग पोर्ट जैसे दो नए फीचर्स शामिल किए गए हैं।

Royal Enfield Bikes

रॉयल एनफील्ड क्लासिक 350 को मिला बड़ा अपडेट

  • Published: 16 Jul 2026, 09:41 PM IST
  • Last Updated: 16 Jul 2026, 09:41 PM IST

Classic 350: रॉयल एनफील्ड ने अपनी लोकप्रिय क्लासिक 350 को 2026 मॉडल ईयर के लिए नए अपडेट्स के साथ पेश किया है। कंपनी ने इस मोटरसाइकिल में अब असिस्ट एंड स्लिपर क्लच और तेज चार्जिंग सपोर्ट वाला USB Type-C पोर्ट शामिल किया है। ये दोनों फीचर्स केवल डुअल-चैनल ABS वेरिएंट्स में उपलब्ध होंगे, जिनकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 1.95 लाख रुपये रखी गई है।

Classic 350 में क्या बदला?
इन नए अपडेट्स के साथ Classic 350 अब Royal Enfield की 350cc रेंज की चौथी बाइक बन गई है, जिसमें असिस्ट एंड स्लिपर क्लच मिलता है। इससे पहले Meteor 350, Hunter 350 और Goan Classic 350 में भी यह फीचर जोड़ा जा चुका है। अब कंपनी की 350cc लाइनअप में केवल Bullet 350 ही ऐसी बाइक बची है, जिसमें अभी तक यह तकनीक नहीं दी गई है।

नए फीचर्स से क्या होगा फायदा?
असिस्ट एंड स्लिपर क्लच की मदद से क्लच लीवर को दबाने में कम ताकत लगती है, जिससे शहर के भारी ट्रैफिक में बाइक चलाना ज्यादा आरामदायक हो जाता है। इसके अलावा, तेज रफ्तार में अचानक गियर डाउनशिफ्ट करने पर यह सिस्टम पीछे के पहिए को लॉक या उछलने से बचाता है, जिससे बाइक की स्थिरता और कंट्रोल बेहतर रहता है।

वहीं, Classic 350 में पहले भी USB चार्जिंग पोर्ट दिया जाता था, लेकिन अब इसकी जगह आधुनिक और तेज चार्जिंग वाला USB Type-C पोर्ट उपलब्ध कराया गया है।

इंजन में कोई बदलाव नहीं
मैकेनिकल तौर पर बाइक पहले जैसी ही है। इसमें वही 349cc का J-Series सिंगल-सिलेंडर इंजन मिलता है, जो 20.2hp की अधिकतम पावर और 27Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है। इंजन के साथ-साथ चेसिस, सस्पेंशन और अन्य हार्डवेयर में भी कोई बदलाव नहीं किया गया है।

कलर ऑप्शन हुए कम
Royal Enfield ने Classic 350 के Halcyon Black और Jodhpur Blue कलर विकल्पों को बंद कर दिया है। इसके बाद अब यह मोटरसाइकिल कुल 7 रंगों में उपलब्ध होगी। इसकी एक्स-शोरूम कीमत रेडडिच रेड सिंगल-चैनल ABS वेरिएंट के लिए 1.87 लाख रुपये से शुरू होती है, जबकि टॉप-स्पेक Emerald Green डुअल-चैनल ABS वेरिएंट की कीमत 2.24 लाख रुपये तक जाती है।

(मंजू कुमारी)