सम्मेलन में CM ने पूछा- पंचायत में क्या काम किए?: आवां सरपंच ने बताए विकास कार्य; बोले- गांव की लाइब्रेरी में पढ़कर स्टूडेंट्स बने RAS अफसर - Tonk News

Published on 2 अक्टू॰ 2026

टोंक जिला परिषद सभागार में वीडियो कॉन्फेस के जरिए आवां सरपंच मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से संवाद करते हुए । इस दौरान कलेक्टर टीना डाबी समेत अन्य अधिकारी, व्यवस्थापक मौजूद रहे।

गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को टोंक जिला परिषद सभागार में आयोजित पंचायती राज जनप्रतिनिधि सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आवां ग्राम पंचायत के सरपंच दिव्यांश एम. भारद्वाज से संवाद किया

.

राजस्थान के बेस्ट सरपंच अवॉर्ड से सम्मानित हो चुके भारद्वाज का अजमेर संभाग से इस संवाद के लिए चयन किया गया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सरपंच भारद्वाज से पंचायत क्षेत्र में जनहित में किए गए विकास कार्यों और उनके प्रभाव के बारे में जानकारी ली।

इस पर भारद्वाज ने बताया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए गए हैं। स्टूडेंट्स के लिए संचालित एसी लाइब्रेरी बनवाई गई हैं। उन्होंने बताया कि इन लाइब्रेरियों में अध्ययन करने वाले दो स्टूडेंट्स RAS परीक्षा में सफल होकर अधिकारी बने हैं। वर्तमान में भी गांव के स्टूडेंट्स इन लाइब्रेरियों में निशुल्क अध्ययन कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

भारद्वाज ने पंचायत क्षेत्र में बनाए गए विभिन्न सामुदायिक भवनों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इन भवनों में ग्रामीण पर्व और त्योहारों के दौरान एकत्रित होते हैं, जिससे आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव मजबूत होता है। उन्होंने मुख्यमंत्री को ‘प्रगति की उड़ान’ पहल के बारे में भी बताया, जिसके तहत गांव के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन के रूप में हवाई यात्रा का अवसर दिया जाता है।

मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम में मौजूद कलेक्टर टीना डाबी, आवां सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज व अन्य।

मुख्यमंत्री के जन संवाद कार्यक्रम में मौजूद कलेक्टर टीना डाबी, आवां सरपंच दिव्यांश एम भारद्वाज व अन्य।

विकास कार्यों की लंबी सूची आवां पंचायत में किए गए प्रमुख कार्यों में हेरिटेज पंचायत भवन, जयपुर शैली के डिवाइडर, राम सागर एवं अखनिया तालाब श्मशान घाटों का विकास, राज कलेश्वर महादेव तीर्थ क्षेत्र का विकास, आधुनिक पंचायत भवन एवं लाइब्रेरी, भीम उद्यान, श्मशान घाट का विस्तार, मुस्लिम समाज के लिए व्यवस्थित कब्रिस्तान, सीसी रोड निर्माण सहित कई कार्य शामिल हैं।

इसके अलावा पंचायत की ओर से हर वर्ष मेधावी छात्र-छात्राओं को ‘प्रगति की उड़ान’ के तहत हवाई यात्रा का अवसर देने तथा बालिका दिवस पर ‘एक दिन की सरपंच’ पहल के माध्यम से गांव की मेधावी छात्रा को एक दिन के लिए सरपंच की जिम्मेदारी सौंपने जैसी पहल भी की जा रही हैं।

‘वन स्टेट वन इलेक्शन’ पर मुख्यमंत्री को दी बधाई संवाद के दौरान सरपंच दिव्यांश एम. भारद्वाज ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को ‘वन स्टेट वन इलेक्शन’ की पहल के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इच्छाशक्ति के चलते राजस्थान देश में इस दिशा में पहल करने वाला पहला राज्य बना है।

मीडिया से बातचीत में भारद्वाज ने कहा कि आवां ग्राम पंचायत के लोगों ने उनके परिवार को लगातार स्नेह और आशीर्वाद दिया है। उन्होंने बताया कि पहले उनके पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया के प्रेस एडवाइजर रहे महेंद्र भारद्वाज, फिर उनकी माता शोभा देवी और अब उन्हें ग्रामीणों ने सरपंच के रूप में सेवा का अवसर दिया है।

उन्होंने कहा कि आगामी समय में भी ग्रामीणों का आशीर्वाद मिला तो गांव के विकास को और गति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में स्वच्छता पर विशेष फोकस रहेगा। नालियों का जीर्णोद्धार, डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और बेहतर करने तथा ग्रामीणों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए ठोस व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

टोंक कलेक्टर टीना डाबी ने कहा कि पंचायती राज जनप्रतिनिधियों के संवाद एवं सम्मेलन कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री ने आवां सरपंच दिव्यांश एम. भारद्वाज से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए संवाद किया और पंचायत में हुए विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह संवाद जनप्रतिनिधियों के लिए उत्साह बढ़ाने वाला और प्रेरणादायक रहा।

कार्यक्रम में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, एडीएम विनोद कुमार मीना, निवाई विधायक रामसहाय वर्मा सहित जिले के अन्य जनप्रतिनिधि एवं सरपंच मौजूद रहे।