
अजय देवगन क्राइम पेट्रोल को करेंगे होस्ट
इंडियन टेलीविजन के सबसे मशहूर और भरोसेमंद क्राइम अवेयरनेस शो ‘क्राइम पेट्रोल’ एक बार फिर नए रंग-रूप और नए अंदाज के साथ वापसी करने जा रहा है. इस बार शो की सबसे खास बात ये है कि बॉलीवुड के सुपरस्टार अजय देवगन दर्शकों को देश को हिला देने वाले संगीन अपराधों से सतर्क करते हुए नजर आएंगे. मेकर्स ने शो का नया प्रोमो शेयर किया है, जिसमें अजय देवगन अपनी गंभीर और दमदार आवाज में दर्शकों को डरने की जगह सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं.
सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन पर आने वाला ‘क्राइम पेट्रोल 2026 क्राइम का नया सीजन’ 31 अगस्त 2026 से हर रात 10:30 बजे ऑन-एयर होगा.
नए प्रोमो में अजय देवगन
सोनी टीवी के नए प्रोमो में अजय देवगन सीधे दर्शकों से संवाद करते दिख रहे हैं. उनका कहना है कि आज के दौर में अपराध के तरीके बदल चुके हैं, लेकिन लोगों को डरने की जगह अधिक सावधानी बरतने की जरूरत है. दर्शकों का हौसला बढ़ाते हुए वे प्रोमो में कहते हैं, “मैं रहूंगा आपके साथ।” शो से जुड़ने पर अजय देवगन का कहना है कि ‘क्राइम पेट्रोल’ जैसे आइकॉनिक शो का हिस्सा बनना एक बड़ी जिम्मेदारी की तरह है. ये शो सालों से लोगों में जागरूकता फैलाने का काम करता आया है ताकि लोग अपने आसपास के माहौल और अपने रिश्तेदारों-दोस्तों को लेकर ज्यादा सतर्क रहें. अजय को उम्मीद है कि वे इस मंच के जरिए दर्शकों को डर के बजाय समझदारी से रास्ता दिखाने में मदद कर पाएंगे.
‘क्राइम पेट्रोल’ का सफर
जब भी ‘क्राइम पेट्रोल’ की बात होती है, तो सबसे पहला चेहरा अभिनेता अनूप सोनी का याद आता है. अनूप सोनी ने सालों तक इस शो को होस्ट किया और उनके बोलने का अंदाज,”सावधान रहें, सतर्क रहें” घर-घर में मशहूर हो गया था. अनूप सोनी की मेजबानी ने इस शो को भारतीय टीवी इतिहास के सबसे सफल क्राइम शोज में से एक बना दिया.
अनूप सोनी के अलावा भी समय-समय पर कई बड़ी हस्तियों ने इस मंच से अपनी पहचान जोड़ी है. शो की शुरुआत में शक्ति आनंद और दिवाकर पुंडीर जैसे एक्टर्स ने इसकी कमान संभाली थी. वहीं, कई मौकों पर क्राइम से जुड़ी बड़ी घटनाओं पर जागरूकता फैलाने के लिए आशुतोष राणा और अन्नू कपूर जैसे सीनियर एक्टर्स भी शो के स्पेशल एपिसोड्स होस्ट करते दिखे हैं. इसके अलावा, अपनी फिल्मों के प्रमोशन के दौरान भी कई बड़े बॉलीवुड सितारे इस शो के जरिए दर्शकों को मैसेज देने आ चुके हैं.
31 अगस्त से होगा नया धमाका
अनूप सोनी के उस मशहूर दौर के बाद अब अजय देवगन का इस शो की कमान संभालना दर्शकों के लिए बेहद नया और रोमांचक अनुभव होगा. अपनी सिंघम वाली इमेज और सख्त पर्सनालिटी के लिए जाने जाने वाले अजय देवगन का इस शो में आना मेकर्स का एक बहुत बड़ा दांव माना जा रहा है. ‘क्राइम पेट्रोल 2026’ का ये नया सीजन 31 अगस्त 2026 से सोनी टीवी और ओटीटी प्लेटफॉर्म सोनी लिव (Sony LIV) पर स्ट्रीम किया जाएगा. अब देखना यह होगा कि बड़े पर्दे पर विलेन के छक्के छुड़ाने वाले अजय देवगन छोटे पर्दे पर होस्ट के रूप में दर्शकों को कितना प्रभावित कर पाते हैं.
ये भी पढ़ें: केबीसी 18 के लिए रैपर बने अमिताभ बच्चन! व्हाइट फर कोर्ट और गोल्ड चेन पहनकर दिखाया स्वैग, देखें वीडियो

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More