Delhi Assembly: बेटियों की पढ़ाई से महिला सशक्तिकरण तक, CM रेखा गुप्ता का बड़ा ऐलान

Published on 10 अग॰ 2026

दिल्ली CM रेखा गुप्ता ने कहा कि हर पात्र महिला को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। महिला सम्मान, विद्या वाहिनी और पारदर्शिता सरकार की प्राथमिकता है।

दिल्ली विधानसभा के मानसून सत्र में मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता ने महिलाओं के कल्याण और सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों पर सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट कीं। उन्होंने कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र महिला तक पहुंचाना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि दिल्ली की कोई भी पात्र महिला सरकारी योजना के लाभ से वंचित नहीं रहेगी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। इनमें उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी और प्रधानमंत्री आवास योजना प्रमुख हैं।

वहीं, दिल्ली सरकार भी महिलाओं और बेटियों के लिए कई योजनाओं पर काम कर रही है। इनमें दिल्ली लक्ष्मी योजना, पिंक कार्ड, अन्नमोल योजना, पात्र महिलाओं को मुफ्त एलपीजी सिलेंडर देने की पहल और विद्या वाहिनी योजना शामिल हैं। मुख्यमंत्री के मुताबिक इन योजनाओं का मकसद महिलाओं को सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

विद्या वाहिनी योजना से बेटियों की पढ़ाई को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विद्या वाहिनी योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसका उद्देश्य छात्राओं को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना है। योजना के तहत छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि स्कूल तक उनकी पहुंच आसान हो सके। उन्होंने कहा कि इस पहल का एक बड़ा लक्ष्य स्कूल छोड़ने वाली छात्राओं की संख्या को कम करना भी है। सरकार चाहती है कि अधिक से अधिक बेटियां अपनी पढ़ाई पूरी करें और आगे चलकर आत्मनिर्भर बनें।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि उनकी सरकार ने सत्ता में आने के बाद जनहित से जुड़े जो वादे किए थे, उन्हें समयबद्ध तरीके से पूरा करने की दिशा में लगातार काम किया है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए हर संकल्प को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।

Delhi Assembly में महिला सम्मान का मुद्दा उठा

मानसून सत्र के दौरान मुख्यमंत्री ने दिल्ली विधानसभा में महिलाओं के सम्मान और गरिमा का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि महिलाओं के खिलाफ किसी भी तरह की अमर्यादित टिप्पणी, अशोभनीय व्यवहार या आपत्तिजनक इशारे स्वीकार नहीं किए जा सकते।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों और विधानसभा की गरिमा के अनुरूप नहीं है। सार्वजनिक जीवन में महिलाओं के सम्मान और उनकी गरिमा की रक्षा करना सभी जनप्रतिनिधियों की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि दिल्ली सरकार महिलाओं के सम्मान और उनके अधिकारों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह गंभीर है। सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को न सिर्फ योजनाओं का लाभ मिले, बल्कि उन्हें सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण भी उपलब्ध हो।

विपक्ष पर जनता के मुद्दों से ध्यान भटकाने का आरोप

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस दौरान विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनता से जुड़े वास्तविक मुद्दों से ध्यान हटाने की कोशिश कर रहा है। मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल का जिक्र करते हुए कहा कि सार्वजनिक धन के कथित दुरुपयोग और विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में हुई गंभीर अनियमितताओं का असर आज भी देखने को मिल रहा है। उनके मुताबिक, इन्हीं वजहों से कई कल्याणकारी योजनाओं के भुगतान प्रभावित हुए हैं।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अब पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम कर रही है। सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना अनावश्यक देरी के समय पर मिले। मुख्यमंत्री ने दोहराया कि महिलाओं और बेटियों के सशक्तिकरण के साथ-साथ पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार की जिम्मेदारी है और इस दिशा में कोई पात्र महिला पीछे नहीं छूटेगी।